Google Analytics —— Meta Pixel

उपचुनाव नतीजों पर सियासी संग्राम तेज, कांग्रेस ने कहा- BJP से ऊब चुकी है जनता, ये बदलाव की शुरुआत

Congress on Election Result: बिहार, मध्यप्रदेश और गुजरात के उपचुनाव नतीजों के बाद सियासत गरमा गई है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा से लेकर अधीर रंजन चौधरी, पवन खेड़ा और प्रमोद तिवारी तक ने चुनाव परिणामों को बीजेपी के खिलाफ जनादेश बताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और ये सिर्फ शुरुआत है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि साफ दिख रहा है कि लोग भाजपा से थक चुके हैं, ऊब चुके हैं, समझ रहे हैं कि क्या हो रहा क्या नहीं हो रहा है, ये शुरूआत है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि ये बहुत बड़ी चुनौती है, ये सिर्फ बांकीपुर में नहीं रुकेगा, बांकीपुर के साथ-साथ पूरे देश में झलक दिखती है कि ये एक के बाद एक होगा। मध्यप्रदेश में कांग्रेस की जीत हुई। गुजरात में भाजपा का वोट शेयर कम हुआ। बांकीपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के विधानसभा सीट पर इस बहुमत से जीत दर्शाती है कि भाजपा का हाल धीरे-धीरे बेहाल होता जा रहा है।

यह भी पढे़ं:- खेल-खेल में फंसा गमछा, 10 वर्षीय मासूम बच्ची की दम घुटने से दर्दनाक मौत, परिजनों में पसरा मातम

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि जो चुनाव परिणाम आए, वो बिहार और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ हैं। पूरी ताकत लगा दी गई, सरकारी तंत्र लगा दिया गया, लेकिन उसके बावजूद भी भाजपा वहां निर्णायक ढंग से हारी है। मैं इतना ही कह सकता हूं कि ये भाजपा के साम्राज्य के अंत की शुरूआत है। इसका प्रभाव उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के चुनाव पर भी पड़ेगा। जनता ने निर्णायक ढंग से युवाओं पर लाठीचार्ज और पैलेट फायरिंग को लेकर जवाब दिया है और इसके साथ-साथ ये भी बता दिया है कि अगर आप भगवान का चंदा चोरी करेंगे तो आपको वो सजा मिलेगी जिसके आप हकदार हैं। ओडिशा कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जहां से चुनाव लड़ा करते थे उस विधानसभा में जो उपचुनाव हुए वहां भाजपा हार गई। अभी तक की जो प्रतिक्रिया है, जिस प्रकार से देश में Gen-Z जागरण हुआ, युवा सड़क पर आए उसका नतीजा है कि अमित शाह और PM मोदी की गलत सोच चूर हो गई। इस सैलाब को रोकने की स्थिति नहीं रही। पूरे देश में जागरूकता का वातावरण पीएम मोदी के सरकार के खिलाफ शुरू हो गया है। (Congress on Election Result)

अच्छे दिन आने वाले हैं, क्योंकि नरेंद्र मोदी जाने वाले हैं: खेड़ा

कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने बांकीपुर और दतिया उपचुनाव के नतीजों पर कहा कि एक चीज आम है कि भाजपा को दोनों जगह मात खानी पड़ी। दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार है। एक सीट ऐसी है, जो भाजपा अध्यक्ष की सीट है। कहते हैं कि वो गढ़ है। मध्यप्रदेश संघ का गढ़ माना जाता है। आज लोगों के मन क्या है मुझे लगता है कि लोगों ने एक अविश्वास मत दिया है। उन्होंने आगे कहा कि देश ने भाजपा को संदेश दे दिया। पहला संदेश भाजपा को दिया कि अब आपके जाने के दिन आ गए, अब अच्छे दिन आने वाले हैं, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जाने वाले हैं। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि लक्ष्य एक है कि देश इनसे मुक्ति चाहता है। अब भाजपा मुक्त भारत होना चाहिए। दतिया उपचुनाव में जीत पर कांग्रेस विधायक घनश्याम सिंह ने कहा कि भाजपा के शासन से लोग नाराज हैं। चाहे केंद्र हो या राज्य हो भ्रष्टाचार बहुत बढ़ गया है। आम जनता की सुनी नहीं जा रही। सिर्फ बड़े व्यापारियों के लिए सरकार काम कर रही है। किसान परेशान है। खाद नहीं मिल रही है। खाद की कीमतें बढ़ गई। पेट्रोल-डीजल महंगा हो गया है। हर चीज महंगी है…युवाओं के साथ बहुत धोखा किया गया है। (Congress on Election Result)

