Google Analytics —— Meta Pixel

अयोध्या के मछली भोज पर सियासी संग्राम, अजय राय बोले- निषाद समाज की जीवनशैली पर हमला कर रही BJP

Ajay Rai on BJP: अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के स्वागत कार्यक्रम से जुड़े मछली भोज ने यूपी की सियासत गरमा दी है। सावन में मछली भोज के आरोपों पर बीजेपी जहां कांग्रेस को घेर रही है, वहीं कांग्रेस ने पलटवार करते हुए पूरे विवाद को निषाद समाज और उसकी जीवनशैली से जोड़ दिया है। अजय राय ने साफ कहा कि वे निषाद समाज के कार्यक्रम में शामिल हुए थे और मछली भोज उनका आयोजन था। वहीं कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी से सवाल किया कि जब उसके नेता सावन में मटन-मुर्गा खाते हैं तो कांग्रेस के कार्यक्रम पर सवाल क्यों? यानी अयोध्या का मछली भोज अब सीधे सियासी थाली का मुद्दा बन गया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कल निषाद समाज ने मुझे बुलाया था। मैं जब भी अयोध्या जाता हूं पहले हनुमानगढ़ी और भगवान राम के दर्शन करता हूं और फिर कार्यक्रम में जाता हूं।

यह भी पढे़ं:- अयोध्या के मछली भोज पर बीजेपी का कांग्रेस पर हमला, अजय राय के कार्यक्रम को बताया आस्था का अपमान, CM योगी बोले- इनके सामने गिरगिट भी शरमा जाता है

उन्होंने कहा कि निषाद समाज के कार्यक्रम में वे मछली का भोज करा रहे थे, ये उनका काम था। मैं कार्यक्रम में शामिल हुआ और वापस लखनऊ लौट आया। मछली पालना, पकड़ा और खाना निषाद समाज की जीवनशैली में है। भाजपा निषाद समाज का अपमान कर रही है, निषाद समाज इसे भूलेगा नहीं। अगर मुख्यमंत्री आलोचना कर रहे हैं और उनके पास कोई फोटो है तो दिखा दें। मैं इस्तीफा देने के लिए तैयार हूं। कांग्रेस यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि हमें तो जानकारी नहीं है कि कोई मछली भोज हुआ है। दूसरी बात यह जो जल से जुड़ा समाज है, जो नदियों के किनारे रहता है। केवट, मल्लाह, कश्यप, ढीमर और निषाद का मुख्य खाना 12 मास मछली ही है। यह नदियों में काम करते हैं। क्या खाना है या नहीं खाना है, यह भाजपा तय नहीं करेगी। संविधान ने सभी को अधिकार दिया है। (Ajay Rai on BJP)

भाजपा मल्लाह समाज का अपमान कर रही: पाल

राजेंद्र पाल ने आगे कहा कि भाजपा मल्लाह समाज का अपमान कर रही है। उनका मुख्य भोजन ही मछली है। दूसरी बात यह है कि मछली भोज की हमें जानकारी नहीं है। क्या हमारा कोई फोटो है? कि हम वहां बैठकर मछली खा रहे हैं? या अजय राय का कोई फोटो है? हम दिखाते हैं एक फोटो, इसका जवाब दे दें। इनके राष्ट्रीय अध्यक्ष खा रहे हैं, भाजपा इसका जवाब दे दें। नवरात्रों के दौरान तस्वीर में अनुराग कश्यप मांस खा रहे हैं। इसका जवाब दे दें। भाजपा पहले अपने गिरेबान में झांके। सपा सांसद जितेंद्र दोहरे ने कहा कि भाजपा के लोग मछली भोग, मुर्गा भोग, मटन भोग खाते हैं। हम सभी लोग सनातन को मानने वाले लोग हैं। हम चाहते हैं कि किसी की आस्था पर ठेस नहीं पहुंचाए जाए। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि वे निषाद समाज के कार्यक्रम में गए थे। ना स्वयं इन्होंने उसका सेवन किया ना किसी और ने किया। अजय राय ने कहा कि पीछे क्या बन रहा वो वे लोग जानें। निषाद समाज मछली भात का सेवन करता है। ये उस समाज की अपनी विशेषताएं हैं। (Ajay Rai on BJP)

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को टारगेट करना बंद करें: मनोज पांडे

कांग्रेस सांसद पवन पेड़ा ने कहा कि ऐसे मुद्दे इसलिए उठाए जाते हैं, ताकि पेपर लीक जैसे जरूरी मुद्दे न उठें। आज जब लोग अयोध्या के बारे में सोचते हैं तो उन्हें चंदे की चोरी याद आती है। क्या ‘माछ-भात’ लोगों को अयोध्या में चंदे की चोरी भूला सकता है? नागपुर में लोग सोचते हैं कि मछली नहीं खानी चाहिए। अजय राय शाकाहारी हैं, अगर वे नहीं भी होते तो इसमें क्या गलत है ? JMM प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा कि पहले जो भाजपा के लोग, तमाम नेता बैठकर जो सावन में मटन और मुर्गा खाया, उसका जवाब दीजिए। आज से एक हफ्ता पहले नितिन नबीन और साथ में सैकड़ों भाजपा के नेता बैठकर मटन और मुर्गा का आनंद ले रहे थे। अब कोई AI से एडिटेड वीडियो पर कांग्रेस को और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को टारगेट करना बंद करें। तो अयोध्या का ये मछली भोज अब सिर्फ खाने की थाली तक सीमित नहीं रहा। सियासत में आस्था, परंपरा और खान-पान के अधिकार तक पहुंच गया है। बीजेपी इसे सनातन के अपमान से जोड़ रही है तो कांग्रेस निषाद समाज की जीवनशैली और खान-पान के अधिकार का सवाल उठा रही है। अब सवाल ये है कि अयोध्या में मछली की ये सियासत 2027 तक कितना रंग दिखाएगी?

Back to top button
error: Content is protected !!