Google Analytics —— Meta Pixel

भारत की अध्यक्षता में BRICS का पर्यावरण एजेंडा तय, जलवायु परिवर्तन पर महामंथन, 4 मुद्दों पर फोकस

BRICS Environmental Agenda: भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के तहत पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन से जुड़े मुद्दों पर ब्रिक्स सदस्य देशों के वरिष्ठ अधिकारियों की अहम बैठक 17 अगस्त को नई दिल्ली के भारत मंडपम में हुई। बैठक में ब्रिक्स देशों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन से निपटने और सतत विकास को लेकर साझा रणनीति पर चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव तन्मय कुमार ने की। इसमें ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में तन्मय कुमार ने कहा कि पिछले दो दशकों में ब्रिक्स सिर्फ आर्थिक मुद्दों पर चर्चा करने वाला समूह नहीं रहा है। अब यह प्रदूषण, जैव विविधता में कमी और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए भी एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।

यह भी पढ़ें:- भारत में आतंकी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, हिरासत में 14 राज्यों के 253 लोग, शहजाद भट्टी नेटवर्क ध्वस्त

उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देशों के बीच सतत विकास, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने, संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल, चक्रीय अर्थव्यवस्था और पर्यावरणीय शासन जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार मजबूत हुआ है। भारत की अध्यक्षता में पर्यावरण कार्य समूह और जलवायु परिवर्तन एवं सतत विकास पर संपर्क समूह ने चार प्रमुख क्षेत्रों को प्राथमिकता दी है। इनमें सतत जीवनशैली को बढ़ावा देना, वनीकरण, वन अग्नि प्रबंधन और आपदा से बचाव के उपाय मजबूत करना, चक्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता बढ़ाना शामिल हैं। भारत का जोर इस बात पर है कि पर्यावरण और विकास को अलग-अलग मुद्दों के तौर पर नहीं देखा जाए। विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल को भी आगे बढ़ाया जाए।

प्रधानमंत्री मोदी के जन-केंद्रित दृष्टिकोण का जिक्र

बैठक में भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता की थीम ‘सुदृढ़शीलता, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण’ का भी उल्लेख किया गया। अध्यक्ष ने कहा कि भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस दृष्टिकोण से प्रेरित है, जिसमें वैश्विक सहयोग में मानवता और आम लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयास ऐसे होने चाहिए, जिनसे विकास के लक्ष्यों को हासिल करने के साथ-साथ प्रकृति और पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके। भारत की अध्यक्षता शुरू होने के बाद से ब्रिक्स देशों के बीच पर्यावरण और जलवायु से जुड़े मुद्दों पर लगातार बातचीत हुई है। इस दौरान सदस्य देशों ने 21 वर्चुअल विषयगत और वार्ता बैठकों, 10 द्विपक्षीय परामर्शों, 2 विषयगत संवादों और 2 तकनीकी वेबिनारों के जरिए साझा एजेंडे पर चर्चा की। सोमवार को हुई वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में इन चर्चाओं के आधार पर प्रमुख प्राथमिकताओं पर सहमति बनाने की दिशा में विचार-विमर्श किया गया।

कल होगी ब्रिक्स पर्यावरण मंत्रियों की बैठक

वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक के बाद अब 18 अगस्त को नई दिल्ली में ब्रिक्स पर्यावरण मंत्रियों की 12वीं बैठक होगी। इसमें सदस्य देशों के पर्यावरण से जुड़े मुद्दों और आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा होने की उम्मीद है। ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने भारत की अध्यक्षता की सराहना करते हुए कहा कि आपसी सम्मान, विश्वास और आम सहमति के आधार पर बातचीत को आगे बढ़ाने में भारत की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। प्रतिनिधियों ने कहा कि भारत ने अलग-अलग देशों की प्राथमिकताओं को साथ लाते हुए पर्यावरण और जलवायु से जुड़े साझा मुद्दों पर प्रभावी चर्चा का माहौल तैयार किया है। कुल मिलाकर ब्रिक्स की इस बैठक में यह संदेश सामने आया कि जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण, जंगलों की सुरक्षा और संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए सदस्य देशों के बीच मिलकर काम करना जरूरी है। (BRICS Environmental Agenda)

Back to top button
error: Content is protected !!