सेमीकंडक्टर, AI और ग्रीन एनर्जी तक जापान के निवेशकों के लिए भारत बना नया हब, भारत-जापान साझेदारी को मिली नई रफ्तार

India Japan Partnership: केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की जापान यात्रा के दौरान भारत और जापान के बीच आर्थिक, तकनीकी और निवेश सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। टोक्यो में आयोजित अलग-अलग बैठकों में सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), उन्नत विनिर्माण, स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और संस्थागत निवेश जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) की समीक्षा में तेजी लाने और जापान से भारत में 10 ट्रिलियन येन के निजी निवेश के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने पर भी सहमति बनी। पीयूष गोयल ने टोक्यो में सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आयोजित भारत-जापान उद्योग गोलमेज बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में दोनों देशों के उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर और एआई जैसे उभरते क्षेत्र भारत-जापान आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग के लिए महत्वपूर्ण अवसर पैदा कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- रक्षा से समुद्र तक आत्मनिर्भर भारत की बड़ी छलांग, मिसाइल तकनीक से स्वदेशी जहाजों तक बढ़ी ताकत
उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर और एआई दोनों देशों की आर्थिक सुरक्षा साझेदारी के अहम स्तंभ बन रहे हैं। भारत सरकार ने इन रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग को गहरा और व्यापक बनाने के लिए जापानी उद्योग जगत को पूर्ण समर्थन का भरोसा दिया। गोयल ने भारत में सेमीकंडक्टर क्षेत्र के तेजी से विस्तार की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साल 2032 तक देश में सेमीकंडक्टर की मांग करीब 150 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। भारत सरकार की सेमीकंडक्टर रणनीति में चिप डिजाइन, सेमीकंडक्टर मशीनरी और सामग्री, फैब्रिकेशन, एटीएमपी/ओएसएटी, अनुसंधान, विकास समेत प्रतिभा विकास जैसे क्षेत्र शामिल हैं। बड़े पैमाने पर निवेश को बढ़ावा देने के लिए ‘सेमीकॉन इंडिया 1.0’ के तहत 10 अरब डॉलर और ‘सेमीकॉन इंडिया 2.0’ के तहत अतिरिक्त 15 अरब डॉलर की सरकारी प्रतिबद्धता का भी उल्लेख किया गया। केंद्रीय मंत्री ने भारत के कुशल मानव संसाधन को जापान की उन्नत तकनीक, इंजीनियरिंग क्षमता और औद्योगिक विशेषज्ञता के साथ जोड़ने की संभावनाओं पर जोर दिया। उनका कहना है कि इससे दोनों देशों के बीच निवेश, नवाचार, विनिर्माण और तकनीकी साझेदारी के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। (India Japan Partnership)
जापान की 21 प्रमुख कंपनियों ने लिया हिस्सा
गोलमेज बैठक में जापान की करीब 21 प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें टोक्यो इलेक्ट्रॉन, डाइफुकु, प्रेफर्ड नेटवर्क्स, अबेजा, मिनेबेआमित्सुमी, तनाका प्रेशियस मेटल्स टेक्नोलॉजीज, फुजीफिल्म होल्डिंग्स, टोरे इंडस्ट्रीज, निप्पॉन एक्सप्रेस होल्डिंग्स, मिजुहो फाइनेंशियल ग्रुप, क्योसेरा कॉरपोरेशन, फुजी इलेक्ट्रिक, रोहम, एनईसी कॉरपोरेशन और अन्य प्रमुख कंपनियां शामिल थीं। जापानी कंपनियों ने भारत के सेमीकंडक्टर और एआई सेक्टर में बढ़ते अवसरों को लेकर भरोसा जताया और ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजाइन इन इंडिया’ और ‘डेवलप इन इंडिया’ के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कंपनियों ने भारत में अपने मौजूदा कामकाज, क्षमताओं और प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी भी साझा की। इससे गोयल ने जापान के अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग मंत्री अकाजावा रयोसेई के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों मंत्रियों ने भारत-जापान के बीच व्यापार और निवेश समेत व्यापक आर्थिक सहयोग की समीक्षा की। (India Japan Partnership)

