नेपाल में बाढ़ से हाहाकार, भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ, HADR और मेडिकल मदद भेजी, बिहार-UP में हाई अलर्ट

High Alert in UP Bihar: नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी है। नेपाल-तिब्बत सीमा से लगे इलाकों में आई बाढ़ और ग्लेशियर फटने की घटना के बाद कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। हालात को देखते हुए भारत ने नेपाल के लिए मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियान तेज कर दिया है। वहीं नेपाल से आने वाले पानी के संभावित असर को देखते हुए बिहार और उत्तर प्रदेश में भी प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए भारतीय वायुसेना ने हिंडन एयरबेस से दूसरी राहत उड़ान रवाना की है। IAF के C-17 विमान में करीब 37.5 टन मानवीय सहायता और आपदा राहत सामग्री, दवाइयां और खाने के पैकेट भेजे गए हैं। भारत की ओर से नेपाल को लगातार राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि भारत की HADR और मेडिकल सहायता काठमांडू पहुंच गई है और राहत कार्यों में सहयोग के लिए अतिरिक्त मदद जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें:- Nepal Flood: नेपाल में बाढ़ से तबाही, छत्तीसगढ़ के लोगों की मदद के लिए सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
भारत ने इससे पहले भी नेपाल को मानवीय सहायता उपलब्ध कराई है। काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के मुताबिक भारत की ओर से 10 टन मानवीय सहायता सामग्री नेपाल के संस्कृति, पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्री खड्का राज पौडेल को सौंपी गई। भारतीय दूतावास ने कहा कि भारत मुश्किल की इस घड़ी में नेपाल के साथ मजबूती से खड़ा है और हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है। नेपाल में आई बाढ़ का असर बिहार पर पड़ने की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार और प्रशासन अलर्ट मोड में हैं। खासतौर पर पश्चिम चंपारण में गंडक नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। वाल्मीकिनगर बैराज और आसपास के इलाकों का प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया है। पश्चिमी चंपारण के डीएम तरनजोत सिंह के मुताबिक नेपाल के देवघाट में पानी क्रॉस कर चुका है और उसके बाद वाल्मीकिनगर बैराज तक पानी पहुंचने की संभावना है। हालांकि प्रशासन का अनुमान है कि जलस्तर डेंजर लेवल से नीचे रह सकता है। इसके बावजूद तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों को अलर्ट कर दिया गया है। (High Alert in UP Bihar)

CM और मंत्रियों ने किया हवाई सर्वेक्षण
बिहार में एहतियात के तौर पर NDRF की टीमें भी तैनात की गई हैं। NDRF अधिकारियों के मुताबिक, पश्चिम चंपारण और मुजफ्फरपुर में टीमें तैनात हैं और राज्य में कुल नौ टीमें सक्रिय हैं। इसके अलावा अतिरिक्त टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है। नेपाल में बाढ़ के बाद संभावित असर को देखते हुए बिहार के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों ने सीमावर्ती इलाकों की स्थिति का जायजा लिया। बगहा, वाल्मीकिनगर, बेतिया और मोतिहारी जैसे इलाकों में प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई। सरकार की ओर से कहा गया है कि संभावित बाढ़ को देखते हुए सुरक्षा, राहत और बचाव से जुड़े सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि नेपाल के तिब्बत से लगे उत्तरी क्षेत्र में बादल फटने/ग्लेशियर से जुड़ी घटना के बाद पानी का प्रवाह तेजी से बढ़ा, लेकिन भारत की ओर आते-आते पानी के वेग और मात्रा में कमी आने की संभावना है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और कहा है कि घबराने की जरूरत नहीं है।
NDRF की नेपाल से आने वाले पानी पर नजर
उन्होंने बताया कि नेपाल सरकार से पानी के प्रवाह को लेकर लगातार जानकारी ली जा रही है और स्थिति को नियंत्रण से बाहर नहीं जाने देने के लिए तैयारी पूरी है। बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने भी कहा कि मुख्यमंत्री और जल संसाधन विभाग लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल पैनिक की स्थिति नहीं है और हालात नियंत्रण में हैं। वहीं मंत्री निशांत कुमार ने बताया कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी तैयार रखा गया है। दवाइयों की व्यवस्था की गई है और गर्भवती महिलाओं, शिशुओं, दिव्यांगों तथा गंभीर रूप से बीमार लोगों के लिए सुरक्षित स्थान और इलाज की व्यवस्था चिन्हित की गई है। NDRF अधिकारियों के मुताबिक मानसून के दौरान बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में टीमें पहले से तैनात की जाती हैं। नेपाल से पानी आने की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त टीमें भी भेजी गई हैं। (High Alert in UP Bihar)
उत्तर प्रदेश में भी चौबीसों घंटे निगरानी
NDRF कमांडेंट ज्ञानेश्वर सिंह ने बताया कि पश्चिम चंपारण और मुजफ्फरपुर में टीमें तैनात हैं, जबकि उत्तर प्रदेश के कुशीनगर क्षेत्र में भी टीम की तैनाती की गई है। यूपी में कुल 11 NDRF टीमों को तैनात किए जाने की जानकारी दी गई है। केंद्रीय जल आयोग और राज्य सरकार भी स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं। NDRF अधिकारियों ने यह भी कहा कि नेपाल से बाढ़ का पानी भारत में आने पर कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं, इसलिए सभी संबंधित एजेंसियों को सतर्क रखा गया है। नेपाल की बाढ़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने भी नेपाल से सटे जिलों में निगरानी बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है। सरकार ने नेपाल में फंसे उत्तर प्रदेश के नागरिकों के परिजनों से 1070 पर संपर्क करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि नेपाल में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए वहां की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
दूसरे राज्यों ने भी जारी किए हेल्पलाइन नंबर
नेपाल और तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में फंसे अपने नागरिकों की जानकारी जुटाने के लिए कर्नाटक सरकार ने राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के नंबर जारी किए हैं। लोगों से 1070 और 080-22253707 पर संपर्क करने को कहा गया है। ओडिशा सरकार ने भी नेपाल में फंसे राज्य के नागरिकों की मदद के लिए नई दिल्ली स्थित ओडिशा निवास में 24×7 कंट्रोल रूम बनाया है। सरकार की ओर से +91-7428135044, 8527580245 और 011-23012807 नंबर जारी किए गए हैं। नेपाल में आई तबाही और बिहार में संभावित बाढ़ को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। RJD नेता तेजस्वी यादव ने बिहार में बाढ़ की आशंका को लेकर सरकार से पूरी तैयारी रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि नेपाल में आई तबाही को देखते हुए बिहार को भी अलर्ट रहना होगा। उन्होंने नेपाल में बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भारत और नेपाल के बीच बेहतर समन्वय और दीर्घकालिक योजना की जरूरत बताई। (High Alert in UP Bihar)

