Google Analytics —— Meta Pixel

हरेली के पोस्टर को लेकर सियासत तेज, छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर गायब होने पर कांग्रेस ने सरकार पर बोला हमला 

Hareli Poster Controversy: छत्तीसगढ़ के प्रमुख लोकपर्व हरेली तिहार से पहले सरकारी पोस्टरों को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। राजधानी रायपुर में लगाए गए हरेली तिहार के सरकारी प्रचार-प्रसार वाले पोस्टरों में छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर नहीं होने पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर प्रदेश की संस्कृति, अस्मिता और लोक परंपराओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि यह सिर्फ एक पोस्टर की त्रुटि नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान और गौरव से जुड़े सांस्कृतिक प्रतीकों के प्रति सरकार की सोच को दर्शाता है। कांग्रेस ने इसे प्रदेशवासियों की भावनाओं से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए सरकार से तत्काल जवाब मांगा है।

यह भी पढ़ें:- CGPSC SI रिजल्ट में न्यूज और स्पेसरानी जैसे नामों पर सियासत, कांग्रेस ने उठाए सवाल, आयोग ने कहा- अभ्यर्थियों ने खुद दर्ज किए थे नाम

कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी करते हुए कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की पहचान, संस्कृति और अस्मिता का पर्व है। पूरे रायपुर में हरेली के बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए, लेकिन उनमें कहीं भी छत्तीसगढ़ महतारी का चित्र दिखाई नहीं दिया।छत्तीसगढ़ महतारी की उपेक्षा, करोड़ों छत्तीसगढ़वासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली बात है। कांग्रेस ने कहा कि सरकार ने प्रदेश की सांस्कृतिक अस्मिता से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण प्रतीक की अनदेखी की है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने साधा निशाना

कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भी इस मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार लगातार छत्तीसगढ़ की पहचान से जुड़े प्रतीकों को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी हरेली पोस्टर से छत्तीसगढ़ महतारी का चित्र गायब होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा सरकार कभी भी छत्तीसगढ़ के मान-सम्मान, संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत को समझ नहीं सकती। उन्होंने कहा कि पोस्टर से छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर हटाना भाजपा की छत्तीसगढ़ विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। (Hareli Poster Controversy)

पोस्टरों में सुधार और स्पष्टीकरण की मांग

कांग्रेस ने सरकार से इस पूरे मामले में सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देने की मांग की है। साथ ही पार्टी ने कहा है कि हरेली तिहार के प्रचार-प्रसार से जुड़े सभी पोस्टरों में तत्काल सुधार कर छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर शामिल की जाए। कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश के लोकपर्वों और सांस्कृतिक प्रतीकों का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है और इस तरह की चूक भविष्य में दोहराई नहीं जानी चाहिए। बता दें कि इस बार हरेली 12 अगस्त को मनाया जाएगा। हालांकि त्योहार से पहले शुरू हुआ यह विवाद अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। कांग्रेस लगातार सरकार पर हमलावर है और इसे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा मुद्दा बता रही है। (Hareli Poster Controversy)

Back to top button
error: Content is protected !!