Google Analytics —— Meta Pixel

उपचुनाव नतीजों पर BJP-NDA का विपक्ष पर पलटवार, जनादेश स्वीकार, जीत का भरोसा बरकरार

NDA on Election Result: बिहार और मध्यप्रदेश के उपचुनाव नतीजों पर बीजेपी और एनडीए के नेताओं ने जनादेश को स्वीकार करते हुए आत्ममंथन की बात कही है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से लेकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, कैलाश विजयवर्गीय, डिप्टी CM अरुण साव और सहयोगी दलों के नेताओं ने कहा कि उपचुनाव के नतीजों को लोकसभा या विधानसभा चुनाव का ट्रेंड नहीं माना जा सकता। साथ ही दावा किया कि आने वाले चुनावों में बीजेपी-एनडीए पहले से ज्यादा मजबूती के साथ मैदान में उतरेगा। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि हम परिणाम को स्वीकार करते हैं, लेकिन इससे किसी को बहुत खुश होने की जरूरत नहीं है। 2009 में NDA नीतीश कुमार के नेतृत्व में 17 सीटों पर उपचुनाव लड़ी थी, 12 सीट हार गए थे और 2010 में 89% स्ट्राइक रेट से बिहार जीती थी, इसलिए लोग बहुत खुश ना हों।

यह भी पढ़ें:- उपचुनाव के नतीजों पर विपक्ष का हमला, RJD, सपा, शिवसेना-UBT,AAP और TMC ने BJP को घेरा

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह की जीत पर कहा कि कांग्रेस की सीट कांग्रेस के पास है, ये बात अलग है कि पिछले विधानसभा चुनाव से भी हमने 1700 वोट ज्यादा पाए हैं। लोकसभा के बाद, विधानसभा के उपचुनाव में न सिर्फ बुधनी की भाजपा की सीट हमने अपने पास रखी, बल्कि अमरवाड़ा की कांग्रेस की सीट भी हमने जीती थी। लोकतंत्र में चुनाव इसी बात के लिए हैं। हमने अपनी बात रखी, कांग्रेस ने अपनी बात रखी, जनता ने जो निर्णय दिया उसे हम स्वीकार करते हैं और उम्मीद करते हैं कि आने वाले समय में हम और ज्यादा ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगे। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि उपचुनाव का कोई बहुत ज्यादा महत्व होता नहीं है। फिर भी हार-हार होती है और जीत-जीत होती है। हमारे प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि हम इन परिणामों पर चिंतन करेंगे। (NDA on Election Result)

कांग्रेस के नेता जब चुनाव हारते हैं तो बहानेबाजी करते हैं: साव

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों पर कहा कि मैं नितिन नबीन के चुनाव लड़ने के समय में वहां गया था, वो नितिन नबीन की पर्सनल सीट थी, उनके व्यवहार की सीट थी। नितिन नबीन वहां नहीं लड़े तो वहां पर थोड़ा परिणाम गड़बड़ा गया। मुझे लगता है कि व्यक्ति आधारित सीटों में इस प्रकार की घटनाएं हो जाती हैं। छत्तीसगढ़ के डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि ये कांग्रेस के नेता जब चुनाव हारते हैं तो बहानेबाजी करते हैं। हम बहानेबाजी नहीं करते हैं। जनादेश जो आया है, उसे स्वीकार करते हुए हम समीक्षा करेंगे कि ऐसा परिणाम क्यों आया, जो जनादेश है वो हमें स्वीकार है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि थोड़ा अचंभित करने वाला परिणाम है। हार-जीत लोकतंत्र में बड़ी चीज नहीं है। कभी हार कभी जीत होती है। वहां की जनता का जो निर्णय हुआ वो हमारे सर आंखों पर है। समीक्षा की जरुरत है कि क्यों ऐसी स्थिति हुई, इस बात की समीक्षा की जरूरत है। JD(U) विधायक अनंत कुमार सिंह ने कहा कि चुनाव में कोई भी नेता न जीतता है, न हारता है। जनता जिसको जिताती है, वो जीतता है।