नेपाल की त्रासदी पर भारत की मदद जारी
RJD सांसद मीसा भारती ने भी कहा कि बिहार में हर साल बाढ़ की समस्या आती है और सरकार को पहले से पर्याप्त इंतजाम करने चाहिए। वहीं JDU सांसद संजय झा ने कहा कि नेपाल के तिब्बत-चीन सीमा क्षेत्र में हुई घटना के बाद पानी का प्रवाह अब कम होने की जानकारी है। उन्होंने गंडक में जलस्तर एक लाख क्यूसेक से नीचे आने की बात कही और भविष्य में भारत-नेपाल के बीच बाढ़ प्रबंधन को लेकर एकीकृत योजना की जरूरत पर जोर दिया। केंद्रीय स्तर पर भी नेपाल की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। भारत की ओर से राहत सामग्री भेजे जाने के साथ ही नेपाल सरकार के साथ संपर्क बनाए रखा गया है। भाजपा नेता गुरु प्रकाश पासवान और बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव ने भी नेपाल की त्रासदी पर दुख जताते हुए कहा कि भारत सरकार नेपाल को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत की ओर से राहत सामग्री और मेडिकल सहायता भेजने का सिलसिला जारी है। (High Alert in UP Bihar)

ओडिशा तट के पास जहाज डूबने से 22 क्रू सदस्य लापता
नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों और पर्यटकों को लेकर भी चिंता बनी हुई है। राज्य सरकारों ने अपने-अपने नागरिकों की जानकारी जुटाने और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिए हैं। इसी बीच ओडिशा तट के पास एक कार्गो जहाज डूबने की घटना ने भी चिंता बढ़ा दी है। जहाज पर सवार 22 क्रू सदस्यों की तलाश जारी है। ओडिशा के उद्योग मंत्री संपद चंद्र स्वैन के मुताबिक नौसेना ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया है और दो क्रू सदस्यों को बचाया जा चुका है। मंत्री ने बताया कि चीन की ओर से भी संदेश मिला है कि उसकी टीम इस सर्च ऑपरेशन में शामिल होगी। लापता 22 क्रू सदस्यों की तलाश के लिए अभियान जारी है। नेपाल की बाढ़ ने जहां मानवीय संकट पैदा किया है, वहीं भारत ने राहत और बचाव के मोर्चे पर मदद तेज कर दी है। दूसरी ओर नेपाल से आने वाले पानी के संभावित असर को देखते हुए बिहार और उत्तर प्रदेश में प्रशासन अलर्ट पर है। फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने और सीमावर्ती भारतीय इलाकों को संभावित बाढ़ से सुरक्षित रखने की है।



