Google Analytics —— Meta Pixel

उपचुनाव के नतीजों पर विपक्ष का हमला, RJD, सपा, शिवसेना-UBT,AAP और TMC ने BJP को घेरा

Opposition on By Election: बिहार और मध्यप्रदेश के उपचुनाव नतीजों के बाद विपक्ष ने बीजेपी पर एकजुट होकर हमला बोला है। राजद, समाजवादी पार्टी, शिवसेना (UBT), आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने चुनाव परिणामों को बीजेपी के खिलाफ जनादेश बताते हुए सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर सवाल उठाए। विपक्ष का दावा है कि जनता बदलाव का संकेत दे चुकी है और इसका असर आने वाले चुनावों में भी दिखाई देगा। राजद सांसद मीसा भारती ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर कहा कि कहा जाए तो ये भाजपा के प्रत्याशी की हार है, लेकिन प्रशांत किशोर जीते हैं तो ये भाजपा की ही जीत है। वहां पर प्रत्याशी बदले गए, क्या कारण रहा कि प्रत्याशी बदले गए? जनता को प्रशांत किशोर ने बहुत सारे वादे किए हैं, जो कि असंभव है। किसी भी पार्टी के सांसद हों, विधायक हों, उसके लिए ये सब कर पाना बहुत मुश्किल है। ये जगह भाजपा का गढ़ है, जहां पिछले 35-40 सालों से कोई काम नहीं हुआ है, उसमें वे कह रहे हैं कि बच्चों को पटना के प्राइवेट स्कूल में भर्ती करवा देंगे, सरकारी स्कूलों में जाने की आवश्यकता नहीं है।

यह भी पढ़ें:- उपचुनाव नतीजों पर सियासी संग्राम तेज, कांग्रेस ने कहा- BJP से ऊब चुकी है जनता, ये बदलाव की शुरुआत

RJD सांसद ने आगे कहा कि जनता को सच्चाई पता नहीं है कि प्रशांत किशोर ही भाजपा के असली प्रत्याशी हैं। जनता को ये बात समझने में समय लगेगा। हम लोगों ने कहा कि प्रशांत किशोर भाजपा की B टीम है। भारतीय जनता पार्टी के असली उम्मीदवार वही हैं तो भाजपा की वहां हार कहां हुई है? ये भारतीय जनता पार्टी की अंदरुनी राजनीति है और मैंने कहा था कि जो शीर्ष नेतृत्व है, वो एक तीर चलाकर कई निशाने साध रही है। अभी तक भाजपा के किसी बड़े नेता का इस पर बयान नहीं आया है तो यह कुछ संदेश तो दे रहा है। राजद सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि जिस तरह से भाजपा पिछले दिनों लगातार जन सरोकार के सवालों पर लाठी और गोली की भाषा में बात कर रही थी, चाहें वो भरत तिवारी के एनकाउंटर का सवाल हो या नीट छात्रों पर गोली चलाने का सवाल हो या फिर राम मंदिर में चंदा चोरी का मामला हो।

भाजपा अब देश पर तानाशाही थोपना चाहती है: सुधाकर 

उन्होंने कहा कि इन सभी मामलों में कार्रवाई करने के बजाय भाजपा विपक्ष को धमकाने में लगी हुई थी और आम लोगों के भीतर ये धारणा घर कर गई कि भाजपा अब देश पर तानाशाही थोपना चाहती है। यही नाराजगी भाजपा की हार का सबसे बड़ा कारण बन रहा है। RJD विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि मैं प्रशांत किशोर को बधाई देता हूं। जनता ने उन्हें निर्वाचित करने का काम, उनपर विश्वास करने का काम किया है। एक बात तय है कि पूरे देश में NDA के खिलाफ माहौल है। देश में 3 उपचुनाव हुए और उनमें से 2 विपक्ष ने जीते हैं और एक भाजपा जीती है। जनता ने बड़ा जनादेश दिया है, जहां तक मेरी पार्टी की बात है तो संगठन की कमजोरी की वजह से हम चुनाव हारे हैं। हमें इस पर विचार करने की जरूरत है। हम अपने संगठन को मजबूत करेंगे और समीक्षा करेंगे कि हमें कम वोट क्यों मिले।

उत्तर प्रदेश में अच्छे परिणाम आएंगे: डिंपल

सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि बहुत ही अच्छे नतीजे हैं। ये उपचुनाव था और उत्तर प्रदेश के आम चुनाव होंगे। उसमें अलग परिस्थियां हो सकती है। ऐसा हो सकता है कि इससे भी अच्छी परिस्थितियां हों। पार्टी के तौर पर हम पूरी तैयारी कर रहे हैं। बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों पर कहा कि ये दर्शाता है कि लोगों में कितना आक्रोश है। लोग इस सरकार से पस्त हैं। सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि ये चुनाव देश की जनता के मूड को प्रदर्शित कर रहे हैं, जिस तरह से मनमाने तरीके से सरकार काम कर रही है, जो चाहे कानून ले आएगी। जानती है कि बहुमत के दम पर पास करा लेंगे। जनता के हित का एक कानून नहीं आ रहा है। बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिए कानून बन रहे हैं। जनता सब देख रही है ये सीमा आ गई है और आगे चलकर ये सत्ता से बेदखल हो जाएंगे। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में दो तिहाई बहुमत से जीतेंगे। सपा सांसद राजीव राय ने कहा कि ये सरकार के खिलाफ देश के नौजवानों की आवाज है, जो जंतर-मंतर से आवाज उठी थी और उसे दमन करने का प्रयास किया गया, इस सरकार और RSS ने जिसको देश द्रोही कहा उनकी ये आवाज सरकार के खिलाफ है और जब नौजवान खड़े होते हैं तो सरकारें बदलती हैं।

