CGPSC SI रिजल्ट में न्यूज और स्पेसरानी जैसे नामों पर सियासत, कांग्रेस ने उठाए सवाल, आयोग ने कहा- अभ्यर्थियों ने खुद दर्ज किए थे नाम
CGPSC SI Result: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की ओर से जारी सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा के प्रारंभिक परिणाम को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। इस बार विवाद चयनित अभ्यर्थियों के अजीबोगरीब नामों को लेकर है। रिजल्ट सूची में ‘NEWS’, ‘SPACERANI’, ‘MANBAS’, ‘HE RAM’, ‘BHAKT PRAHLAD’ और ‘TUFAIL’ जैसे नाम सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। देखते ही देखते सूची के स्क्रीनशॉट वायरल हो गए और मामला राजनीतिक रंग भी ले बैठा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस पूरे मामले पर तंज कसते हुए लिखा कि ‘NEWS’ और ‘SPACE RANI’ को CGPSC की ओर आयोजित सब इंस्पेक्टर प्री परीक्षा में सांय-सांय सफलता मिली है। दोनों को सांय-सांय बधाई।
यह भी पढ़ें:- धर्मांतरण कानून की पूरी कहानी, जानिए क्यों पड़ी जरूरत, क्या हैं विवाद और किन राज्यों के मॉडल पर बना छत्तीसगढ़ का कानून ?
पूर्व CM बघेल ने कहा कि सनी लियोनी को महतारी वंदन योजना का लाभ मिलने के बाद यह विष्णुदेव साय सरकार की एक और अभूतपूर्व उपलब्धि है। इसके बाद कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए, जबकि भाजपा ने पलटवार करते हुए कांग्रेस से माफी मांगने की मांग कर दी। वहीं पूरे विवाद के बीच CGPSC को आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करना पड़ा। दरअसल, CGPSC ने 4 अगस्त 2026 को सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर के 341 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया था। इस परीक्षा में 7,301 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं, जिन्हें मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया है। यह प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई 2026 को प्रदेश के सभी 33 जिलों में आयोजित की गई थी, जिसके लिए 183 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। (CGPSC SI Result)


रिजल्ट सामने आने के बाद चयन सूची में दर्ज कुछ नाम सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए। सूची में क्रमांक 6074 पर रोल नंबर 2402148213 के साथ ‘NEWS’, क्रमांक 467 पर रोल नंबर 2402105174 के साथ ‘SPACERANI’, जबकि क्रमांक 93 पर रोल नंबर 2402101319 के साथ ‘MANBAS’ नाम दर्ज है। इसके अलावा अन्य सूचियों में ‘HE RAM’, ‘BHAKT PRAHLAD’ और ‘TUFAIL’ जैसे नाम भी दिखाई दिए। इन नामों को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जाने लगे और भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाए जाने लगे। मामले ने राजनीतिक रूप तब लिया, जब कांग्रेस ने इसे भर्ती प्रक्रिया की गंभीर खामी बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर दी। कांग्रेस का कहना है कि चयन सूची में सामने आए नामों से संदेह की स्थिति बनी है। ऐसे में पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, ताकि भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर कोई सवाल न उठे। कांग्रेस का आरोप है कि जब संवैधानिक संस्था की ओर से जारी परिणाम में इस तरह की बातें सामने आती हैं तो स्पष्टीकरण पर्याप्त नहीं, बल्कि पूरी जांच आवश्यक है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में लिखा कि ‘NEWS’ और ‘SPACE RANI’ को सांय-सांय बधाई, साथ ही महतारी वंदन योजना में पहले सामने आए कथित फर्जी नामों का जिक्र करते हुए सरकार पर कटाक्ष किया। उनके इस पोस्ट के बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया। हालांकि विवाद बढ़ने के बाद CGPSC ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को भ्रामक बताया। आयोग ने स्पष्ट किया कि परिणाम सूची में प्रदर्शित सभी नाम वही हैं, जो अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन पत्र भरते समय खुद दर्ज किए थे। आयोग के मुताबिक किसी भी नाम में आयोग की ओर से कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। CGPSC ने अपने स्पष्टीकरण में कहा कि आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों की ओर से दर्ज किए गए नामों के आधार पर ही उन्हें प्रवेश पत्र जारी किए गए थे। इन्हीं नामों के साथ अभ्यर्थियों ने दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक दक्षता परीक्षा और प्रारंभिक लिखित परीक्षा में भाग लिया। इसलिए परिणाम में भी वही नाम प्रदर्शित किए गए हैं, जो आवेदन पत्र में उपलब्ध थे। आयोग ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे कई दावे तथ्यहीन हैं और अभ्यर्थियों से सिर्फ आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी पर भरोसा करने की अपील की। (CGPSC SI Result)

आयोग ने स्पष्ट किया कि ‘NEWS’, ‘SPACERANI’, ‘HE RAM’, ‘BHAKT PRAHLAD’ और ‘TUFAIL’ जैसे नामों को लेकर सोशल मीडिया में जो भ्रम फैलाया जा रहा है, वह सही नहीं है। यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन आवेदन में दर्ज विवरण के मुताबिक ही संचालित हुई है और इसमें किसी तरह की अनियमितता नहीं हुई। वहीं कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस ने बिना तथ्यों की पुष्टि किए ही इस मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की और युवाओं के बीच भ्रम फैलाया। भाजपा ने कहा कि अब जबकि संवैधानिक संस्था स्वयं पूरे मामले का तथ्यात्मक स्पष्टीकरण दे चुकी है, कांग्रेस को अपनी भ्रामक पोस्ट हटाकर प्रदेश के युवाओं और अभ्यर्थियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा प्रवक्ता अनुराग अग्रवाल ने कहा कि नामों में इस तरह की स्थिति त्रुटि या आवेदन में दर्ज विवरण के कारण हो सकती है। इससे परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल नहीं उठाया जा सकता। उन्होंने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई है। भाजपा ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को इस विषय पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है, क्योंकि उसके शासनकाल में ही SI भर्ती सालों तक लंबित रही और PSC भर्ती घोटाले के आरोप भी सामने आए थे। भाजपा का कहना है कि वर्तमान सरकार ने अटकी हुई भर्ती प्रक्रिया पूरी कर युवाओं को अवसर देने का काम किया है। (CGPSC SI Result)

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच आयोग ने मुख्य परीक्षा की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। आयोग के मुताबिक प्रारंभिक परीक्षा में सफल घोषित किए गए 7,301 अभ्यर्थियों को अब ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी। मुख्य परीक्षा के आधार पर आगे की चयन प्रक्रिया पूरी होगी और आखिर में 341 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। फिलहाल विवाद नामों को लेकर जरूर खड़ा हुआ है, लेकिन आयोग ने साफ कर दिया है कि परिणाम में प्रकाशित नाम किसी तकनीकी गलती या आयोग की ओर से दर्ज नहीं किए गए हैं, बल्कि अभ्यर्थियों के आवेदन के समय उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार ही प्रदर्शित हुए हैं। इसके बावजूद इस मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। एक ओर कांग्रेस पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़ी है तो दूसरी ओर भाजपा इसे बेवजह का राजनीतिक विवाद बताते हुए विपक्ष पर युवाओं को भ्रमित करने का आरोप लगा रही है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मुख्य परीक्षा की प्रक्रिया के दौरान यह विवाद आगे बढ़ता है या आयोग के स्पष्टीकरण के बाद मामला शांत हो जाता है।




