वक्फ बोर्ड के ध्वजारोहण वाले निर्देश पर सियासत तेज, कांग्रेस ने साधा निशाना, BJP ने फैसले का किया स्वागत
Politics on Waqf Board Instructions: छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज की ओर से प्रदेश की सभी मस्जिदों और मदरसों में 15 अगस्त को ध्वजारोहण के निर्देश के बाद अब इस मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने वक्फ बोर्ड अध्यक्ष के फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे चर्चा में बने रहने की कोशिश बताया है, वहीं भाजपा ने फैसले का स्वागत करते हुए इसे समाज को जोड़ने वाला कदम बताया है। कांग्रेस ने डॉ. सलीम राज पर तंज कसते हुए कहा कि वे समय-समय पर इस तरह के फतवे जारी करते रहते हैं। कांग्रेस का कहना है कि आजादी के बाद लंबे समय तक देश में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता रहा है। कांग्रेस ने कहा कि डॉ. सलीम राज खुद को चर्चा में बनाए रखने के लिए इस तरह के आदेश जारी करते रहते हैं।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस पर मस्जिदों, दरगाहों और मदरसों में तिरंगा फहराने के निर्देश, वंदे मातरम का भी होगा गायन
वहीं भाजपा ने कांग्रेस के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार लोगों को तोड़ने की राजनीति करती रही है, जबकि वक्फ बोर्ड अध्यक्ष का फैसला हिंदू-मुस्लिम समेत सभी वर्गों को एकजुट करने की दिशा में है। भाजपा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति से जुड़ा यह फैसला समाज को जोड़ने का प्रयास है और पार्टी इसका स्वागत करती है। इस तरह 15 अगस्त को मस्जिदों और मदरसों में ध्वजारोहण के निर्देश अब राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गए हैं। एक तरफ कांग्रेस इसे सस्ती लोकप्रियता और चर्चा में बने रहने की कोशिश बता रही है तो दूसरी तरफ भाजपा इसे सामाजिक एकता और राष्ट्रभक्ति से जोड़कर फैसले का समर्थन कर रही है। (Politics on Waqf Board Instructions)
वक्फ बोर्ड के फैसले ने किया सियासी पारा हाई
तो 15 अगस्त पर मस्जिदों और मदरसों में तिरंगा फहराने के वक्फ बोर्ड के फैसले ने सियासी पारा बढ़ा दिया है। कांग्रेस इसे चर्चा में बने रहने की कोशिश बता रही है, तो बीजेपी इसे हिंदू-मुस्लिम एकता और राष्ट्रभक्ति की पहल करार दे रही है। अब देखना होगा कि आजादी के जश्न से जुड़ा ये फैसला आने वाले दिनों में सियासत को कितना गर्माता है। मस्जिदों और मदरसों में तिरंगा फहराने का फैसला आया तो देशभक्ति के संदेश के साथ सियासत भी शुरू हो गई। कांग्रेस सवाल उठा रही है, बीजेपी समर्थन कर रही है। ऐसे में 15 अगस्त का जश्न इस बार सियासी बहस के बीच भी नजर आएगा। इस बीच मुस्लिम समाज के ज्यादातर लोगों ने वक्फ बोर्ड अध्यक्ष के बयान पर सहमति जताई है। साथ ही कहा है कि तिरंगे का सम्मान सभी करते हैं और कई लोग पहले से ही 15 अगस्त पर ध्वजारोहण करते आ रहे हैं। लोगों ने देश की एकता और तिरंगे के सम्मान को सर्वोपरि बताया है।



