Google Analytics —— Meta Pixel

भाजपा में कोई पद छोटा या बड़ा नहीं होता, कांग्रेस केवल मुद्दा तलाश रही: श्याम बिहारी जायसवाल

रायपुर : छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेताओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उपेक्षित किए जाने के कांग्रेस के आरोपों पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यसंस्कृति कांग्रेस से बिल्कुल अलग है और पार्टी में किसी भी पद को छोटा या बड़ा नहीं माना जाता।

मंत्री जायसवाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण और गौरवशाली जिम्मेदारियां मिली हैं। महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और दीपक महस्के को सोशल मीडिया एवं आईटी सेल की राष्ट्रीय जिम्मेदारी सौंपे जाने से प्रदेश का मान बढ़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा में जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं की कार्यकुशलता के आधार पर तय होती हैं।

नकटी गांव मामले पर भी कांग्रेस को घेरा

रायपुर जिले के नकटी गांव में हाल ही में हुई प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर कांग्रेस लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस की ओर से भाजपा विधायक अनुज शर्मा और सांसद बृजमोहन अग्रवाल के निवास का घेराव करने की तैयारी को लेकर भी स्वास्थ्य मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा।

जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस के पास फिलहाल कोई ठोस मुद्दा नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को दूसरों का घेराव करने से पहले अपने ही जनप्रतिनिधियों का घेराव करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक विरोध के लिए मुद्दे तलाश रही है।

धान खरीदी पर कांग्रेस के आरोपों का जवाब

धान खरीदी में भ्रष्टाचार के कांग्रेस के आरोपों पर भी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जवाब दिया। उन्होंने कांग्रेस के पिछले कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष को पहले अपने शासनकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार की जांच के लिए समिति बनानी चाहिए।

मंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में धान खरीदी के बाद समय पर धान का उठाव किया गया है। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसानों से जुड़े मुद्दों पर पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही है।

यह भी पढ़े :- अवैध संबंध, वीडियो और ब्लैकमेलिंग… पति-पत्नी ने रची युवक की हत्या की खौफनाक साजिश, पढ़े पूरी खबर

Back to top button
error: Content is protected !!