Google Analytics —— Meta Pixel

स्वतंत्रता दिवस पर नेताओं ने शहीदों को किया नमन, ओम बिरला बोले- 140 करोड़ भारतीय मिलकर भारत को दुनिया में सबसे आगे ले जाएं

Independence Day 2026: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं और बधाई। ये आजादी का पर्व हमारे संकल्प का पर्व है, ये आजादी का पर्व आजादी की लड़ाई लड़ने वाले, उन शहीदों, बलिदानियों, जिन्होंने लंबी लड़ाई के बाद देश को आजाद करवाया, उन्हें नमन करने का दिन है। हमारी आजादी को 80 साल हो गए। अब समय आ गया है कि जब सामूहिक रूप से 140 करोड़ लोग मिलकर भारत को समृद्ध, विकसित और एक मजबूत राष्ट्र बनाकर, दुनिया में सबसे आगे लेकर जाएं। समय आ गया है कि हमारी वर्तमान, युवा और भावी पीढ़ी में, जिस तरह से देश की आजादी के लिए हमारे लोगों में देश के प्रति भावना थी, ऐसे संस्कार हों। हम देश को कैसे आत्मनिर्भर बना सकते हैं, इसके लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है।

यह भी पढ़ें:- भारत अब सिर्फ अपनी सुरक्षा जरूरतें पूरी नहीं कर रहा, बल्कि वैश्विक रक्षा केंद्र बन रहा है: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

उन्होंने आगे कहा कि आज का दिन उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने स्वतंत्र भारत के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। आज हमारे सामने एक नया संकल्प है। भारत को एक ऐसा राष्ट्र बनाने का संकल्प जो अपने युवाओं की क्षमता के बल पर हर क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व करें। आज जरूरी है कि देश का हर युवा हमारे संवैधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएं। हमारे नौजवान अपने सपने को भारत के विकास से जोड़े और अपने कर्तव्य को राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाए। स्पीकर ने आगे कहा कि हमारे देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, स्टार्टअप, खेल और हर क्षेत्र में हमारे नौजवान देश को आगे बढ़ा रहे हैं। हाल ही में राष्ट्रमंडल खेलों में हमारे युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया। उन्होंने कहा कि इस स्वतंत्रता दिवस पर हम सब संकल्प लें कि मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगे। इसी के साथ एक बार फिर आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की ढेर सारी शुभकामनाएं। (Independence Day 2026)

  

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने अपने आवास पर 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। साथ ही कहा कि 2047 के लिए जो तैयारी करनी है, उस सबके बारे में हम लोगों को सोचना है। आज के दिन से हमारे पास 20 साल हैं। इन 20 सालों में हमें बहुत आगे जाना है और उसके लिए जो भी भारत सरकार की ओर से, कदम उठाने चाहिए वो उठाए जा रहे हैं। आज प्रधानमंत्री ने इसका उल्लेख किया है। बहुत जबरदस्त काम हो रहा है। दुनिया में सबसे युवा देश भारत है इसलिए भारत के सामने बहुत बड़ा अवसर है। उस दिशा में तेजी से आगे बढ़ने का हमारा संकल्प रहना चाहिए। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। साथ ही कहा कि आज 80वां स्वतंत्रता दिवस है, सभी देशवासियों को बधाई। हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना। प्रधानमंत्री ने जिस प्रकार से अनेक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए, ग्रीन इकोनॉमी की बात की, स्पेस में छोड़े जाने वाले प्राइवेट रॉकेट का जिक्र किया, किस प्रकार हमारी बायो इकोनॉमी कई गुना आने बढ़ी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए अपने आप को तैयार करें। (Independence Day 2026)

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हांसी में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं आप सभी को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देता हूं। आज ही तीज का पावन पर्व भी है। मैं आप सबको तीज उत्सव की भी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं भी देता हूं। सीमाओं की रक्षा करने वाले सीमा प्रहरी सैनिकों को मैं विशेष तौर पर स्वतंत्रता दिवस की बधाई देता हूं। आज हर साल की तरह हर घर तिरंगा अभियान से पूरा देश देशभक्ति के रंग में रंगा है। हर घर, गली-मुंडेर और हर मोहल्ले में तिरंगा फहरा रहा है। इस बार यह अभियान, राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम को समर्पित किया गया है। गुलामी की जंजीरों को तोड़ने का साहस व शक्ति देने वाले इस गीत की रचना को 150 वर्ष पूरे हो चुके हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। साथ ही कहा कि स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ पर समस्त देशवासियों को, पूरे अपने परिवारजनों को और यहां पर उपस्थिति भाजपा परिवार के सभी सदस्यों को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प के साथ, हम लोगो ने आजादी की 80वीं वर्षगांठ को बनाया है। हम सभी इस विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!