UAE से भारत लाया गया ड्रग किंगपिन वीरेंद्र सिंह बसोया, ड्रग नेटवर्क का विदेशी कनेक्शन बेनकाब

Drug kingpin Virendra Singh: नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ केंद्र सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यानी NCB को बड़ी सफलता मिली है। विदेश में छिपे ड्रग तस्कर वीरेंद्र सिंह बसोया को UAE से भारत वापस लाया गया है। शुक्रवार सुबह उसे नई दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया। बसोया दिल्ली के सरोजिनी नगर इलाके के पिलंजी का रहने वाला है, जो वीरू और बसोया के नाम से भी जाना जाता है। NCB के अनुरोध पर इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था। इसी के आधार पर जून 2026 में UAE में उसे गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद भारतीय एजेंसियों ने UAE के अधिकारियों के साथ समन्वय कर उसकी भारत वापसी सुनिश्चित की। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बसोया की भारत वापसी की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की।
यह भी पढे़ं:- विभाजन की पीड़ा झेलने वालों को PM नरेंद्र मोदी ने किया नमन, बोले- पुरुषार्थ ही भाग्य का निर्माता
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार विदेशों में छिपे ड्रग तस्करों का लगातार पता लगा रही है और उनके पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई कर रही है। शाह ने कहा कि अपराधियों का पता लगाने के लिए ‘टॉप टू बॉटम’ और ‘बॉटम टू टॉप’ दोनों स्तरों पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि ड्रग तस्कर दुनिया में कहीं भी छिप जाएं, वे भारतीय कानून की पकड़ से बच नहीं सकते। वीरेंद्र सिंह बसोया से जुड़ा यह मामला फरवरी 2024 में पुणे से सामने आया था। पुणे सिटी पुलिस ने उस समय करीब 500 ग्राम मेफेड्रोन जब्त किया था। इसके बाद पुलिस और जांच एजेंसियों ने ड्रग नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए जांच का दायरा बढ़ाया। जांच आगे बढ़ने पर पुणे से करीब 867 किलोग्राम और दिल्ली से करीब 970 किलोग्राम मेफेड्रोन बरामद किया गया। इस तरह दोनों जगहों से कुल करीब 1,837 किलोग्राम मेफेड्रोन जब्त किया गया। इसके बाद मामले की आगे की जांच NCB की मुंबई जोनल यूनिट को सौंपी गई। (Drug kingpin Virendra Singh)
कोकीन तस्करी के दूसरे मामले में भी नाम
जांच में बसोया की भूमिका एक अहम विदेशी ऑपरेटिव और साजिशकर्ता के तौर पर सामने आई। NCB के मुताबिक वह विदेश में रहकर ड्रग सिंडिकेट की गतिविधियों को कोऑर्डिनेट करता था। जांच एजेंसियों का आरोप है कि वह भारत से दूसरे देशों में मेफेड्रोन की खेप भेजने में मदद करता था। दिल्ली से बरामद करीब 970 किलो मेफेड्रोन की बड़ी खेप को भी उसके कथित कूरियर चैनल के जरिए विदेश भेजने की तैयारी से जोड़कर देखा गया। यानी घरेलू स्तर पर ड्रग तैयार करने वाले नेटवर्क और विदेशों में मौजूद डिस्ट्रीब्यूशन चैनल के बीच बसोया की भूमिका एक महत्वपूर्ण कड़ी के तौर पर सामने आई। वीरेंद्र सिंह बसोया का नाम दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की एक अलग अंतरराष्ट्रीय कोकीन तस्करी जांच में भी सामने आया है। अक्टूबर 2024 में दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने एक बड़े ड्रग सिंडिकेट का खुलासा किया था। इस दौरान दिल्ली, हापुड़ और गाजियाबाद में कई ठिकानों के साथ गुजरात के अंकलेश्वर में स्थित एक फैक्ट्री में भी कार्रवाई की गई थी।
‘ऑपरेशन ग्लोबल-हंट’ के तहत कार्रवाई
इन कार्रवाइयों में 1,300 किलोग्राम से ज्यादा कोकीन, मेफेड्रोन और हाइड्रोपोनिक वीड बरामद होने की बात सामने आई थी। जांच में बसोया की भूमिका ड्रग्स की खरीद, ट्रांसपोर्ट, स्टोरेज और डिस्ट्रीब्यूशन को मैनेज करने से जुड़ी बताई गई। बसोया की भारत वापसी NCB के ‘ऑपरेशन ग्लोबल-हंट’ का हिस्सा है। इस अभियान का उद्देश्य विदेशों से ड्रग तस्करी का नेटवर्क चलाने वाले बड़े तस्करों और फरार आरोपियों की पहचान करना, उनका पता लगाना और उन्हें भारत वापस लाना है। इस अभियान में इंटरपोल रेड नोटिस और दूसरे देशों की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सहयोग का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे पहले भी तुर्की से मोहम्मद सलीम डोला और मलेशिया से नवीन चिचकर जैसे वांछित ड्रग तस्करों को भारत वापस लाया जा चुका है। (Drug kingpin Virendra Singh)
2026-2029 के ड्रग कंट्रोल विजन का हिस्सा
विदेशों में छिपे ड्रग तस्करों को भारत लाने की कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘ड्रग कंट्रोल विजन डॉक्यूमेंट 2026-2029’ के लक्ष्यों से भी जुड़ी है। इस रोडमैप के तहत भारतीय एजेंसियां दूसरे देशों की कानून प्रवर्तन एजेंसियों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ मिलकर विदेशों से ड्रग नेटवर्क संचालित करने वाले आरोपियों का पता लगाने और उन्हें भारत वापस लाने की दिशा में काम कर रही हैं। NCB का कहना है कि ड्रग तस्करी के खिलाफ कार्रवाई केवल छोटे स्तर के तस्करों तक सीमित नहीं रहेगी। एजेंसी ड्रग सिंडिकेट के सरगनाओं, फाइनेंसरों, हैंडलरों और विदेशों में छिपे आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रखेगी। एजेंसी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नशीले पदार्थों के खिलाफ सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग बढ़ाया जा रहा है। वीरेंद्र सिंह बसोया की भारत वापसी को इसी अभियान के तहत ड्रग तस्करी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर एक बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।



