Google Analytics —— Meta Pixel

जमानत के लिए तांत्रिक अनुष्ठान! श्मशान घाट में मिली हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की फोटो, मचा हड़कंप

बिलासपुर के देवरी मुक्तिधाम का मामला: ग्रामीणों ने एक संदिग्ध को पकड़कर पुलिस को सौंपा, तीन आरोपी फरार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से अंधविश्वास और कोर्ट केस से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सीपत थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम देवरी स्थित मुक्तिधाम (श्मशान घाट) में शुक्रवार रात जमानत याचिका के सिलसिले में कथित तौर पर तंत्र-मंत्र और काला जादू किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। चौंकाने वाली बात यह है कि पूजा स्थल से छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा समेत तीन लोगों की तस्वीरें बरामद हुई हैं।

ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ा गया आरोपी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर रात ग्रामीणों को देवरी स्थित श्मशान घाट में कुछ संदिग्ध युवकों की मौजूदगी की भनक लगी। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो वहां चार युवक पूजा-पाठ में लीन थे। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

मौके से तांत्रिक सामग्री और तस्वीरें बरामद

घटना की सूचना तुरंत सीपत थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब स्थल की तलाशी ली, तो वहां हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा व दो अन्य व्यक्तियों की फोटो रखी हुई मिली। इसके साथ ही मरी हुई मछली, नींबू, सिंदूर, सिंदूरयुक्त नारियल, अगरबत्ती और तंत्र-साधना में उपयोग की जाने वाली सामग्री बरामद की गई।

वायरल वीडियो से गहराया मामला

घटनास्थल का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ करते नजर आ रहे हैं। पूछताछ के दौरान जब पुलिसकर्मी उससे पूछता है कि “क्या तुम जज को ही मारना चाहते हो?” तो आरोपी युवक खुद को पढ़ा-लिखा बताते हुए किसी भी गलत मंशा से इनकार करता दिखता है।

रिश्तेदार की जमानत से जुड़ा है तार

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों के किसी रिश्तेदार का मामला हाईकोर्ट में लंबित है, जिसकी जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है। इसी मुकदमे में राहत पाने या अनुकूल फैसला कराने के उद्देश्य से इस अंधविश्वासी अनुष्ठान को अंजाम दिया जा रहा था।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि श्मशान में मुख्य न्यायाधीश की तस्वीर रखकर पूजा करने के वास्तविक कारणों और इसमें शामिल अन्य तीन फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। जांच व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े :- मानसून फिर हुआ मेहरबान: रायपुर समेत प्रदेश भर में बारिश से उमस से मिली राहत, दुर्ग रहा सबसे गर्म

Back to top button
error: Content is protected !!