Google Analytics —— Meta Pixel

CG NEWS : 26 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या, सीमेंट के खंभे से सिर पर किया वार

रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम जुगेसर में 26 वर्षीय महिला की नृशंस हत्या से सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह महिला का शव सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसके सिर पर सीमेंट के खंभे से वार कर हत्या की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों ने सुबह सड़क किनारे महिला का शव देखा तो इसकी सूचना तत्काल मंदिर हसौद पुलिस को दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से खून से सने सीमेंट के पोल के दो टुकड़े बरामद किए गए हैं। आशंका है कि इन्हीं से महिला के सिर पर हमला किया गया।

FSL और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य

हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारियों के साथ FSL टीम और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल को सुरक्षित कर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने मौके से मिले संदिग्ध सामान और अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया है।

पुलिस ने मृतका की पहचान कर ली है। हालांकि, हत्या की वजह और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी के बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और संदिग्ध लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। डॉग स्क्वॉड की मदद से भी संभावित सुराग तलाशे गए हैं।

फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। महिला की किसी से पुरानी रंजिश, विवाद या संपर्क था या नहीं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!