कांग्रेस, सपा, शिवसेना (UBT) समेत विपक्षी दलों ने RSS पर साधा निशाना, खड़गे बोले- पेपर लीक पर प्रदर्शन करने वाले छात्र देशद्रोही नहीं

Opposition on RSS Statement: दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक को लेकर हुए छात्र आंदोलन को RSS नेता अतुल लिमये के राष्ट्रविरोधी बताए जाने के बाद विपक्ष ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जो प्रदर्शन कर रहे हैं आप उन्हें एंटी नेशनल बोलते हैं और जिस समय कांग्रेस की सरकार के खिलाफ आपने लोगों को पैसे दे-देकर, बुलाकर, प्रदर्शन करके, एक अच्छी सरकार को गिराने का प्रयास किया, वो कौन सा प्रदर्शन था? ये प्रदर्शन एंटी नेशनल नहीं था, ये सभी विद्यार्थी थे, जो देश के कई गांवों से आए थे। वे पेपर लीक के मुद्दे पर आए थे न कि किसी अन्य विषय को लेकर। आपके पास कई एजेंसियां हैं, इतना सब होते हुए आप विषय को भुलाने के लिए ऐसी बातें कह रहे हैं। ये ठीक नहीं है।
यह भी पढ़ें:- RSS ने CJP प्रोटेस्ट को बताया एंटी-नेशनल, सह सरकार्यवाह अतुल लिमये बोले- भारत विरोधी एजेंडे का हिस्सा था आंदोलन
खड़ने ने कहा कि भगवान राम RSS को सद्बुद्धि दें। ये लोग हमेशा राजनीति करते हैं। आप क्यों दूसरे लोगों को दोष देते हैं। वे बच्चे पेपर लीक के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे थे और आप उन्हें देशद्रोही मान रहे हैं? देशद्रोही तो आप लोग हैं, क्योंकि आप इस लोकतंत्र को कुचल रहे हैं। खड़गे ने आगे कहा कि हम प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री को सदन में आकर अपने विचार रखने के लिए कह रहे हैं। वे क्या चाहते हैं, चंदा-चोरी के मामले में उनकी राय क्या है? विद्यार्थियों को पीटा गया, उनके ऊपर पैलेट गन्स चलाई गई, सब कुछ किया। आखिर ये हुआ क्यों? इसके लिए उन्हें जिम्मेदारी लेते हुए अपना बयान तो देना चाहिए। वे सदन के अंदर आने के लिए भी तैयार नहीं है, ये सदन का तो अपमान है ही, हम जिन लोगों को चुनकर लाए हैं उनका भी अपमान है। लोकतंत्र का अपमान है। लोकतंत्र में बहस होती है। हम लोग कोई बहस छेड़ते हैं तो आपका दायित्व है कि उस पर जवाब दें। अगर मेरा तर्क सही नहीं है तो आप उसे नकार दें या उसे गलत बताएं, लेकिन वे अंदर कदम ही नहीं रखते। या तो वे सदन से डर रहे हैं, सांसदों से डर रहे हैं या फिर वे सदन को कुछ नहीं समझते।
ये लोग उत्तर देने के लिए तैयार नहीं: खड़गे
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री रात के 12 बजे उठकर इंस्टाग्राम पर आकर अपनी बातें रखते हैं तो वे वही बातें सदन में रख सकते हैं। माफी तो आपको मांगनी चाहिए, क्योंकि आपने पैलेट गन्स चलाई, टीयर गैस चलाई, लाठी चलाई, कील लगाकर लाठियां मारी, आपको छात्रों से माफी मांगनी चाहिए। उसके बजाय आप कह रहे हैं कि जाओ मैंने आपको माफ कर दिया। आप कौन होते हैं उन्हें माफ करने वाले? विषय को भुलाने के लिए आप अगर ऐसा बोलते रहेंगे तो ये ठीक नहीं है। आइए और बात कीजिए, लेकिन वे सदन में नहीं आ रहे हैं, ये सदन का अपमान है, जनता का अपमान है, जिन करोड़ों लोगों ने मतदान किया है वे चाहते हैं कि सदन में सरकार जवाब दे जो भी चल रहा है उस पर, लेकिन ये लोग उत्तर देने के लिए तैयार नहीं है। हम लोग जो प्रदर्शन कर रहे हैं, वो जनता की इच्छा के अनुसार कर रहे हैं। ये बातें हमारे लोकतंत्र के लिए खतरा है और ये लोग लोकतंत्र के अनुसार चलना नहीं चलना चाहते हैं।
