Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ के दो छात्रावासों में छात्राओं का बवाल, कहीं मालिश कराने का आरोप तो कहीं ज्यादा खाना खाती हो कहकर प्रताड़ना

Chatrawas Students Protest: छत्तीसगढ़ के दो अलग-अलग जिलों में छात्रावासों की व्यवस्थाओं को लेकर छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। कोरबा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में छात्राओं ने अपनी-अपनी हॉस्टल अधीक्षिकाओं पर मानसिक प्रताड़ना, खराब भोजन, निजी काम कराने और धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगाए। कोरबा में छात्राओं ने कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जबकि जीपीएम में जनप्रतिनिधि के सामने छात्राओं ने अपनी शिकायतें रखी और निष्पक्ष जांच की मांग की।

यह भी पढ़ें:- हरेली के पोस्टर को लेकर सियासत तेज, छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर गायब होने पर कांग्रेस ने सरकार पर बोला हमला 

कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत पोंडी उपरोड़ा स्थित 100 सीटर कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की छात्राओं ने गुरुवार को अधीक्षिका शारदा नेताम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। छात्राओं ने मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना, खराब भोजन, देर रात तक पूजा-पाठ करने और उनसे हाथ-पैर समेत सिर की मालिश कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए। आक्रोशित छात्राएं छात्रावास से निकलकर कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर पहुंच गईं और करीब आधे घंटे तक चक्काजाम कर दिया। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। (Chatrawas Students Protest)

छात्राओं का आरोप है कि अधीक्षिका देर रात एक बजे तक पूजा-पाठ करती हैं, घंटियां बजाती हैं, जिससे उनकी पढ़ाई और नींद प्रभावित होती है। विरोध करने पर डांट-फटकार लगाई जाती है और रस्टिकेट करने या जेल भेजने की धमकी दी जाती है। एक छात्रा ने बताया कि अधीक्षिका उनसे पैरों की मालिश और सिर में तेल लगाने का काम कराती हैं। दूसरी छात्रा ने आरोप लगाया कि छात्रावास में कच्चा और खराब भोजन दिया जाता है, जिसकी शिकायत करने पर प्रताड़ित किया जाता है। छात्राओं का कहना है कि उन्होंने पहले भी विकासखंड शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन समय पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा।

मौके पर पहुंचा प्रशासन, हटाई गई वार्डन

चक्काजाम की सूचना मिलते ही तहसीलदार विनय देवांगन, नायब तहसीलदार सुमन मानिकपुरी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी के.आर. दयाल, जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय और बांगो पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्राओं से अलग-अलग बातचीत कर उनके बयान दर्ज किए और कार्रवाई का भरोसा दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्राओं ने प्रदर्शन खत्म किया और यातायात बहाल हुआ। विकासखंड शिक्षा अधिकारी के.आर. दयाल ने बताया कि छात्राओं के आरोपों की जांच के बाद अधीक्षिका शारदा नेताम को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है और दूसरे वार्डन को प्रभार सौंप दिया गया है। मामले की जांच भी जारी है।

वहीं अधीक्षिका शारदा नेताम ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह पूरी तरह बेबुनियाद और साजिश के तहत लगाए गए आरोप हैं। उनका कहना है कि उन्होंने हमेशा छात्राओं के हित में काम किया है। इधर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के सेमरदर्री कन्या छात्रावास में भी छात्राओं ने अधीक्षिका रीतू गुप्ता के खिलाफ गंभीर शिकायतें की हैं। जनपद सदस्य किशमिश भानु के सामने छात्राओं ने आरोप लगाया कि छात्रावास में समय पर नाश्ता नहीं मिलता, भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब है और कई बार खाने में कीड़े तक मिल चुके हैं। इसके अलावा साबुन जैसी जरूरी सामग्री भी नियमित रूप से उपलब्ध नहीं कराई जाती। (Chatrawas Students Protest)

इतना खाना क्यों खाती हो कहकर प्रताड़ना का आरोप

छात्राओं ने आरोप लगाया कि छात्रावास का सामान अधीक्षिका के निजी उपयोग के लिए उनके घर भेजा जाता है। उनसे व्यक्तिगत काम कराए जाते हैं, अलग से अधीक्षिका के लिए भोजन बनवाया जाता है और उनके बर्तन भी छात्राओं से धुलवाए जाते हैं। सबसे गंभीर आरोप यह है कि शिकायत करने पर अधीक्षिका छात्राओं से कहती हैं इतना ज्यादा खाना क्यों खाती हो? और उनके माता-पिता को फोन कर कहती हैं कि अपनी बेटी को यहां से ले जाइए, नहीं तो वह मेरी नौकरी खा जाएगी। छात्राओं का कहना है कि पहले भी शिकायतें की गई थी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। अब उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है।

छात्रावासों की व्यवस्था पर उठे सवाल

आदिवासी विभाग के सहायक आयुक्त गोपेश मनहर ने कहा कि छात्रावास अधीक्षिका के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दो अलग-अलग जिलों से सामने आए इन मामलों ने छात्रावासों में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा, भोजन व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर कोरबा में जांच के बाद अधीक्षिका को तत्काल हटा दिया गया है, वहीं दूसरी ओर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में जांच शुरू होने के बाद छात्राएं निष्पक्ष कार्रवाई और बेहतर व्यवस्थाओं की मांग कर रही हैं। दोनों घटनाओं ने छात्रावास प्रबंधन की कार्यप्रणाली और जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!