भारी बारिश से राजधानी बेहाल, जलभराव से बिगड़े हालात, गरियाबंद में बच्चों को कमरभर पानी पार कर जाना पड़ा स्कूल

Rain in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में करीब 3 घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। सड़कें पानी से लबालब हो गई, जिसके चलते कई जगह यातायात प्रभावित हुआ है। इसी बीच रायपुर के शंकर नगर इलाके के भारत माता चौक के पास ऐसी घटना सामने आई, जिसने नगर निगम के जलभराव से निपटने के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक तेज बारिश के दौरान एक महिला अपनी स्कूटी से गुजर रही थी। सड़क पर पानी और नाले का अंतर नजर नहीं आने के कारण वो स्कूटी समेत गहरे नाले में जा गिरी। हादसे के बाद लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद महिला और उसकी स्कूटी को नाले से बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि महिला की जान बच गई।
यह भी पढ़ें:- सावन में भोले बाबा पर आपत्तिजनक टिप्पणी से भड़के डिप्टी CM अरुण साव, बोले- दोबारा ऐसी हिमाकत नहीं होनी चाहिए
बारिश के कारण राजधानी की कई सड़कों पर पानी भर गया है। जलभराव के चलते वाहनों की रफ्तार थम गई और कई जगह लंबा जाम लग गया। कुछ घंटे की बारिश में ही जब राजधानी के कई हिस्सों का यह हाल हो गया तो आने वाले दिनों को लेकर चिंता बढ़ गई है। खास बात यह है कि मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आने दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बता दें कि प्रदेश में 1 जून से अब तक कुल बारिश सामान्य श्रेणी में है। इस अवधि में प्रदेश में सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि बारिश का वितरण सभी जिलों में एक जैसा नहीं रहा है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है, जबकि कुछ इलाकों में सामान्य से काफी ज्यादा बारिश होने के कारण जलभराव और नदी-नालों के उफान की स्थिति देखने को मिल रही है।
गरियाबंद में स्कूल का रास्ता बना मुसीबत
इधर, गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड के खासरपारा गांव में लगातार बारिश ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यहां कच्ची सड़कें पानी से लबालब होकर तालाब में तब्दील हो गई हैं। खासरपारा से टेकनपारा के बीच सड़क पर इतना पानी भर गया है कि स्कूली बच्चों को कमरभर पानी पार करके स्कूल जाना पड़ रहा है। बच्चे सिर पर स्कूल बैग रखकर पानी के बीच से रास्ता पार करते नजर आए। इस दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। खास बात यह है कि इसी जलमग्न रास्ते से मिट्टी से लदा ट्रैक्टर भी गुजरता दिखाई दिया। ऐसे में बच्चों के साथ किसी हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। कोंडागांव में भी लगातार बारिश के बाद जनजीवन प्रभावित हुआ है। बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए थे और कई सड़क मार्गों पर आवागमन तक बंद हो गया था। हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे थे, लेकिन मौसम में अचानक आए बदलाव के बाद शनिवार सुबह से ही दोबारा बारिश का दौर शुरू हो गया। (Rain in Raipur)
कोरबा में बच्चों ने लिया मौसम का आनंद
बारिश के फिर सक्रिय होने से ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। वहीं बस्तर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगातार बारिश हो रही है। जगदलपुर शहर में रिमझिम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने बस्तर जिले के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। ग्रामीण इलाकों में लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने लगा है। वहीं कोरबा में झमाझम बारिश के बीच आसमान में काले बादल छाए रहे। दोपहर के वक्त भी मौसम ऐसा नजर आया जैसे शाम हो गई हो। इस दौरान दादर खुर्द स्थित मिडिल स्कूल के बच्चों का बारिश का आनंद लेते हुए वीडियो भी सामने आया है। बारिश के बीच स्कूली बच्चे भीगते हुए क्रिकेट खेलते नजर आए। बच्चों की मस्ती ने लोगों को बचपन के उन सुनहरे दिनों की याद दिला दी, जब बारिश शुरू होते ही पढ़ाई से ज्यादा बारिश में खेलने का उत्साह नजर आता था।
खरीफ फसलों के लिए अहम हैं आने वाले दिन
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिन छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। खासकर खरीफ फसलों के लिए यह बारिश काफी अहम मानी जा रही है। जिन जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है, वहां अगर अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश होती है तो प्रदेश में मानसून का संतुलन और बेहतर हो सकता है। हालांकि दूसरी ओर ज्यादा बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव, सड़क बंद होने और नदी-नालों के उफान जैसी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं। ऐसे में प्रशासन के सामने एक साथ दोहरी चुनौती है। एक तरफ कम बारिश वाले इलाकों में बारिश की जरूरत है तो दूसरी तरफ ज्यादा बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव और जनसुरक्षा से निपटना भी जरूरी है।राजधानी रायपुर में कुछ घंटों की बारिश के बाद सामने आई तस्वीरें फिलहाल इसी चुनौती की तस्वीर दिखा रही हैं। एक ओर नगर निगम जलभराव से निपटने और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था के दावे करता है, वहीं दूसरी ओर सड़क और नाले का फर्क मिटने के बाद महिला का स्कूटी समेत नाले में गिरना उन दावों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बीच अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में प्रशासन और नगर निगम जलभराव से निपटने के लिए कितनी प्रभावी तैयारी कर पाते हैं।



