बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की पारंपरिक सीट पर जीते प्रशांत किशोर का बड़ा राजनीतिक संदेश, बोले- बिहार को चाहिए बेहतर नेतृत्व

Prashant Kishor on BJP: बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की पारंपरिक सीट पर 64,151 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। जीत के बाद उन्होंने इसे सिर्फ विधायक का चुनाव नहीं, बल्कि बिहार के नेतृत्व और बीजेपी-एनडीए सरकार के लिए जनता का स्पष्ट संदेश बताया। प्रशांत किशोर ने कहा कि राज्य को बेहतर नेतृत्व, शिक्षा, रोजगार और विकास की जरूरत है और जनता ने बदलाव की दिशा में अपना मत दे दिया है। उन्होंने कहा कि मैं बांकीपुर की जीत को इस तरह से देखता हूं कि बिहार की जनता ने भाजपा और NDA के नेतृत्व को यह संदेश देने की कोशिश की है कि बिहार में आप एक बेहतर व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाइए और जिन वादों के साथ आप सरकार में आए हैं, उन वादों पर ध्यान दीजिए। अपराध-अपराधी, एनकाउंटर-हाफ एनकाउंटर, जाति-गमछा देखकर गोली मारने की जिस भाषा का इस्तेमाल हो रहा है, उस पर रोक लगनी चाहिए और बिहार में शिक्षा, रोजगार और पलायन पर बात होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें:- उपचुनाव नतीजों पर BJP-NDA का विपक्ष पर पलटवार, जनादेश स्वीकार, जीत का भरोसा बरकरार
बता दें कि कल बांकीपुर विधानसभा सीट से जीत के बाद जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने पटना में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जो लोग चुनाव हार गए हैं उनको भी अपनी ओर से बधाई दे रहे हैं। लोकतंत्र है चुनाव में हार जीत लगी रहती है, लेकिन बांकीपुर का चुनाव विधायक बनाने का चुनाव नहीं था। ये चुनाव भाजपा-NDA सरकार और उसके नेतृत्व पर निर्णय लेने के लिए था। बांकीपुर की जनता ने मत दिया है कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को विचार करना चाहिए और बिहार के हित में बिहार में एक अच्छे व्यक्ति को बिहार की सौपनी चाहिए। इस बार बांकीपुर की जनता ने हमें जिताया है और इसलिए जिताया है कि उनकी उम्मीद है कि हम अपनी क्षमता के अनुसार उनके हक की आवाज उठाएंगे। उनसे साथ कुछ गलत ना हो वो हर संभव प्रयास करेंगे। (Prashant Kishor on BJP)

उन्होंने आगे कहा कि बांकीपुर का जो चुनाव हुआ है वो सिर्फ बांकीपुर के विधायक को चुनने के लिए नहीं हुआ है। पहले ही दिन से हमारा ये लक्ष्य रहा है कि भाजपा को बहुमत मिलने के बाद एक अच्छा व्यक्ति बिहार का नेतृत्व करे, ताकि बिहार का विकास हो तो यहां न सिर्फ एक विधायक चुना गया है, बल्कि बांकीपुर की जनता ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को ये संदेश दिया है कि आप सम्राट चौधरी की जगह किसी बेहतर व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाएं, जितनी चिंता आप गुजरात की करते हैं, उतनी ना सही तो कम से कम उसकी आधी चिंता भी बिहार की करें। गुजरात से 25 सांसद जाते हैं, लेकिन बिहार से 40 सांसद जीतकर जाते हैं। हमारा भी विकास हो, ताकि हमारे बच्चों को ट्रेनों और बसों में जानवरों की तरह मजदूरी करने दूसरे राज्यों में ना जाना पड़े। मेरा ये अंदाजा है कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व वो इस मतदान के नतीजों को गंभीरता से लेगा और बिहार में किसी सक्षम व्यक्ति को बिहार का मुख्यमंत्री बनाएगा।

विधायक प्रशांत किशोर ने कहा कि मेरी सम्राट चौधरी से कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। दरअसल बात यह है कि क्या बिहार के 13 करोड़ लोगों का जीवन सुधारने के लिए किसी काबिल व्यक्ति को हमारा नेतृत्व नहीं करना चाहिए? या किसी ऐसे व्यक्ति को नेतृत्व करना चाहिए, जिसके चाल-चरित्र और चेहरे पर प्रश्न चिन्ह है? बात व्यक्ति की भी नहीं है, बल्कि बात यह है कि जिस भाजपा को हम वोट देते हैं, क्या उनकी जिम्मेदारी सिर्फ गुजरात के प्रति है? गुजरात में 1 लाख करोड़ की बुलेट ट्रेन बनें, लेकिन बिहार के लोगों के बारे में भी कुछ सोचा जाए। सम्राट चौधरी के नेतृत्व को बिहार की जनता स्वीकार नहीं करती है, ये बात स्पष्ट है। किला किसी का नहीं होता है। 30 साल का किला ढहने में 30 दिन भी नहीं लगा और इसकी बड़ी वजह ये है कि भाजपा ने चुनाव जीतने के बाद यहां पर एक अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति को, एक गलत चाल-चरित्र वाले व्यक्ति को बिहार का नेतृत्व दिया है। ये लोगों को स्वीकार्य नहीं है। (Prashant Kishor on BJP)

प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर की जनता की जीत है। ये भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को संदेश देने का चुनाव है कि किसी अच्छे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाएं। जनता ने आपके 202 विधायक जिताए हैं किसी अपराधी, किसी गलत चाल-चरित्र चेहरे वाले व्यक्ति को बिहार का नेतृत्व मत दीजिए। अच्छे आदमी को बनाएं, ताकि बिहार में भी शिक्षा, रोजगार हो। बिहार के बच्चों को बाहर मजदूरी करने ना जाना पड़े। ये संदेश बांकीपुर के लोगों ने दिया है, जिन्होंने वोट दिया है उनका धन्यवाद, जिन्होंने वोट नहीं दिया है उनको यही कहेंगे कि आपका विश्वास जीतने के लिए और मेहनत और प्रयास करेंगे। बिहार को अच्छा नेतृत्व मिलना चाहिए। बिहार सुधरना चाहिए। जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर की पत्नी डॉ. जाह्नवी दास ने कहा कि हम सब बहुत खुश हैं। यह बहुत मुश्किल सीट थी, जिसकी वजह से यह जीत इसे और भी खास बनाती है और हमें और भी ज्यादा खुशी देती है। मैं बांकीपुर और बिहार के लोगों को यह शानदार जीत दिलाने के लिए दिल से धन्यवाद देती हूं। मैं हमेशा उन सभी की शुक्रगुजार रहूंगी। मैं बांकीपुर के लोगों को दिल से धन्यवाद देती हूं। उन्होंने इस जीत के लिए बहुत मेहनत की।