बैठक में व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते यानी CEPA की समीक्षा में तेजी लाने की आवश्यकता पर चर्चा हुई। उद्देश्य यह है कि समझौते को भविष्य की जरूरतों और उभरते आर्थिक अवसरों के अनुरूप ज्यादा प्रभावी बनाया जा सके। दोनों देशों ने नए और उभरते क्षेत्रों, अगली पीढ़ी के उद्योगों, मैन्युफैक्चरिंग, तकनीक और नवाचार में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की। साथ ही जापान से भारत में अगले दशक में 10 ट्रिलियन येन के निजी निवेश के लक्ष्य की दिशा में हुई प्रगति की भी समीक्षा की गई। टोक्यो में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीयूष गोयल ने जापान में रहने वाले करीब 60 हजार भारतीयों के योगदान की सराहना की। उन्होंने भारतीय समुदाय को ‘भारत का ब्रांड एंबेसडर’ बताते हुए कहा कि जापानी समाज में भारतीयों का व्यवहार, कार्यशैली और अलग-अलग क्षेत्रों में योगदान भारत की सकारात्मक पहचान बनाने में मदद कर रहा है। गोयल ने कहा कि जापान में भारतीय समुदाय ने दोनों देशों के बीच सद्भावना बढ़ाने और कारोबार के लिए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी जापान यात्रा के दौरान भारतीय उद्योग और व्यापार जगत के 200 से ज्यादा प्रतिनिधि साथ गए हैं, जो दोनों देशों के बीच कारोबार-से-कारोबार संबंधों और निवेश के अवसरों में बढ़ती रुचि को दर्शाता है।

भारत की युवा आबादी और तकनीकी क्षमता पर जोर
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में वैश्विक स्तर पर भारत की स्थिति और देश के प्रति भरोसा बढ़ा है। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के विजन का उल्लेख करते हुए आत्मनिर्भरता, आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को इसकी बुनियाद बताया। भारत की करीब 29 साल की औसत आयु वाली युवा आबादी को उन्होंने देश की बड़ी ताकत बताया। उनके अनुसार भारतीय युवा अब केवल रोजगार तलाशने वाले नहीं हैं, बल्कि स्टार्टअप, तकनीक और उद्यमिता के जरिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रहे हैं। गोयल ने जापान में भारतीय पेशेवरों और कुशल कामगारों के लिए उपलब्ध अवसरों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देखभाल कर्मियों, नर्सों, वेल्डरों, बढ़इयों, इलेक्ट्रीशियनों, प्लंबरों, ड्राइवरों, इंजीनियरों, एआई विशेषज्ञों, चार्टर्ड अकाउंटेंट और समुद्री कर्मचारियों समेत कई क्षेत्रों में कुशल श्रमिकों की मांग है। उन्होंने भारतीय समुदाय से जापानी भाषा और संस्कृति सीखने, जापान के कानूनों और नियमों का सम्मान करने, दोनों देशों के बीच लोगों के संपर्क और आर्थिक रिश्तों को मजबूत करने में योगदान देने की अपील की।

भारतीयों की सुरक्षा को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता
केंद्रीय मंत्री ने विदेशों में रहने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और भलाई के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने यूक्रेन संकट के दौरान भारतीय छात्रों और नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के प्रयासों का उल्लेख किया। इसके अलावा पश्चिम एशिया में हालिया संघर्ष के दौरान वहां फंसे भारतीय मछुआरों की मदद और उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए भारतीय राजनयिक मिशनों, स्थानीय ज्यादाारियों और भारतीय समुदाय की भूमिका को भी रेखांकित किया। गोयल ने कहा कि विदेशों में रहने वाले भारतीय भारत की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और जरूरत के समय सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। गोयल ने टोक्यो में जापान के प्रमुख वित्तीय और निवेश संस्थानों के शीर्ष ज्यादाारियों के साथ भी बैठक की। बैठक में एमयूएफजी, डेवलपमेंट बैंक ऑफ जापान, मिजुहो, मॉर्गन स्टेनली, नोमुरा और निप्पॉन लाइफ के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हुए। चर्चा का मुख्य फोकस भारत में दीर्घकालिक जापानी पूंजी का प्रवाह बढ़ाना, निवेश साझेदारी को मजबूत करना और भारत के विकास में जापान की भागीदारी का विस्तार करना रहा।

