तेलीबांधा के 82 मीटर हाईमास्ट पर तिरंगा नदारद, स्वतंत्रता दिवस से पहले उठे सवाल

Tricolour Missing in Telibandha: स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले राजधानी रायपुर के तेलीबांधा तालाब स्थित मरीन ड्राइव से सामने आई एक तस्वीर ने नगर निगम की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 90 लाख रुपए की लागत से लगाए गए 82 मीटर ऊंचे हाईमास्ट फ्लैग पोस्ट पर फिलहाल राष्ट्रीय ध्वज नजर नहीं आ रहा है, जिस विशाल तिरंगे को देखकर लोगों में देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना जागती थी, वही जगह इस समय बिना तिरंगे के सूना दिखाई दे रहा है। खास बात यह है कि 15 अगस्त में अब 2 दिन ही बाकी हैं। ऐसे में शहर के प्रमुख पर्यटन और सार्वजनिक स्थल मरीन ड्राइव पर तिरंगे की गैरमौजूदगी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। देशभर में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां चल रही हैं और जगह-जगह तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं, लेकिन तेलीबांधा के इस हाईमास्ट पोल पर राष्ट्रीय ध्वज नहीं होने से विपक्ष ने सरकार और निगम प्रशासन को घेरना शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें:- बस्तर की जनता की जीत हुई, नक्सलावाद हार गया – उप मुख्यमंत्री शर्मा
तेलीबांधा तालाब में लगाए गए इस विशाल फ्लैग पोस्ट का लोकार्पण साल 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने किया था। स्थापना के समय इसे देश के सबसे ऊंचे फ्लैग पोस्ट में शामिल होने का गौरव हासिल था। इसके बाद से यह रायपुर की पहचान और मरीन ड्राइव की प्रमुख तस्वीरों में शामिल रहा है। अब स्वतंत्रता दिवस से पहले तिरंगा नहीं होने पर सवाल यह है कि आखिर हाईमास्ट पोल पर राष्ट्रीय ध्वज कब लगाया जाएगा? क्या 15 अगस्त के दिन ही यहां तिरंगा फहराया जाएगा या उससे पहले ही इसे राष्ट्रध्वज से सजा दिया जाएगा? मामले को लेकर कांग्रेस नेता और रायपुर के पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने भाजपा सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा जगह-जगह तिरंगा यात्रा निकाल रही है, लेकिन तेलीबांधा में देश के सबसे ऊंचे तिरंगे पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। दुबे ने मुख्यमंत्री से तेलीबांधा के हाईमास्ट पर जल्द से जल्द तिरंगा लगवाने की मांग की। (Tricolour Missing in Telibandha)
महापौर चौबे ने बताई वजह
उन्होंने कहा कि जब पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा के जरिए देशभक्ति का संदेश दिया जा रहा है तो राजधानी के इस प्रमुख स्थल पर भी राष्ट्रीय ध्वज नजर आना चाहिए। वहीं रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने तिरंगा नहीं लगाए जाने के पीछे हाईमास्ट की ऊंचाई को वजह बताया है। महापौर के मुताबिक पहले कई बार ज्यादा ऊंचाई होने के कारण तिरंगे को नुकसान पहुंचता था। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को लेकर नगर निगम की पूरी तैयारी है और तिरंगा फहराया जाएगा। महापौर ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में प्रयास किया जाएगा कि आजादी के पर्व से पहले ही हाईमास्ट पर तिरंगा फहरा दिया जाए। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस से पहले तेलीबांधा का 82 मीटर ऊंचा हाईमास्ट एक बार फिर चर्चा में है। एक तरफ कांग्रेस इसे लेकर सरकार पर सवाल उठा रही है तो दूसरी तरफ नगर निगम का कहना है कि तिरंगे की सुरक्षा और बार-बार होने वाले नुकसान को ध्यान में रखते हुए इसे लगाया जा रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 15 अगस्त से पहले तेलीबांधा के इस विशाल हाईमास्ट पर फिर से आन-बान और शान के साथ तिरंगा लहराएगा? राजधानी के लोग भी इसी का इंतजार कर रहे हैं।



