IGKV पेपर लीक पर सियासी घमासान, बघेल बोले- BJP सरकार के सिस्टम में गड़बड़ी, कहीं न कहीं BJP से जुड़े लोग होंगे

Politics on Paper Leaks: रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के पेपर लीक मामले में पुलिस के खुलासे और 6 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब इस मुद्दे पर सियासत भी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पेपर लीक को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। वहीं डिप्टी CM अरुण साव और उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने सरकार की ओर से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि नए कानून के बाद सबसे पहला पेपर लीक IGKV में हुआ है। भाजपा सरकार के सिस्टम में गड़बड़ी है। आरोपी दुर्ग से पकड़ाया और पेपर कवर्धा में मिला। कहीं न कहीं इसमें भी भाजपा से जुड़े लोग होंगे। पूरे देशभर में पेपर लीक का नेक्सस काम कर रहा है, जब बिल पास हो रहा था, तब यहां पेपर लीक हो रहा था, पेपर लीक करने वालों को कानून का भय नहीं है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पेपर लीक मामले में मुख्य आरोपी समेत 6 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और उसमें जांच जारी है। अगर कोई और भी उसमें संलिप्त पाया जाएगा तो उस पर भी कार्रवाई होगी।वहीं डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना क्षम्य नहीं है। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव सरकार का सुशासन है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मामले में तुरंत संज्ञान लिया। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सरकार युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगी। उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने भी कहा कि जो भी दोषी है, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे। सरकार साफ सुधारी परीक्षा प्रणाली चाहती है। यानी IGKV पेपर लीक मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद अब राजनीति भी तेज हो गई है। एक तरफ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पेपर लीक को लेकर सरकार की व्यवस्था और सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इसे सिर्फ एक परीक्षा का पेपर लीक होने का मामला नहीं, बल्कि देशभर में सक्रिय पेपर लीक के नेक्सस से जोड़ते हुए सरकार को घेरा है। (Politics on Paper Leaks)
पारदर्शी बनाने की कार्रवाई पर टिकी नजर
वहीं दूसरी तरफ सरकार की ओर से भी साफ कर दिया गया है कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। डिप्टी CM अरुण साव और उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। अब सवाल सिर्फ गिरफ्तारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि जांच के दायरे में उन सभी कड़ियों को लाना जरूरी है, जिनके जरिए विश्वविद्यालय का गोपनीय प्रश्न पत्र परीक्षा से पहले बाहर पहुंचा, क्योंकि परीक्षा व्यवस्था में एक छोटी सी सेंध भी हजारों छात्रों की मेहनत, उनका भरोसा और उनके भविष्य पर सीधा असर डालती है। ऐसे में अब निगाहें पुलिस की आगे की जांच और विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था को और पारदर्शी बनाने की कार्रवाई पर टिकी हैं। (Politics on Paper Leaks)
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की B.Sc. सेकंड ईयर के दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले में पुलिस ने दुर्ग के भारती एग्रीकल्चर कॉलेज के प्रोफेसर और मास्टरमाइंड योगेश सोनकेसरिया समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक प्रोफेसर ने रायपुर कृषि विश्वविद्यालय से मिले प्रश्न पत्र को अपने पास रखा और लिफाफे में छेद कर इंडोस्कोप कैमरे की मदद से प्रश्न पत्र की फोटो-वीडियो तैयार की। इसके बाद प्रश्न पत्र की सामग्री तैयार कर छात्रों को पैसे लेकर बेच दी गई। जांच में 7 अगस्त की प्लांट पैथोलॉजी और 20 अगस्त की इंटोमोलॉजी परीक्षा के दो पेपर लीक होने का खुलासा हुआ है। एक पेपर 11 हजार और दूसरा 12 हजार रुपए में बेचे जाने की बात सामने आई है। पेपर छात्रों के जरिए आगे सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद विश्वविद्यालय को परीक्षाएं रद्द करनी पड़ी। पुलिस ने 100 से ज्यादा अफसर-जवानों की टीम लगाकर करीब 36 घंटे में मामले का खुलासा किया और 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 2 आरोपी अब भी फरार हैं।



