बारिश के साथ बढ़ा बीमारियों का खतरा, डेंगू-स्वाइन फ्लू का डबल अटैक, 6 राज्यों में बढ़ी चिंता

Risk of Diseases: मानसून के बीच देश के कई हिस्सों में मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। एक तरफ डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं तो दूसरी तरफ स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। महाराष्ट्र के नासिक शहर में दोनों बीमारियों के बढ़ते मामलों ने प्रशासन के सामने दोहरी चुनौती खड़ी कर दी है। वहीं देश के छह राज्यों में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने की सलाह दी गई है। नासिक में इस साल की शुरुआत में स्वाइन फ्लू के मामले नियंत्रण में थे, लेकिन अगस्त आते-आते संक्रमण के मामलों में अचानक तेजी देखी गई। जनवरी से अब तक शहर में H1N1 के कुल 85 कन्फर्म मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से पांच मरीजों की मौत हुई है।
यह भी पढ़ें:- अयोध्या में कांग्रेस के मछली भोज पर संत समाज नाराज, बोले- सावन और एकादशी में ऐसा आयोजन सनातन का अपमान
सबसे ज्यादा चिंता अगस्त के आंकड़ों को लेकर है। 1 से 20 अगस्त के बीच 57 नए मामले सामने आए। इनमें से 42 मामले सिर्फ पिछले 10 दिनों में रिपोर्ट किए गए हैं। यानी कम समय में संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। स्वाइन फ्लू से हुई पांच मौतों में तीन मौतें जुलाई और दो अगस्त में दर्ज की गई हैं। मृतकों में तीन लोग ग्रामीण क्षेत्रों से थे, हालांकि उनका इलाज नासिक शहर के निजी अस्पतालों में चल रहा था। स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए कई राज्यों में स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट किया गया है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत छह राज्यों में संक्रमण के मामले सामने आए हैं। वहीं, दिल्ली सरकार भी स्वाइन फ्लू को लेकर बैठक कर अस्पतालों की तैयारियों और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रही है। (Risk of Diseases)
डेंगू के मामलों ने भी बढ़ाई चिंता
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून के दौरान तापमान में बदलाव, नमी और लोगों के बीच बढ़ता संपर्क वायरल संक्रमण के फैलाव की स्थिति को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में अस्पतालों को संदिग्ध मरीजों की पहचान और उपचार को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। नासिक में सिर्फ स्वाइन फ्लू ही नहीं, बल्कि डेंगू के मामले भी तेजी से बढ़े हैं। साल की शुरुआत से जून तक शहर में डेंगू के 23 मामले सामने आए थे। इसके बाद जुलाई में 33 नए मामले दर्ज किए गए। अगस्त के शुरुआती 14 दिनों में ही डेंगू के 29 और मामले सामने आए। इसके बाद 19 अगस्त तक इस साल डेंगू के कुल मामले 85 तक पहुंच गए। मानसून के दौरान जगह-जगह पानी जमा होने से डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के प्रजनन का खतरा बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए नासिक नगर निगम की टीमों ने अलग-अलग इलाकों में जांच अभियान चलाया।
208 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी
जांच के दौरान कई जगहों पर डेंगू फैलाने वाले मच्छरों का लार्वा मिलने के बाद नगर निगम ने 208 प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रशासन की ओर से लोगों और संस्थानों से पानी जमा न होने देने, आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की जा रही है। हालांकि संक्रमण के बढ़ते आंकड़ों के बीच सवाल यह भी है कि मौजूदा रोकथाम अभियान कितने प्रभावी साबित हो रहे हैं। नासिक में एक ही समय पर स्वाइन फ्लू और डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी स्वास्थ्य प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। एक ओर H1N1 के मामलों में अगस्त के दौरान तेजी आई है तो दूसरी ओर डेंगू के आंकड़े भी लगातार बढ़ रहे हैं। मानसून के दौरान दोनों बीमारियों का बढ़ता प्रकोप लोगों के लिए भी चिंता का कारण है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के सामने संक्रमण की निगरानी बढ़ाने, अस्पतालों को तैयार रखने और मच्छरों के प्रजनन को रोकने की चुनौती है। (Risk of Diseases)