RSS के लोग अंग्रेजों की राह पर चलते हैं: पुनिया
कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि जब देश का स्वतंत्रता संग्राम हो रहा था तो इसी तरह से शांतिपूर्वक धरना-प्रदर्शन हो रहा था, इसी तरह से लाठियां बरसीं और उसे भी एंटी नेशनल और अवैध घोषित किया गया था। RSS के लोग अंग्रेजों की राह पर चलते हैं। वे उन्हीं के साथ सांठ-गांठ में रहते थे। देश के युवाओं के प्रदर्शन को ये लोग एंटी नेशनल कह रहे हैं तो ये लोग कहीं न कहीं खुद ही अंग्रेजों की तरह तानाशाह बन चुके हैं। शिवसेना (UBT) सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि उन्हें द्वेष चाहिए। आप ऐसी बातें करते हैं? आप उन बच्चों को देशद्रोही कह रहे हैं? अगर देशद्रोही बच्चे इतनी संख्या में जमा हुए हैं तो खुद प्रधानमंत्री का ही इस्तीफा ले लेना चाहिए। क्या आपने कभी आजादी की लड़ाई लड़ी? कभी वंदे मातरम गाया? कभी तिरंगा लहराया? नहीं तो आप ऐसी बातें क्यों करते हैं? (Opposition on RSS Statement)
बच्चे अब सवाल पूछना सीख चुके हैं: इकरा हसन
शिवसेना (UBT) नेता अंबादास दानवे ने कहा कि इसमें देश विरोधी क्या है? नीट पेपर लीक हो रहे हैं, 23 लाख बच्चों के भविष्य का सवाल है, देश में हर जगह प्रदर्शन चल रहा है, क्या ये देश-विरोधी है? राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी क्या देश विरोधी नहीं है? देश विरोधी तो ये लोग हैं। सपा सांसद इकरा हसन ने कहा कि RSS फिर तो साफ-साफ कह रही है कि देश का हर Gen-Z एंटी नेशनल है। राष्ट्रवादी होने का अधिकार सिर्फ RSS को है या भाजपा का है। इनसे कोई प्रमाण पत्र नहीं चाहता है। इनसे किसी को प्रमाण पत्र नहीं चाहिए, जिन्होंने अपने कार्यालय में झंडा फहराने के लिए इतना समय लगाया। इनका तो अपना ही एजेंडा है। वे भारत के बच्चे थे भारत के नागरिक थे। ये देश सभी का है। बच्चे अब सवाल पूछना सीख चुके हैं। सरकार को सचेत हो जाना चाहिए। (Opposition on RSS Statement)
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, RSS के सह सरकार्यवाह अतुल लिमये ने महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में ABVP के एक कार्यक्रम में जंतर-मंतर पर हुए CJP के नेतृत्व वाले छात्र आंदोलन को संविधान विरोधी और राष्ट्रविरोधी बताया था। उन्होंने कहा था कि इस आंदोलन की पूरी केस स्टडी होनी चाहिए, ताकि इसके पीछे की कार्यप्रणाली, समर्थन तंत्र और वैचारिक आधार को समझा जा सके। इसी बयान के बाद विपक्ष ने RSS और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। नीट पेपर लीक के मुद्दे से शुरू हुआ छात्र आंदोलन अब सियासी संग्राम का केंद्र बन गया है। RSS के बयान के बाद विपक्ष ने इसे छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया है तो वहीं संघ अपने रुख पर कायम है। सवाल अब यही है कि क्या छात्रों के प्रदर्शन को राजनीतिक चश्मे से देखा जा रहा है या फिर इसके पीछे कोई बड़ी रणनीति थी? फिलहाल इस मुद्दे पर बयानबाजी का दौर जारी है।



