Google Analytics —— Meta Pixel

खेल-खेल में फंसा गमछा, 10 वर्षीय मासूम बच्ची की दम घुटने से दर्दनाक मौत, परिजनों में पसरा मातम

कोरबा। बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत सतनाम नगर में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ अपने छोटे भाई के साथ खेल रही 10 वर्षीय मासूम बच्ची के गले में गमछा कस जाने से दम घुटने के कारण असमय मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

छोटे भाई को हंसाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मृतक छात्रा रोमा राज (कक्षा तीसरी) मूल रूप से गढ़ उपरोड़ा की निवासी थी और हाल ही में उसका परिवार बालको के सतनाम नगर में रह रहा था। घटना के समय रोमा घर पर अपने छोटे भाई के साथ खेल रही थी। परिजनों ने बताया कि वह अक्सर अपने छोटे भाई को हंसाने के लिए गमछे से मजाक किया करती थी। इसी दौरान उसने गमछे का फंदा बनाकर उसमें सिर डालने का प्रयास किया, लेकिन अचानक गमछा गले में कस गया और उसका दम घुटने लगा।

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

जैसे ही परिजनों की नज़र बच्ची पर पड़ी, उन्होंने तुरंत उसे छुड़ाया और गंभीर स्थिति में आनन-फानन में अस्पताल ले गए। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़े :- पूर्व CM स्टालिन के बेटे उदयनिधि को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Back to top button
error: Content is protected !!