कांग्रेस 2028 के चुनावों की तैयारी कर रही है: सिंघार

कांग्रेस के विजयी उम्मीदवार घनश्याम सिंह की बेटी मांडवी राजे ने कहा कि बहुत अच्छा लग रहा है, जनता ने हमें बहुत प्यार दिया है और उसका नतीजा भी देखने को मिला है। हमारी बहुत मेहनत रही, क्योंकि समय बहुत कम था। 15-20 दिनों में हमें चुनाव लड़ना था। दतिया की जनता की यही पुकार थी। जनता बदलाव चाहती थी और एक अच्छा नेता चाहती थी। मेरे पिता को बहुत पसंद भी किया जा रहा था कि वे दतिया से चुनाव लड़ रहे हैं और उन्होंने ये चुनाव लड़ा। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस 2028 के चुनावों की तैयारी कर रही है और मेरा मानना ​​है कि दतिया में मिली यह जीत उसी की शुरुआत है। मैं खास तौर पर दतिया के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को बधाई देना चाहता हूं, जिन्होंने न तो अपना सिर झुकने दिया और न ही कांग्रेस पार्टी को झुकने दिया। मैं उन्हें सलाम करता हूं। मैं पूरे भरोसे के साथ कह सकता हूं कि यह जनादेश उस सरकार के खिलाफ है, जो युवाओं को नौकरी, किसानों को खाद और 12 घंटे बिजली देने में नाकाम रही। यह दलितों, आदिवासियों, जमीन के विवादों और अत्याचारों से जुड़े मुद्दों को सरकार द्वारा संभालने के तरीके के खिलाफ भी एक फैसला है। अगर आप OBC और पिछड़े वर्गों को आरक्षण देने में नाकाम रहते हैं तो लोग निश्चित रूप से जवाब देंगे। अगर हम कड़ी मेहनत करते रहे तो अगले चुनाव में हम सरकार बना सकते हैं।

भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है: अल्वी

कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि मध्यप्रदेश और बिहार दोनों जगह भाजपा बुरी तरह हारी है। ये राजनीतिक पैरामीटर है। ये भारत की राजनीति का तापमान बता रहा है। भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। अब गांधी परिवार को गोली देने से, हिंदू-मुस्लिम करने से सत्ता नहीं आने वाली है। 12 सालों के अंदर आपने क्या काम किया है, ये जनता के सामने रखना पड़ेगा। मध्यप्रदेश का उपचुनाव सिर्फ एक विधानसभा का नहीं था, बिहार का उपचुनाव सिर्फ एक विधानसभा का नहीं था, ये उपचुनाव पूरे देश का करंट था, जो इस पूरे देश के अंदर बह रहा है। 2027 में जो चुनाव हैं, उसमें देश की जनता उन्हें बाहर का रास्ता दिखाएगी। छत्तीसगढ़ के PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि जंतर-मंतर आंदोलन और जेन जी आंदोलन का ही परिणाम है कि भाजपा को उपचुनाव में करारी हार झेलनी पड़ी। बैज ने कहा जेन जी आंदोलन को कुचलने के लिए सरकार द्वारा किए गए बल प्रयोग के खिलाफ जनता ने मतदान किया। हालात ऐसे बन रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की पारंपरिक सीटों को बचाने में भाजपा विफल साबित हुई है। यह नतीजे सिर्फ एक सीट तक सीमित नहीं है, बल्कि देश और प्रदेश में बदलते जनमत का संकेत दे रहे हैं।

भाजपा को गंभीर चिंतन की आवश्यकता: सिंहदेव

छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी CM और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव ने कहा कि चुनाव नतीजों पर मुझे आश्चर्य हो रहा है। दतिया सीट को लेकर तो मुझे इतना आश्चर्य नहीं है, लेकिन पटना वाली सीट के परिणाम पर मुझे आश्चर्य हो रहा है, जहां से भाजपा के प्रतिनिधि लगातार जीतते रहे। भाजपा को गंभीर आत्मचिंतन करने की आवश्यकता है न कि पप्पू यादव और राहुल गांधी के खिलाफ FIR करने की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वयं जिस सीट को खाली करके आए, वहां पर अगर भाजपा की ये स्थिति है तो मुझे लगता है कि भाजपा को गंभीर चिंतन की आवश्यकता है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को लेकर अब लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। जब अयोध्या में राम मंदिर बन रहा था, तब लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था और दान दिया था। राम मंदिर में हुए चंदा चोरी को लेकर हिंदू धर्म मानने वाले लोगों को काफी ठेस पहुंचा है। भाजपा राम के नाम पर सत्ता पर आई थी, लेकिन उन्हीं के साथ राम के नाम के नाम पर धोखा करके चंदा चोरी किया गया हैं, जिससे भगवान राम नाराज हैं और जिसका अभिशाप भारतीय जनता पार्टी को मिल रहा है। आने वाले समय में विधानसभा चुनाव में भाजपा दूर-दूर तक नजर नहीं आएगी, जिस तरह से मौजूदा समय के हालात चल रहे हैं। (Congress on Election Result)

Back to top button
error: Content is protected !!