सेमीकंडक्टर से ग्रीन हाइड्रोजन तक निवेश के अवसर
गोयल ने वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने पिछले साल 7.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है और साल 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने मजबूत बैंकिंग क्षेत्र, बेहतर पूंजी पर्याप्तता, गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों के निम्न स्तर, बढ़ते मध्यम वर्ग और बढ़ती प्रयोज्य आय को भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती के प्रमुख आधारों के रूप में रेखांकित किया। जापानी निवेशकों के सामने भारत में सेमीकंडक्टर, एआई, डेटा सेंटर, नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, उन्नत विनिर्माण और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं रखी गईं। गोयल ने कहा कि भारत की बढ़ती नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता और राष्ट्रीय विद्युत ग्रिड ऊर्जा-गहन डिजिटल उद्योगों के विस्तार के लिए मजबूत आधार उपलब्ध कराते हैं। वहीं भारत सेमीकंडक्टर मिशन विनिर्माण और तकनीकी क्षेत्र में नए अवसर पैदा कर रहा है। (India Japan Partnership)

जापानी संस्थानों का भारत पर दीर्घकालिक भरोसा
बैठक में जापानी वित्तीय संस्थानों ने भारत की दीर्घकालिक विकास क्षमता पर भरोसा जताया। एमयूएफजी ने श्रीराम फाइनेंस में करीब 4 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश और नवीकरणीय ऊर्जा एवं हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों में बढ़ती रुचि का उल्लेख किया। डेवलपमेंट बैंक ऑफ जापान ने भारत के लिए अपनी समर्पित रणनीति और संपत्ति विकास, वेंचर कैपिटल और दीर्घकालिक निवेश के अवसरों में रुचि साझा की। मिजुहो ने भारत में जापानी कंपनियों की बढ़ती लाभप्रदता और अपने परिचालन के विस्तार की जानकारी दी। वहीं मॉर्गन स्टेनली ने भारत को अपने महत्वपूर्ण वैश्विक केंद्रों में से एक बताते हुए यहां 19 हजार से ज्यादा कर्मचारियों की मौजूदगी का उल्लेख किया। नोमुरा ने भारत में एआई और साइबर सुरक्षा जैसी तकनीकी क्षमताओं का उल्लेख किया, जबकि निप्पॉन लाइफ ने दीर्घकालिक ‘स्थिर पूंजी’ के महत्व और भारत में अपने मजबूत परिचालन परिणामों पर जोर दिया।

निवेश की राह आसान बनाने पर जोर
बैठक में जापानी संस्थागत पूंजी के भारत में प्रवाह को और आसान बनाने के उपायों पर भी चर्चा हुई। निवेशकों ने लाभ वापसी की प्रक्रियाओं को सरल बनाने, भारतीय पूंजी बाजारों तक पहुंच बेहतर करने और दीर्घकालिक निवेशकों के लिए नियामक व्यवस्था को ज्यादा पूर्वानुमान योग्य बनाने की जरूरत बताई। जापानी संस्थानों ने भारत के प्रति अपने दीर्घकालिक रणनीतिक दृष्टिकोण को सकारात्मक बताया, हालांकि मुद्रा में उतार-चढ़ाव और कुछ नियामकीय और नीतिगत कारकों को अल्पकालिक निवेश निर्णयों को प्रभावित करने वाला बताया। गोयल ने कारोबार सुगमता में लगातार सुधार और निवेश के लिए ज्यादा अनुकूल वातावरण तैयार करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में भारत के GIFT City की भूमिका पर भी चर्चा हुई। इसे अंतरराष्ट्रीय पूंजी के लिए प्रवेश द्वार और भारत-जापान के बीच सीमा-पार निवेश प्रवाह को बढ़ावा देने वाले मंच के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।
अगले दशक में 10 ट्रिलियन येन निवेश का लक्ष्य
गोयल ने कहा कि भारत की प्राथमिकता सिर्फ पूंजी आकर्षित करना नहीं, बल्कि ऐसी दीर्घकालिक साझेदारियां बनाना है, जिनसे तकनीक, नवाचार, विनिर्माण क्षमता, रोजगार और वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं के साथ भारत का एकीकरण मजबूत हो। भारत-जापान के बीच अगले दशक में भारत में 10 ट्रिलियन येन का जापानी निजी निवेश जुटाने के लक्ष्य के लिहाज से टोक्यो में हुई ये चर्चाएं अहम मानी जा रही हैं। बैठकों से जापानी वित्तीय संस्थानों और उद्योग जगत के भारत की दीर्घकालिक विकास क्षमता में भरोसे का संकेत मिला है। सेमीकंडक्टर और एआई से लेकर स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और उन्नत विनिर्माण तक कई रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं सामने आई हैं। ऐसे में पीयूष गोयल की जापान यात्रा को भारत-जापान आर्थिक साझेदारी को नई गति देने और दीर्घकालिक निवेश, तकनीक समेत कारोबारी संबंधों को विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा सकता है।




