Google Analytics —— Meta Pixel

अयोध्या में कांग्रेस के मछली भोज पर संत समाज नाराज, बोले- सावन और एकादशी में ऐसा आयोजन सनातन का अपमान

Saint Community on Congress: अयोध्या में कांग्रेस के मछली भोज को लेकर अब संत समाज की नाराजगी भी खुलकर सामने आ गई है। रामादल ट्रस्ट के अध्यक्ष कल्कि राम से लेकर साकेत भवन के महंत सीताराम दास और हनुमानगढ़ी के पुजारी देवेशाचार्य महाराज तक ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के कार्यक्रम पर सवाल उठाए हैं। संतों का कहना है कि सावन के पवित्र महीने और एकादशी की तिथि पर अयोध्या जैसी धर्मनगरी में मछली भोज का आयोजन धार्मिक भावनाओं के विपरीत है। वहीं बाबरी मस्जिद के पूर्व मुद्दई इकबाल अंसारी ने भी सावन में मांस-मछली से परहेज की बात कही है। रामादल ट्रस्ट के अध्यक्ष कल्कि राम ने कहा कि धर्मनगरी अयोध्या में जब कोई आम श्रद्धालु भी आता है, भले ही वो अपने दैनिक जीवन में मांसाहारी हो, किंतु अयोध्या आने से दो दिन पूर्व भी अपने शरीर की शुद्धि करता है और शुद्ध सात्विक होकर रहता है कि हमें धर्मनगरी जाना है।

यह भी पढ़ें:- अयोध्या के मछली भोज पर सियासी संग्राम, अजय राय बोले- निषाद समाज की जीवनशैली पर हमला कर रही BJP

उन्होंने कहा कि यह संगठन जिसका गठन ही सनातन समाज के अस्तित्व का नष्ट करने के लिए किया गया था, ये धर्मनगरी में आकर पहले अखिल ब्रह्मांडनायक पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम लला का दर्शन करेंगे, तत्पश्चात भक्त शिरोमणि हनुमान जी के दर्शन का स्वांग रचेंगे और बाहर निकलते ही मच्छी-भात का सेवन करेंगे और बताएंगे कि हनुमान जी की गदा चलेगी। हनुमान जी की गदा चलेगी। सनातनी ध्यान दें, जो सनातनी भूलवश अपने स्वार्थ के चलते इस अंग्रेजी संगठन का कांग्रेस का झंडा उठाए चल रहे हैं, उन्हें जान लेना चाहिए कि सत्यानाश निश्चित है और पूरी कांग्रेस का नाश हो जाएगा। साकेत भवन के महंत सीता राम दास ने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय हनुमान जी महाराज का दर्शन करता, अपने आपको काशी का निवासी बनता है। ऐसे भूत-भावन भगवान के पवित्र सावन मास के उपलक्ष्य में एकादशी के दिन जाकर ऐसे घृणित कुकृत्य कर्म कर डालता है, जिसको कभी कोई सोच नहीं सकता है। ऐसे महापापियों को दंड देने की आवश्यकता है, समय आने पर इसको ऐसा दंड मिलेगा कि इसकी पीढ़ी दर पीढ़ी याद करेगी। (Saint Community on Congress)

सभी एकजुट होकर के इनको दंडित करें: देवेशाचार्य महाराज

हनुमान गढ़ी के पुजारी संत देवेशाचार्य महाराज ने कहा कि देखिए, बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के द्वारा भगवान का दर्शन करके, उसके बाद श्रावण के पवित्र महीने में, एकादशी की पवित्र तिथि पर, जिस तरह से उन्होंने मछली भोज किया है, ये सनातन का उपहास करने का कार्य किया है, सनातनियों का मजाक उड़ाने का कार्य किया है, ये बिल्कुल अक्षम्य है। इनको दंडित करने की आवश्यकता है, सनातनी सभी एकजुट होकर के इनको दंडित करें, जिससे भविष्य में कोई भी इस तरह का कुकृत्य ना कर सके। सनातन रक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुंद माधव त्रिपाठी ने कहा कि सावन के महीने में रामनगरी में मछली भोज कराया जाना धार्मिक भावनाओं का अपमान है। कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय हनुमानगढ़ी में दर्शन करने के बाद लॉन में मछली भोज करवा रहे हैं, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। सावन के महीने में रामनगरी अयोध्या आकर मछली भोज करना शर्मनाक है। (Saint Community on Congress)

