Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ कड़ा प्रहार, सुकमा में नमक की बोरियों के नीचे मिला 1.54 करोड़ का गांजा

Ganja Smuggling in Sukma: छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इस बीच सुकमा जिले के कोंटा में पुलिस ने नशे की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 308 किलो 280 ग्राम गांजा बरामद किया है। गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 54 लाख 14 हजार रुपए बताई जा रही है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को पिकअप वाहन में नमक की बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था। मामले में राजस्थान के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गांजा ओडिशा के मलकानगिरी इलाके से लेकर राजस्थान जा रहे थे। सूचना के आधार पर कोंटा पुलिस ने कोंटा-मोटू मुख्य मार्ग पर कृष्ण मंदिर चौक, वार्ड नंबर-5 डोंडरा के पास नाकेबंदी की। सुबह करीब 6:10 बजे संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक RJ-27-GE-6757 को रोककर तलाशी ली गई।

यह भी पढे़ं:- छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 23 IAS अफसरों के तबादले, कई जिलों के बदले कलेक्टर 

तलाशी के दौरान पिकअप के डाले में ऊपर नमक की बोरियां रखी मिलीं। पुलिस ने जब बोरियां हटाकर जांच की तो उनके नीचे गांजे के पैकेट छिपाकर रखे हुए थे। कुल 150 पैकेटों में 308 किलो 280 ग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके से पुलिस ने वाहन में सवार राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के गाडरमाल निवासी शिव कुमार प्रजापति और उदय राम बलई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन समेत कुल 1 करोड़ 64 लाख 49 हजार 550 रुपये की संपत्ति जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस इस पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच का फोकस इस बात पर है कि मलकानगिरी से गांजा किससे खरीदा गया था और राजस्थान में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और खरीदार की भी तलाश कर रही है।

रायपुर में भी लगातार कार्रवाई

सुकमा के अलावा राजधानी रायपुर में भी पुलिस ने नशे के खिलाफ कई कार्रवाई की हैं। 16 अगस्त को गुढ़ियारी पुलिस ने रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर-7 के बाहर से मध्यप्रदेश के जबलपुर निवासी गोलू सिंह को 16 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया। बरामद गांजे और अन्य जब्त सामान की कुल कीमत करीब 8.10 लाख रुपए बताई गई है। वहीं टिकरापारा पुलिस ने भाठागांव बस स्टैंड के पास धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स के पीछे से 20 किलो 940 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से 16 साल 5 महीने के नाबालिग को पकड़ा, जो गांजा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। बरामद गांजे की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी को बाल न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। 15 अगस्त को पखांजूर पुलिस ने संगम बाजार चौक से 561 ग्राम गांजे के साथ 64 साल के आरोपी अरविंद विश्वास को गिरफ्तार किया। (Ganja Smuggling in Sukma)

बस्तर-जगदलपुर में भी तस्करों पर शिकंजा

बरामद गांजे की कीमत करीब 28 हजार 50 रुपए बताई गई है। आरोपी के पास से गांजा बिक्री की 600 रुपए नकद रकम भी जब्त की गई। 13 अगस्त को बस्तर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में नशे के कारोबार से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया। भाटपाल चौक से पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल की बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे जयराम विश्वकर्मा को पकड़ा। उसके कब्जे से 82 प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद की गईं। इसी तरह बोधघाट थाना पुलिस और पैंथर टीम ने भेटगुड़ा शिव मंदिर डोंगरी के पास कार्रवाई करते हुए पवन कुमार कश्यप को गिरफ्तार किया। उसके पास से अलग-अलग ब्रांड की करीब 24 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 8,360 रुपए बताई गई है। बोधघाट पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर 8 किलो गांजा जब्त किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर दोपहिया वाहन से जगदलपुर आ रहे थे।

नशे की तस्करी के खिलाफ अभियान तेज

इससे एक दिन पहले 12 अगस्त को भी बोधघाट थाना पुलिस ने गोरिया बहार नाला के पास बाइक सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 8 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक बघेल और भूपेंद्र कश्यप के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों ओडिशा से गांजा खरीदकर जगदलपुर ला रहे थे। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। खास तौर पर ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए दूसरे राज्यों तक पहुंचाए जा रहे गांजे की तस्करी पर पुलिस की नजर है। सुकमा में हुई बड़ी बरामदगी ने एक बार फिर अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क को सामने ला दिया है। अब जांच एजेंसियों के सामने इस नेटवर्क के बाकी कड़ियों और राजस्थान में बैठे खरीदारों तक पहुंचने की चुनौती है। (Ganja Smuggling in Sukma)

Back to top button
error: Content is protected !!