छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस पर मस्जिदों, दरगाहों और मदरसों में तिरंगा फहराने के निर्देश, वंदे मातरम का भी होगा गायन

Waqf Board Flag Hoisting Instructions: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड ने प्रदेश की सभी मस्जिदों, दरगाहों और मदरसों में तिरंगा फहराने की अपील की है। वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने सभी वक्फ संस्थाओं से 15 अगस्त को देशभक्ति, आपसी एकता और भाईचारे के साथ यौमे आजादी मनाने की अपील की है। इसके साथ ही इस बार सभी मस्जिदों, दरगाहों और मदरसों में वंदे मातरम के गायन के निर्देश भी दिए गए हैं। डॉ. सलीम राज ने कहा कि इस्लाम मुल्क से मोहब्बत का पैगाम देता है और भारत का मुसलमान अपने देश और संविधान का सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के साथ वंदे मातरम का गायन भी किया जाएगा। वक्फ बोर्ड अध्यक्ष के मुताबिक केंद्र सरकार से मिले निर्देशों का पालन करते हुए प्रदेश की सभी संबंधित वक्फ संस्थाओं में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें:- UAE से भारत लाया गया ड्रग किंगपिन वीरेंद्र सिंह बसोया, ड्रग नेटवर्क का विदेशी कनेक्शन बेनकाब
डॉ. राज ने कहा कि गणतंत्र दिवस के मौके पर भी वक्फ बोर्ड की ओर से ध्वजारोहण को लेकर निर्देश जारी किए गए थे, जिसके तहत प्रदेश की करीब 8,232 मस्जिदों, दरगाहों और मदरसों में ध्वजारोहण हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने निर्देशों के बावजूद ध्वजारोहण नहीं किया। ऐसे करीब 38 लोगों के खिलाफ जांच के निर्देश दिए गए थे। डॉ. सलीम राज ने कहा कि मामले में कुछ लोगों ने बाद में माफीनामा भी दिया था और अब स्वतंत्रता दिवस पर सभी संस्थानों में तिरंगा फहराने को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ये हिंदुस्तानी हैं या पाकिस्तानी? वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने तिरंगा फहराने का विरोध करने वालों पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जो लोग राष्ट्रीय ध्वज के ध्वजारोहण का विरोध करते हैं, वे देशभक्ति की भावना के खिलाफ हैं। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई और FIR की बात भी कही। (Waqf Board Flag Hoisting Instructions)
पहली बार वंदे मातरम के गायन का निर्देश
डॉ. सलीम राज ने कहा कि जो तिरंगे से प्यार करेगा, उसे ही देश में रहने का अधिकार है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जो लोग देश के राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान नहीं करते, वे आखिर देश के प्रति अपनी निष्ठा कैसे साबित करेंगे। इस बार स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में एक और अहम निर्देश सामने आया है। वक्फ बोर्ड के मुताबिक प्रदेश की सभी मस्जिदों, दरगाहों और मदरसों में ध्वजारोहण के साथ वंदे मातरम का गायन भी किया जाएगा। डॉ. सलीम राज ने कहा कि यह पहली बार है, जब सभी संबंधित संस्थानों में वंदे मातरम के गायन को लेकर निर्देश दिए गए हैं। वक्फ बोर्ड ने सभी वक्फ संस्थाओं से पहले से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और स्वतंत्रता दिवस को देशभक्ति, एकता और भाईचारे की भावना के साथ मनाने की अपील की है। वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और जो तिरंगे से प्यार करेगा, उसे ही देश में रहने का अधिकार है।




