Google Analytics —— Meta Pixel

अयोध्या के मछली भोज पर बीजेपी का कांग्रेस पर हमला, अजय राय के कार्यक्रम को बताया आस्था का अपमान, CM योगी बोले- इनके सामने गिरगिट भी शरमा जाता है

CM Yogi on Congress: अयोध्या में मछली भोज को लेकर सियासत अब और तीखी हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के स्वागत कार्यक्रम में मछली बनाए जाने के आरोपों पर बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने कांग्रेस को घेरा है। किसी ने इसे सनातन आस्था पर प्रहार बताया तो किसी ने सावन और अयोध्या की पवित्रता का हवाला देकर सवाल खड़े किए। संजय निषाद ने तो कांग्रेस पर निषाद समाज को मछली के नाम पर फंसाने का आरोप लगा दिया। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, तरुण चुघ, करण भूषण सिंह, मुख्तार अब्बास नकवी समेत कई बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। यानी अयोध्या का मछली विवाद अब सियासी वार-पलटवार का बड़ा मुद्दा बन गया है। CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का आचरण देखा होगा, वे हनुमानगढ़ी में दर्शन करने जाते हैं, लेकिन बाद में बाहर मछली की दावत उड़ाते हैं, जो खाना था वो अयोध्या के बाहर जाकर खा लेते, यह इनका दोहरा आचरण है। इनके सामने गिरगिट भी शरमा जाता है।

यह भी पढ़ें:- अयोध्या में कांग्रेस के मछली भोज पर सियासत, सावन में आयोजन को लेकर बीजेपी और संत समाज हमलावर

मंत्री संजय निषाद ने कहा कि ये मछुआरों को मछली के बहाने फंसाना चाहते हैं, लेकिन निषाद फंसने वाला नहीं है। कांग्रेस चालाक पार्टी है। ये नहीं चाहती कि निषादों की गरीबी पर चर्चा हो। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने कहा कि बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है, कांग्रेस पार्टी पिछले कुछ दशकों से भारत, भारतीयता, भारत के सनातन उसका अपमान करने का प्रयास कर रही है। कभी राष्ट्र ध्वज का अपमान करते हैं, कभी राष्ट्र गीत का अपमान करते हैं, कभी पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं, कभी सनातन को डेंगू कहते हैं और जान-बूझकर हिंदुओं के जख्मों पर नमक छिड़कने का, बाबर की याद को ताजा करने का कुकृत्य कांग्रेस पार्टी करती रही है। ये वही लोग हैं जिन्होंने मंदिर निर्माण के रास्ते में रोड़े अटकाए, जिन्होंने सरयू को कारसेवकों के खून से भर दिया था। भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने कहा कि यह गलत है। अगर यही करना था तो अयोध्या से बाहर होकर भोज कर लेते। अंदर भोज करना क्या किसी को चिढ़ाना, किसी के धर्म के साथ खिलवाड़ करना बहुत ही गलत है।

मानसिक दिवालियेपन से ज्यादा कुछ नहीं: नकवी

भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि पवित्र श्रावण मास में अगर आप अयोध्या में मछली की दावत देंगे तो इससे एक बात बहुत साफ है कि आप सनातन के प्रति असहिष्णुता के साथ धर्मनिरपेक्षता के सूरमा बनने की प्रतिस्पर्धा में लगे हैं। उन्होंने आगे कहा कि पवित्र श्रावण मास में अयोध्या में जो आप मछली की दावत कर रहे हैं, दावत-ए-मछली जो हो रही है, मुझे लगता है कि मानसिक दिवालियेपन से ज्यादा कुछ नहीं है। आपकी जो सनातन के प्रति असहिष्णुता है, अराजकता है, उद्दंडता है और उसके जरिये आप अपने को सेक्युलरिज्म का सियासी सूरमा साबित करने में लगे हुए हैं, उससे खुद आप अपना ही सूपड़ा साफ कर रहे हैं, उससे खुद आपका बंटाधार हो रहा है। कभी मैं देखता रहता हूं कि काशी में इनकी मीट की दावत दिखाई पड़ती है, तो कहीं मछली का दस्तरखान लग जाता है, तो ये सब जो सोच और सनक है और सियासत है, इनका खुद का बंटाधार करती जा रही है। (CM Yogi on Congress)

इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण क्या हो सकता है: वाजपेयी

भाजपा के पूर्व सांसद अशोक वाजपेयी ने कहा कि ये बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। अयोध्या हमारी धर्म नगरी है। मर्यादा पुरुषोत्तम राम की जन्मस्थली है और देश के करोड़ों-करोड़ हिंदुओं की आस्था अयोध्या से जुड़ी हुई है। सावन का पवित्र महीना है। तमाम सारे लोग सावन के महीने में रुद्राभिषेक कर रहे हैं और अयोध्या जैसी हमारी पावन नगरी में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकर और उनका मछली भोज हो, इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण क्या हो सकता है। इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस के नेताओं का अयोध्या के प्रति क्या भाव रहा है। उत्तर प्रदेश बीजेपी ने कहा कि सावन का पवित्र माह, अयोध्या नगरी और कांवड़ मार्ग पर मछली भोज का आयोजन कांग्रेसियों की बेशर्मी की पराकाष्ठा है। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के अयोध्या पहुंचने पर हुआ यह कार्यक्रम सनातन आस्था पर सीधा प्रहार है। कांग्रेस की पूरी जमात हिंदू भावनाओं को बार-बार कुचलने में जुटी रहती है। उन्हें न सावन की पवित्रता की परवाह है, न अयोध्या की महिमा की और न ही कांवड़ियों के श्रद्धा की। जो लोग सनातन धर्म का हमेशा अपमान करते हों, वे कभी भी हिंदुओं के हितैषी नहीं हो सकते।

कांग्रेस के कथनी और करनी में जमीन-आसमान का फर्क: राम कृपाल

बिहार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि यही कांग्रेस का असली चेहरा है, इनकी कथनी और करनी में जमीन-आसमान का फर्क है। अयोध्या जैसे पवित्र स्थान पर, वो भी सावन में, ऐसा आयोजन कैसे हो सकता है। कांग्रेस नेता कहते कुछ और हैं, करते कुछ और हैं। उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि ये तो पूरे के पूरे भारत की धरा पर सावन का ऐसा पर्व होता है, ऐसा समय होता है एक महीने का, कि जो मांसाहारी खाने वाले भी जो होते हैं, वो पूर्णतः छोड़ देते हैं। हिंदू सनातन संस्कृति ऐसी रही है कि सनातनी कभी भी सावन के अवसर पर मांसाहारी भोजन का उपयोग नहीं करते हैं। अजय राय जी प्रदेश अध्यक्ष हैं और उनके दल के लोगों ने अयोध्या की पावन धरा पर, वहां पर उन्होंने सावन की महीने में मछली भोज का आयोजन किया था तो यह उनके दल के लोगों की विचारधारा हो सकती है। ये उनकी अपनी मर्जी है, कांग्रेस की अपनी नीतियां हैं, जिस तरीके से करना चाहें वो करें। भगवान उनको सद्बुद्धि देंगे।

सनातन को अपमानित करने का काम करते हैं: पाल

उत्तर प्रदेश ओबीसी मोर्चा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि कांग्रेस समेत इंडी गठबंधन के सारे दल जब भी अवसर मिलता है सनातन को अपमानित करने का काम करते हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने अयोध्या में सावन में मछली बनाकर जो सनातन का अपमान किया है पूरे देश ने देखा है, इंडी गठबंधन को माफ नहीं करेगा। भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने कहा कि अपने आपको हिंदू बताने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए अयोध्या के दर्शन करने जाते हैं, परंतु वे भूलते हैं कि ये सावन का महीना है और सावन के अंदर मांस, मछली से दूरी रखी जाती है। लहसुन, प्याज से भी दूरी रखी जाती है, परंतु ये नए प्रकार के सनातनी हैं, जिनको सिर्फ दिखावे के लिए सनातन का काम करना है, दिखावे के लिए मंदिर जाना है, लेकिन सनातन की जो प्रथाएं हैं, उनको फॉलो नहीं करना। झारखंड के भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि भगवान श्रीराम को मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है सनातनियों के लिए और उनके जन्म स्थान पर पवित्र नगरी अयोध्या में कोई सावन के पवित्र माह में अगर मछली का सेवन करे, तो वो इंसान नहीं, राक्षस प्रवृत्ति का व्यक्ति होगा। (CM Yogi on Congress)

ये रावण के वंशज हैं: शाहदेव

उन्होंने आगे कहा कि ये तो ऐसे भी भगवान श्रीराम को नहीं मानने वाले लोग थे, तभी 2007 में सुप्रीम कोर्ट में एफिडेविट करके कह दिया था कि प्रभु श्रीराम काल्पनिक हैं। तो हमारा मानना है कि जो रावण की सोच थी कि प्रभु श्रीराम हैं ही नहीं, वही इनकी सोच है। ये रावण के वंशज हैं, ये महिषासुर के वंशज हैं, ये शूर्पणखा के वंशज हैं, जो इस तरीके से मांस आहार का सेवन करके पवित्र नगरी का अपमान करते हैं और कभी न कभी हमेशा कांग्रेस अपना असली चेहरा दिखा देती है। अयोध्या में मछली भोज पर सियासत थमने का नाम नहीं ले रही। बीजेपी इसे सावन, अयोध्या और सनातन आस्था से जोड़कर कांग्रेस पर हमलावर है तो कांग्रेस इसे निषाद समाज की परंपरा और खान-पान के अधिकार से जोड़कर बीजेपी पर पलटवार कर रही है। यानी मछली की एक थाली ने यूपी की सियासत में आस्था, परंपरा और राजनीति तीनों को आमने-सामने ला दिया है। अब देखना होगा कि ये विवाद यहीं थमता है या 2027 की सियासत तक इसकी आंच पहुंचती है।

Back to top button
error: Content is protected !!