Google Analytics —— Meta Pixel

अमित शाह जवाब देंगे तो आप सुन नहीं पाएंगे: किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर बोला हमला

नई दिल्ली: संसद के उच्च सदन राज्यसभा में आज शुक्रवार को विपक्ष के हंगामे और नारेबाजी के बीच तीखी बहस देखने को मिली। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सदन में जवाब देने की मांग दोहराई। इस पर पलटवार करते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और कहा कि जब गृह मंत्री जवाब देने खड़े होंगे, तो विपक्ष उसे सुन नहीं पाएगा।

विपक्ष का हंगामा और सदन की कार्यवाही स्थगित

शुक्रवार को राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस समेत विपक्षी सांसदों ने ‘अमित शाह जवाब दो’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।

सदन के बाहर भी विपक्ष ने आक्रामक रुख अपनाए रखा। बारिश के बीच विपक्षी सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर केंद्र सरकार के खिलाफ छाते और तख्तियां लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। विपक्ष ने अयोध्या में राम मंदिर दान की कथित चोरी और छात्र प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई जैसे मुद्दों पर गृह मंत्री से बयान की मांग की।

‘अमित शाह का नाम सुनकर आतंकवादी कांपते हैं’

विपक्ष की नारेबाजी पर कड़ा ऐतराज जताते हुए किरेन रिजिजू ने कहा, “गृह मंत्री अमित शाह वो नेता हैं, जिनका नाम सुनकर आतंकवादी और उग्रवादी तक कांपते हैं। जिस दिन इस मुद्दे पर बहस शुरू होगी और गृह मंत्री जवाब देंगे, आप लोग उसे सुन नहीं पाएंगे। सदन में नारा लगाने का यह तरीका बिल्कुल अनुचित है।”

खरगे के दावे को रिजिजू ने किया खारिज

मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया था कि सभापति ने गृह मंत्री को सदन में आकर बयान देने का निर्देश दिया था, लेकिन सत्ता पक्ष इसे नजरअंदाज कर रहा है।

इस दावे का खंडन करते हुए रिजिजू ने कहा कि विपक्ष यह तय नहीं कर सकता कि कौन सा मंत्री कब सदन में आएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभापति की ओर से ऐसा कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है। रिजिजू ने कहा, “गृह मंत्री शाह रोजाना संसद परिसर में मौजूद रहते हैं। विपक्षी सांसद तो सुबह 11 बजे के बाद चले जाते हैं, लेकिन गृह मंत्री वहीं बने रहते हैं। विपक्ष का मकसद केवल सदन में हंगामा खड़ा करना है।”

यह भी पढ़े :- CGPSC SI रिजल्ट में न्यूज और स्पेसरानी जैसे नामों पर सियासत, कांग्रेस ने उठाए सवाल, आयोग ने कहा- अभ्यर्थियों ने खुद दर्ज किए थे नाम

Back to top button
error: Content is protected !!