Google Analytics —— Meta Pixel

लखीसराय में भगदड़ से 7 महिलाओं की मौत, आखिर किसकी चूक ने ली जान ? आस्था के सैलाब में क्यों बिखरी सुरक्षा व्यवस्था ?

Stampede in Lakhisarai: बिहार के लखीसराय में अशोकधाम मंदिर में सोमवार को जलाभिषेक के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। हादसे में 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 23 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इनमें 3 घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना अशोकधाम हॉल्ट स्टेशन से मंदिर जाने वाले रास्ते पर हुई। सावन के तीसरे सोमवार के चलते सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। इसी दौरान अचानक अफरा-तफरी मची और लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे। लखीसराय के DM शैलेंद्र कुमार ने कहा कि भीड़ बहुत ज्यादा बढ़ गई थी। सुबह करीब 6.30-6.45 बजे दो ट्रेनें आईं, जिससे भीड़ और बढ़ गई। हमने भीड़ का अंदाजा लगाते हुए इंतजाम किए थे। फिर हमें पता चला कि भीड़ की वजह से एक तरफ की बैरिकेडिंग टूट गई और लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े। हमने तुरंत 10-15 लोगों को यहां भेजा।

यह भी पढ़ें:- शासकीय प्राथमिक शाला लभांडी में मनाया गया नागपंचमी उत्सव, परंपरा के साथ प्रकृति और जीव-जगत के संरक्षण का दिया संदेश

DM शैलेंद्र कुमार ने कहा कि श्रद्धालुओं की लाइन अशोकधाम हॉल्ट तक पहुंच गई थी। हॉल्ट पर दो ट्रेनें रुकी हुई थी। अचानक वहां बिजली का एक खंभा गिर गया। यह खंभा पुरुषों की लाइन के ओर था। खंभा गिरने पर अफवाह फैल गई कि लोगों पर बिजली का तार गिर गया है, लेकिन वह केबल वायर था। इससे बाईं ओर महिलाओं की लाइन पर दबाव बन गया। इस वजह से महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं। पुलिस प्रशासन सुबह 3 बजे से ही वहां गश्त कर रहा था। यह सब अचानक 2 मिनट के अंदर हुआ। SDPO शिवम कुमार ने कि बताया जा रहा है कि वहां बिजली का एक खंभा गिर गया और लोग बिजली की चपेट में आ गए, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हम पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही सही वजह बता पाएंगे। वहीं हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि बिहार के लखीसराय में भगदड़ से हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायल लोग जल्द ठीक हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है।

PM मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सक्रिय रूप से सहायता कर रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी लखीसराय के अशोकधाम की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि लखीसराय के अशोकधाम हाल्ट पर हुई दुर्घटना में सभी मृतकों के निकटतम आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा। दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदना और प्रतिबद्धता के साथ शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। वहीं केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा कि लखीसराय के अशोक धाम में सावन महीने के तीसरे सोमवार के दिन अचानक काफी भीड़ बढ़ गई। एक अफवाह फैली की बिजली का तार गिर गया है करंट आ गया है, जिसके कारण भगदड़ मची और उसमें कई लोगों की मृत्यु हो गई मैं मृतकों के परिवार जनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। (Stampede in Lakhisarai)

4-4 लाख रुपए मुआवजे का ऐलान

जदयू नेता राजीव रंजन ने कहा कि वहां जिला प्रशासन घायलों को पूरी मुस्तैदी के साथ चिकित्सा की बेहतर व्यवस्था मिल सके, उसके प्रबंध में लगा है। पूरे प्रकरण की जांच जारी है। उसके बाद ही कोई प्रतिक्रिया देना उचित होगा। बिहार के मंत्री और लखीसराय से विधायक विजय सिन्हा ने कहा कि बहुत दुखद घटना है। पीड़ित परिवार के प्रति हमारी संवेदना है। मैंने सुबह 5 बजे अपने कार्यकर्ता जो राहत शिविर चलाते हैं उनसे बात की, सभी कुछ सामान्य था, बहुत उत्साहजनक वातावरण था। ये घटना मंदिर परिसर के बाहर हुई है। संबंधित पदाधिकारी से बात हुई है। करंट की अफवाह फैलने से घटना हुई है। सरकार की ओर से राहत व्यवस्था चलाई जाएगी। सावन के तीसरे सोमवार पर हुई हृदयविदारक घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। इस दुखद हादसे से मन व्यथित है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं प्रत्येक पीड़ित परिवार के साथ हैं।

मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने आगे कहा कि जो घटना हुआ है उसकी उच्च स्तरीय जांच की व्यवस्था बनी है। मुआवजा भी दिया गया है। ये घटना दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि ये घटना कुछ गलत तत्व के लोगों के अफवाह और हंगामे के कारण हुई है और ऐसे लोग पर कार्रवाई होगी। इससे लोग बचेंगे नहीं, जो लोग ICU में भर्ती है उन लोगों का खर्च सरकार देगी और उन लोगों का इलाज सरकार करेगी। मेरी प्राथमिकता घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करना है। घटना के कारणों की पूरी गंभीरता से जांच कराई जाएगी और अगर किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित और इलाज के लिए चिकित्सा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही गई है। दुःख की इस घड़ी में मैं मृतकों के शोकाकुल परिजनों के साथ पूरी संवेदना के साथ खड़ा हूं।

इस बीच मंत्री सिन्हा पीड़ित परिवारों से मुलाकात भी की। उन्होंने कहा कि हलसी निवासी सुरेंद्र प्रताप यादव के परिवार से मिलकर हेमलता यादव, ललिता यादव, सविता यादव और बड़हिया निवासी निरंजन कुमार के परिवार से मिलकर उनकी पत्नी मनमाला देवी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। इन सभी के निधन से मन अत्यंत व्यथित है। परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। साथ ही जिला अस्पताल लखीसराय में भर्ती घायलों से मिलकर उनके इलाज की जानकारी ली और डॉक्टरों को बेहतर और समुचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इस कठिन घड़ी में सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मृतकों के आश्रित परिवारों को सरकार की ओर से 4-4 लाख की सहायता राशि प्रदान की गई है और घायलों के समुचित इलाज की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। (Stampede in Lakhisarai)

उन्होंने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरी जांच कराई जा रही है। अगर जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। दोषी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों की पूरी समीक्षा कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएंगे। पीड़ित परिवारों का दुःख हमारा अपना दुःख है। सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने घटनास्थल पर भी पहुंचकर जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ पूरी स्थिति का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष और विस्तृत_जांच के निर्देश दिए गए हैं। हमारी सरकार पूरी सजगता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। सुरक्षा और व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा कर ठोस कदम उठाए जाएंगे। 

मंत्री विजय सिन्हा लखीसराय के ममता इमरजेंसी हॉस्पिटल भी पहुंचे, जहां अशोकधाम हादसे में गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य और इलाज की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिला प्रशासन को भी घायलों के इलाज और आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैंं। घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी घायल श्रद्धालु जल्द स्वस्थ हों और पीड़ित परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें। डिप्टी CM बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि उसकी जांच हो रही है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के लिए 4-4 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा भी की है। मंत्री केदार गुप्ता ने कहा कि हम इस पर खेद व्यक्त करते हैं और पीड़ित परिवारों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हैं। इस घटना की जांच करवाई जाएगी, जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

तेजस्वी यादव ने उठाए व्यवस्था पर सवाल

भाजपा नेता गुरु प्रकाश पासवान ने कहा कि ये बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। सावन के महीने में इस प्रकार की खबरें आ रही हैं। हम आश्वस्त हैं कि स्थानीय प्रशासन कानून व्यवस्था और अच्छी स्वास्थ्य की व्यवस्था तुरंत उपलब्ध कराए। कम से कम नुकसान हो। राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हम लोगों को सूचना मिली है। लखीसराय में जो घटना हुई है, हम लोगों ने न्यूज में भी देखा है। कई लोगों के मरने की खबर आ रही है। परिजनों के प्रति हमारी संवेदना है। सरकार और प्रशासन से हमारी यही मांग है कि कोई भी व्यवस्था ही चाहिए तो अच्छे से होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में दिक्कत न हो। सभी को पता था कि यह सावन का तीसरा सोमवार है। उसी हिसाब से व्यवस्था होनी चाहिए, लेकिन हो नहीं पाई। आगे की व्यवस्था अच्छे से होनी चाहिए, ताकि ऐसी घटना न हो। हादसे के बाद अशोकधाम मंदिर में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सावन के तीसरे सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना पहले से थी। इसके बावजूद अचानक बढ़ी भीड़ को संभालने में व्यवस्था कमजोर पड़ने के आरोप लगाए जा रहे हैं। फिलहाल प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। भगदड़ की वास्तविक वजह क्या थी, बैरिकेडिंग क्यों टूटी और भीड़ को नियंत्रित करने की व्यवस्था में कहां चूक हुई इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!