कांकेर में भालू का खूनी हमला, भाई-बहन समेत 3 की मौत, विधायक और लोगों ने की भालू को मारने की मांग

Bear Attack in Kanker: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भालू ने तीन लोगों की जान ले ली, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सबसे दर्दनाक घटना नरहरपुर वन परिक्षेत्र के लारगांव मरकाटोला गांव में हुई, जहां खेत में काम कर रहे भाई-बहन पर भालू ने हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों की मौत के बाद भी भालू उनके शवों को नोचता रहा। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। इसी दिन नरहरपुर वन परिक्षेत्र के गवरसिल्ली गांव में भी भालू ने एक महिला पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान हलाल जुर्री (45), खोरीन बाई (40) और चमरीन जुर्री के रूप में हुई है। सभी खेत में काम कर रहे थे, तभी भालू ने उन पर हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ : नवजात का पहला सुरक्षा कवच- स्तनपान और इसका सामाजिक महत्व
हमले में तीन अन्य ग्रामीण भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। घटना के बाद भी भालू गांव और जंगल के आसपास ही मंडराता रहा। मृतकों के शव काफी देर तक घटनास्थल पर पड़े रहे, क्योंकि भालू के मौजूद रहने के कारण ग्रामीण और वन विभाग की टीम भी तत्काल वहां नहीं पहुंच सकी। इससे पूरे गांव में भय का माहौल बन गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने रायपुर से विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम बुलाई। काफी मशक्कत के बाद भालू को ट्रैंकुलाइज कर पिंजरे में बंद किया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान भालू ने वन विभाग की टीम की गाड़ी पर भी हमला कर दिया, जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों को काफी सतर्कता बरतनी पड़ी। (Bear Attack in Kanker)
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। लोगों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले इसी भालू के असामान्य व्यवहार की सूचना विभाग को दी गई थी। उनका कहना है कि एक मादा भालू ने अपने ही शावक को नोच-नोचकर मार डाला था, जिसके बाद गांव वालों ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग ने केवल कुछ इलाकों में मुनादी कराकर औपचारिकता निभाई, जबकि छोटेपारा जैसे क्षेत्रों में लोगों को चेतावनी नहीं दी गई। अगर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाती तो इतनी बड़ी जनहानि टाली जा सकती थी। वन विभाग के मुताबिक हमलावर भालू के मानसिक रूप से असामान्य होने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि उसके व्यवहार में असामान्य आक्रामकता देखी गई है। फिलहाल उसे पकड़ लिया गया है और विशेषज्ञ उसकी स्थिति की जांच करेंगे। (Bear Attack in Kanker)
विधायक भी पहुंचे, भालू को मारने की मांग
घटना की सूचना मिलने पर विधायक आशाराम नेताम भी गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उधर, आक्रोशित ग्रामीणों ने भालू को मारने की मांग करते हुए वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते चेतावनी और रेस्क्यू की कार्रवाई होती तो तीन लोगों की जान नहीं जाती। वन विभाग ने ग्रामीणों से फिलहाल जंगल और उसके आसपास के इलाकों में जाने से बचने और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की है। पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और वन अमला लगातार गश्त कर रहा है। कांकेर में भालू के इस खूनी हमले ने एक बार फिर इंसान और वन्यजीवों के बढ़ते टकराव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन लोगों की जान जाने के बाद ग्रामीणों में गुस्सा और दहशत दोनों है। फिलहाल वन विभाग ने हमलावर भालू को पकड़ लिया है, लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और वन क्षेत्रों से लगे गांवों की सुरक्षा के लिए क्या स्थायी कदम उठाए जाएंगे।