एक सीट से सरकार बनती या बिगड़ती नहीं: प्रदीप कुमार

भाजपा सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि ये तो समीक्षा की बात होगी कि इसकी वजह क्या रही। कई बार उपचुनाव में और आम चुनाव में अंतर होता है। एक सीट से सरकार बनती या बिगड़ती नहीं है। ये समीक्षा का विषय है, लेकिन मैं ये कहना चाहता हूं कि जो लोग EVM पर सवाल उठाते हैं, आज ये बात साबित हो गई कि EVM ठीक है। हम लोग लोकतंत्र में जनादेश का स्वागत करते हैं। विपक्ष भी इस बात को स्वीकार करे, जो हमेशा EVM पर ठिकड़ा फोड़ता है। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि बांकीपुर में लगातार हमने विकास किया है। आगे भी बांकीपुर हमारी प्राथमिकता में रहेगा।

जीतने वाले प्रत्याशी को बधाई: सरावगी 

उन्होंने कहा कि बांकीपुर के लोग हमारे हैं। किस कारण से हमें कम मत मिला इसकी समीक्षा हम करेंगे। जीतने वाले प्रत्याशी को बधाई। बिहार सरकार में मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि जनता ने जो जनमत दिया है, हम उसका आदर करते हैं। राष्ट्रीय जनता दल के अति पिछड़े वर्ग के कार्यकर्ताओं को ये सोचना चाहिए कि तेजस्वी पार्टी ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारकर रातों-रात प्रशांत किशोर से हाथ मिला लिया। बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि ये लोकतंत्र की भूमि है और जनता के जनादेश को भाजपा ने हमेशा से अपनाया है। हम कभी भी विपक्ष के लोगों की तरह ठीकड़ा चुनाव आयोग या EVM पर नहीं फोड़ते हैं। लोकतंत्र में हम संवैधानिक संस्था का सम्मान करते हैं। पार्टी गहन समीक्षा करेगी। ये बिहार की यही धरती है, जहां अभी 6 महीने पहले 202 सीटें हमने जीती थीं।

2027 में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने जा रही: मौर्य

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओ.पी. राजभर ने कहा कि चुनाव एक या दो सीटों पर नहीं देखा जाता है। सरकार तो वहां पर है। सरकार मध्यप्रदेश में भी है, बिहार में भी सरकार है। उत्तरप्रदेश के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2027 में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार बनने जा रही है। प्रदेश की जनता सपा को आने नहीं देना चाहती है और भाजपा को जाने नहीं देना चाहती है, जो सुशासन और विकास हो रहा है, ये उत्तर प्रदेश की जनता महसूस कर रही है। बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि विपक्ष हताशा में है निराशा में है, मुद्दा विहीन है। जब भी चुनाव होते हैं तो लोग उनका साथ नहीं देते हैं। वे मुद्दा ढूंढ रहे हैं। इसलिए मासूम बच्चों को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। विपक्ष के जितने लोग हैं उनका एक ही काम है , आंदोलन कराना लेकिन उसमें दम नहीं है। पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि अभिनंदन है, बहुत दिनों से प्रयास कर रहे थे। आम चुनाव में खड़े नहीं हुए। कम से कम बिहार की जनता ने उन्हें सदन में जाने की अनुमति दी है। उनसे लोगों की उम्मीद है। सरकार जो चल रही है उसके लिए लोग हैं, वे विपक्ष की भूमिका में हैं विपक्ष की भूमिका निभाएं।

विपक्ष के मुंह पर राजनीतिक तमाचा: मलूक नागर

शिवसेना नेत्री शाइना एनसी ने कहा कि उपचुनाव से अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है, हार होती है और जीत होती है, लेकिन लोगों ने असल में तो NDA की ही सरकार बिहार में चुनी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास को देखा है। प्रशांत किशोर के एक सीट जीतने से इतना परिवर्तन नहीं होगा। RLD सांसद मलूक नागर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों पर कहा कि जनता-जनार्दन का निर्णय है, अंतिम निर्णय है, जो जनता कहे वो सबको स्वीकार होना चाहिए। प्रशांत किशोर को मुबारकबाद, लेकिन एक बात पक्की है कि जो तथाकथित INDIA गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस और उसकी साथी पार्टियों का आरोप रहता है कि चुनाव जैसी चीजों को मैनेज किया जाता है तो आज के परिवेश में अगर प्रशांत किशोर जीत गए हैं तो जो लोग EVM, SIR या चुनाव आयोग को बदनाम करने का प्रयास करते हैं, ये उनके मुंह पर ये राजनीतिक तमाचा है। (NDA on Election Result)

Back to top button
error: Content is protected !!