Google Analytics —— Meta Pixel

थाईलैंड के स्कूल में 14 साल के छात्र का खूनी खेल, 8 लोगों की हत्या के बाद खुद को मारी गोली

Mass Murder in Thailand: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के पास एक स्कूल में गोलीबारी का मामला सामने आया है, जहां 9वीं कक्षा के एक 14 साल के छात्र ने पहले अपने घर में दादा-दादी की हत्या की और इसके बाद स्कूल पहुंचकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में 3 शिक्षकों और 3 छात्रों समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद छात्र ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक यह घटना बैंकॉक के पास स्थित डेबसिरिन नोंथाबुरी स्कूल की है। जांच में सामने आया है कि आरोपी छात्र स्कूल जाने से पहले अपने घर पहुंचा, जहां उसने अपने दादा-दादी को गोली मार दी। दोनों के शव बाद में घर से बरामद किए गए। इसके बाद छात्र स्कूल पहुंचा और अपने साथ लाई गई पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। 

यह भी पढे़ं:- बलौदाबाजार में युवती से छेड़छाड़ मामला: दोषियों को मिले कठोरतम सजा, ब्यूटी पार्लर की भी हो गहन जांच: अभिषेक तिवारी

बताया जा रहा है कि जिस 9 एमएम पिस्टल का इस्तेमाल किया गया, वह छात्र के दादा की थी। छात्र के दादा पेशे से शिक्षक थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी छात्र ने कक्षा के अंदर फायरिंग शुरू की और फिर स्कूल परिसर में भी गोलियां चलाईं। उसने 20 से ज्यादा राउंड फायर किए। हमले के बाद स्कूल में चीख-पुकार मच गई। छात्र अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोलियों की आवाज सुनते ही कई छात्र क्लासरूम में छिप गए। कुछ समय बाद पुलिस ने दरवाजे खटखटाकर छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला। फायरिंग के बाद स्कूल के बाहर बड़ी संख्या में छात्र, परिजन, राहत-बचाव दल और स्थानीय लोग जमा हो गए। कई छात्र डर और सदमे में रोते नजर आए। (Mass Murder in Thailand)

हमले के पीछे वजह की जांच जारी

पुलिस अभी तक हमले की स्पष्ट वजह सामने नहीं ला पाई है, लेकिन जांच में तीन संभावित कारणों पर फोकस किया जा रहा है। थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने बताया कि आरोपी छात्र पढ़ाई को लेकर काफी तनाव में था। उसके दोस्तों ने भी पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ समय से पढ़ाई और परीक्षा के दबाव को लेकर परेशान था। पुलिस के मुताबिक छात्र अपने दादा-दादी के साथ रहता था। उसकी दादी भी शिक्षिका थी और पढ़ाई को लेकर छात्र पर सख्ती करती थी। जांच एजेंसियां इस पहलू की भी जांच कर रही हैं कि क्या घरेलू दबाव के कारण उसने यह कदम उठाया। थाईलैंड के डिप्टी होम मिनिस्टर पोलापी सुवानचावी ने बताया कि छात्र वीडियो गेम खेलने का शौकीन था। पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि कहीं किसी गेम के टास्क या ऑनलाइन गतिविधि से प्रभावित होकर उसने यह कदम तो नहीं उठाया। (Mass Murder in Thailand)

आरोपी के पास मिले 30 जिंदा कारतूस

पुलिस ने बताया कि आत्महत्या के बाद छात्र के पास से 30 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि छात्र को हथियार कैसे मिला और उसने हमले की योजना कब बनाई थी। घटना के बाद स्कूल और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस घटना ने बच्चों के मानसिक तनाव, स्कूल सुरक्षा और नाबालिगों की हथियारों तक पहुंच को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि 14 साल के छात्र ने आखिर इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया। अब सवाल सिर्फ इस हमले का नहीं, बल्कि उस सोच, उस दबाव और उन हालातों का है, जिन्होंने एक छात्र को इस खौफनाक कदम तक पहुंचा दिया। थाईलैंड की इस घटना ने एक बार फिर बच्चों के मानसिक तनाव, स्कूल सुरक्षा और हथियारों की आसान पहुंच पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!