Google Analytics —— Meta Pixel

राजनांदगांव में पूर्व महापौर के देवर की हत्या, पुरानी रंजिश में चार युवकों ने घर में घुसकर उतारा मौत के घाट 

Murder in Rajnandgaon: राजनांदगांव के चिखली पुलिस चौकी क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक 45 साल के शख्स की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार युवक रात के समय मृतक के घर पहुंचे और घर में घुसकर उसके साथ करीब 25 मिनट तक मारपीट की। गंभीर रूप से घायल शख्स को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। मृतक की पहचान सत्यजीत उर्फ पप्पू देशमुख के रूप में हुई है। वह चिखली इलाके में देशमुख होटल के पास रहता था। पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे करीब 10 दिन पहले हुआ विवाद और पुरानी रंजिश सामने आई है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ कड़ा प्रहार, सुकमा में नमक की बोरियों के नीचे मिला 1.54 करोड़ का गांजा

जानकारी के मुताबिक 5 अगस्त को पप्पू देशमुख का मुकेश नाम के युवक से विवाद हुआ था। इस दौरान पप्पू ने मुकेश के साथ मारपीट की थी। घायल मुकेश को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उसने चिखली पुलिस चौकी पहुंचकर पप्पू देशमुख के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक इस मामले में FIR दर्ज की गई थी और प्रकरण जांच में था। इसी बीच दोनों पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि घटना की रात करीब 11 बजे मुकेश अपने साथियों के साथ पप्पू देशमुख के घर पहुंचा। आरोप है कि पहले घर के बाहर गाली-गलौज की गई। जब पप्पू बाहर नहीं आया तो आरोपी र के अंदर घुस गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा

आरोपियों ने लात-घूंसों से पप्पू की जमकर पिटाई की। इस दौरान पप्पू गंभीर रूप से घायल होकर बेसुध हो गया। आसपास के लोगों की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बबलू साहू उर्फ बल्ला समेत एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। वहीं दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। एएसपी कीर्तन राठौर के मुताबिक मृतक और आरोपियों के बीच पहले से विवाद था। मृतक के खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज है। शिकायत के आधार पर जांच चल रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने घर में घुसकर पप्पू देशमुख के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। (Murder in Rajnandgaon)

पुलिस पर कार्रवाई में देरी के आरोप

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की ओर से पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि 5 अगस्त को हुए विवाद के बाद अगर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की होती तो शायद बाद की हिंसक घटना को रोका जा सकता था। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस पूरे पहलू की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद चिखली वार्ड की पार्षद श्रुति जैन ने इलाके में बढ़ती मारपीट और अवैध शराब बिक्री को लेकर चिंता जताई है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार बढ़ने से माहौल लगातार खराब हो रहा है और आए दिन विवाद-मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। पार्षद ने पुलिस और प्रशासन से क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार बिगड़ते माहौल के कारण आम लोगों में भी भय की स्थिति बन रही है। (Murder in Rajnandgaon)

हत्या के बाद इलाके में तनाव

चिखली के मुख्य चौक के पास हुई इस वारदात के बाद इलाके में नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोग क्षेत्र में बढ़ती मारपीट और आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता जता रहे हैं। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। फिलहाल पुलिस हत्या की पूरी वजह, वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका और पहले हुए विवाद से लेकर हत्या तक के घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया की गई। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस की जांच और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर होगी। मृतक पप्पू देशमुख पूर्व महापौर हेमा देशमुख के देवर और पूर्व महापौर सुदेश देशमुख के चचेरा भाई थे। घटना के बाद चिखली क्षेत्र के लोगों ने नाराजगी जताई है। साथ ही कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!