Google Analytics —— Meta Pixel

सावन में भोले बाबा पर आपत्तिजनक टिप्पणी से भड़के डिप्टी CM अरुण साव, बोले- दोबारा ऐसी हिमाकत नहीं होनी चाहिए

Arun Sao on Pannalal: सावन के पावन महीने में सोशल मीडिया पर भगवान शिव को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर डिप्टी CM अरुण साव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली ऐसी टिप्पणियों को गंभीर बताते हुए प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साव ने कहा कि इस मामले को लेकर कुछ लोगों की ओर से FIR भी दर्ज कराई गई है। ऐसे में प्रशासन को पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना का पवित्र समय है। ऐसे समय में भगवान भोले बाबा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी सामने आने से धर्मावलंबियों की भावनाएं आहत होती हैं। धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर इस तरह की टिप्पणी को किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता।

यह भी पढ़ें:- क्रिश्चियन फोरम प्रमुख अरुण पन्नालाल पर कार्रवाई के बाद सियासत गरम, धर्मांतरण से फंडिंग तक उठे सवाल

डिप्टी CM साव ने कहा कि दोषी के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भी व्यक्ति धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी करने से पहले कई बार सोचे। उन्होंने कहा कि धार्मिक सौहार्द और सामाजिक शांति बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। डिप्टी CM ने लोगों से सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय संयम और जिम्मेदारी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक विषय बेहद संवेदनशील होते हैं, इसलिए किसी भी धर्म या देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी पोस्ट को साझा करने या टिप्पणी करने से पहले उसके प्रभाव को समझना जरूरी है। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी कृत्य से सामाजिक माहौल खराब हो सकता है। (Arun Sao on Pannalal)

क्या है पूरा मामला ?

मामला छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के प्रमुख अरुण पन्नालाल का सोशल मीडिया पर भगवान शिव को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है। इस टिप्पणी के सामने आने के बाद हिंदू संगठनों और भाजपा नेताओं ने नाराजगी जताई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर रायपुर के सिविल लाइन थाने में पन्नालाल और हंसराज गोयल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मामले को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अरुण पन्नालाल के घर के बाहर प्रदर्शन भी किया। इसके बाद पुलिस ने अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज करते हुए उन्हें 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। विवाद के बीच पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने पन्नालाल पर धर्मांतरण और विदेशी फंडिंग को लेकर गंभीर आरोप लगाए और उनकी पूरी गतिविधियों की जांच की मांग की। वहीं कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने भगवान शिव और हिंदू देवी-देवताओं पर ऐसी टिप्पणी की निंदा करते हुए कानूनी कार्रवाई का समर्थन किया, लेकिन बजरंग दल और RSS पर माहौल बिगाड़ने का आरोप भी लगाया।

Back to top button
error: Content is protected !!