नौजवानों पर अत्याचार हुआ: धर्मेंद्र यादव

सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि ये शुरुआत है। दतिया और बांकीपुर की जनता ने दिखा दिया कि वो क्या देख रहे हैं और भारतीय जनता पार्टी का लोगों में कितना विरोध है। लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे, जिस तरह बेटियों का अपमान हुआ है। वहीं पटना के नौजवानों ने जब गांधी मैदान में प्रदर्शन किया तो किस तरह से उनके साथ अन्याय और अत्याचार किया। दिल्ली की जंतर-मतर से लेकर पूरे देश के अलग-अलग इलाकों में जिस तरह से नौजवानों पर अत्याचार हुआ, बांकीपुर के लोग देख रहे हैं, वो जागरुक लोग हैं। मैं समझता हूं कि बड़े-बड़े सत्ता परिवर्तन की शुरुआत बांकीपुर और दतिया की जनता ने किया है। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि ये बुरी तरह हारे हैं। इनके राष्ट्रीय अध्यक्ष की सीट जो भाजपा का गढ़ माना जाता था। वहां की हार संकेत है कि इनकी विदाई सुनिश्चित है। इस देश में छात्रों के साथ अन्याय हुआ, जिस तरह इन पर लाठियां बरसाई गई, उससे परेशानियां बढ़ती जा रही है इनके पास कोई समाधान नहीं है। सपा सांसद राजीव राय ने कहा कि जिन नौजवानों को RSS देशद्रोही बता रहा था, ये उन नौजवानों का ट्रेलर है। मैं इस जीत का श्रेय नौजवानों को देता हूं। (Opposition on By Election)

तानाशाही रवैये को जनता ने नकार दिया: दुबे

शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने कहा कि यह जनादेश BJP के खिलाफ है। इसका मतलब है कि लोगों को राम मंदिर में हुई लूट और जंतर-मंतर पर जिस तरह से छात्रों पर हमला हुआ, वह पसंद नहीं आया। शिवसेना (UBT) सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि ये तो सिर्फ झांकी है। अभी पूरी बात बाकी है। शिवसेना (UBT) नेता आनंद दुबे ने कहा कि दतिया और बांकीपुर में भाजपा की करारी हार हुई है। भाजपा के अहंकार को, भाजपा के तानाशाही रवैये को जनता ने नकार दिया है। बांकीपुर का उपचुनाव बहुत महत्वपूर्ण इसलिए भी था, क्योंकि वहीं से पिछले 40 सालों से लगातार भाजपा जीत रही थी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन स्वयं वहां से कई बार विधायक चुनकर आए। इतने बड़े नेता की सीट से अगर पार्टी सरकार में रहते हुए हार जाती है तो आप समझ सकते हैं कि लोगों में नाराजगी कितनी है। शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि मुझे लगता है कि बदलाव की हवा देशभर में घूमेगी। बांकीपुर एक ऐसी सीट है, जहां भाजपा हारती नहीं थी, जिसे लेकर रविशंकर प्रसाद ने भी बया दिया था, लेकिन अब असर दिखाई दे रहा है।

सियासी लड़ाई और तेज होने की उम्मीद

AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि बहुत साफ संकेत है कि बांकीपुर में बांका चल गया है और भाजपा का जो मतदाता वर्ग है उसका बुरी तरह से मोहभंग हो चुका है। ये नतीजा कहीं ना कहीं संकेत देता है कि जैसे एक बार जनमोर्चा के प्रत्याशी के तौर पर वी.पी. सिंह ने प्रयागराज से जीत हासिल की थी। वैसी ही बड़ी जीत है। 35 साल से भाजपा कभी नहीं हारी। जब कांग्रेस पार्टी की 415 सीट थी, उस समय वी. पी. सिंह उपचुनाव जीते थे। उसके बाद पूरे देश में एक संदेश गया था। बांकीपुर का परिणाम संकेत है कि नौजवान का बुरी तरह से मोहभंग हुआ है और Gen-Z ने पहला सबक PM मोदी को बांकीपुर में सिखाया है। TMC सांसद सौगत रॉय ने कहा कि हवा BJP के खिलाफ है। लोग और Gen Z उनसे नाराज हैं। इसलिए उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी। उपचुनाव के नतीजों को लेकर विपक्ष बीजेपी पर लगातार हमलावर है और इन्हें जनता के बदलते मिजाज का संकेत बता रहा है। अब सबकी नजर आने वाले चुनावों पर है, जहां यह सियासी लड़ाई और तेज होने की उम्मीद है। (Opposition on By Election)

Back to top button
error: Content is protected !!