सनातन का अपमान ही अब कांग्रेस की पहचान बन चुका: चौधरी

UP बीजेपी अध्यक्ष और सांसद पंकज चौधरी ने कहा कि सनातन का अपमान ही अब कांग्रेस की पहचान बन चुका है। पवित्र श्रावण मास में हमारे आराध्य प्रभु श्री राम की पावन नगरी अयोध्या धाम में कांग्रेस अध्यक्ष के स्वागत समारोह में कांग्रेस नेताओं द्वारा ‘मछली भोज’ का आयोजन करना अत्यंत निंदनीय और अक्षम्य है। कांग्रेस पार्टी का इतिहास गवाह है कि इन्होंने हमेशा हिंदू समाज की धार्मिक मान्यताओं, सांस्कृतिक मूल्यों और करोड़ों सनातनियों की आस्था पर कुठाराघात किया है। पवित्र पावन माह में धर्मनगरी की मर्यादा को तार-तार करके कांग्रेस ने सिद्ध कर दिया है कि उसे न तो रामनगरी की पवित्रता की परवाह है और न ही कांवड़ियों व संत समाज की भावनाओं की। अयोध्या के पूज्य संतों और जन-जन में इस कुकृत्य को लेकर भारी आक्रोश है। वोट बैंक और घटिया राजनीति के लिए बार-बार सनातन धर्म का अपमान करना कांग्रेस की नीयत बन चुकी है। इस अमर्यादित कृत्य के लिए कांग्रेस पार्टी को संत समाज और देशवासियों से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगनी चाहिए।

मछली भोज का आयोजन करना कौन सी परिपाटी है ?: बंसल

VHP नेता विनोद बंसल ने कहा कि उस खाने के नाम पर निषाद राज का नाम लेना जो भगवान राम के मित्र थे, केवल अपने कुकर्मों को छिपाने के लिए ऐसे महात्मा का नाम लेना अयोध्या में जाकर हनुमान गढ़ी के दर्शन करना और उसके बाद मछली भोज का आयोजन करना कौन सी परिपाटी है? राम का नाम लेना और काम रामद्रोही करना कहां की मानसिकता है? उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा कि सावन के महीने में वहां भोज करवाना बहुत दुखद है और यह कांग्रेस पार्टी की सोच को दर्शाता है। विपक्ष के पास कोई एजेंडा नहीं है। विपक्ष जाति और तुष्टिकरण के नाम पर वोट मांगता है। जनता ने विपक्ष को नकार दिया है और विपक्ष सिर्फ सत्ता हासिल करने की चिंता कर रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि कांग्रेस अयोध्या में मछली भोज चला रही है, ये कांग्रेस का कल्चर है। देश संविधान के दायरे में चल रहा है और सभी को संविधान के दायरे में रहकर ही काम करना होगा। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं पर हमला बोलते हुए कहा कि ये लोग झूठ बोलने का ठेका लिए हुए हैं।

मांस और मछलियों को वर्जित रखना चाहिए: अंसारी

वहीं बाबरी मस्जिद के पूर्व मुद्दई इकबाल अंसारी ने कहा कि अयोध्या नगरी धर्म की नगरी है और यह सावन का पवित्र महीना है। सावन के महीने में, खासकर हिंदू धर्म में, इसे पूजा-पाठ का महीना माना जाता है। पूजा-पाठ के इस महीने में लोगों को मांस और मछलियों को वर्जित रखना चाहिए, क्योंकि यह एक पवित्र महीना है। यह सावन का महीना है। यह हरियाली का महीना है। अयोध्या एक जिला है, जहां लोगों को इस पवित्र महीने में पूजा-पाठ पर ध्यान देना चाहिए। लोगों को मांस, मछली, मुर्गा और अंडे जैसी चीज़ों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। वहीं इस कार्यक्रम के आयोजक कांग्रेस नेता राम निहाल निषाद ने कहा कि खाना खाने में क्या बुराई है? सावन या किसी भी अन्य महीने के आधार पर किसी के खाने पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए। अयोध्या में मछली भोज पर संत समाज की नाराजगी ने विवाद को और गहरा कर दिया है। अब सवाल सिर्फ मछली भोज का नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और सियासत के टकराव का है। (Saint Community on Congress)

Back to top button
error: Content is protected !!