Google Analytics —— Meta Pixel

नेपाल बाढ़ से भारत में भी अलर्ट, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बिहार-UP के मुख्यमंत्रियों से की बात, सीमावर्ती इलाकों में NDRF हाई अलर्ट

Nepal Flood Impact in India: नेपाल में अचानक आई बाढ़ और इसके चलते पैदा हुए गंभीर हालात को लेकर भारत सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा का असर भारत के सीमावर्ती राज्यों तक पहुंचने की आशंका के बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बिहार और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से बात कर हालात की जानकारी ली है। दोनों राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में प्रशासन को सतर्क किया गया है और राहत-बचाव टीमों के साथ NDRF को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर नेपाल में हुई जनहानि पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि नेपाल में आई बाढ़ की विभीषिका अत्यंत दुखद है और जिन परिवारों ने इस आपदा में अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति उनकी संवेदनाएं हैं। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत सरकार नेपाल के साथ खड़ी है।

यह भी पढ़ें:- नेपाल में बाढ़ से हाहाकार, भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ, HADR और मेडिकल मदद भेजी, बिहार-UP में हाई अलर्ट

केंद्रीय गृहमंत्री ने बताया कि उन्होंने नेपाल में आई आपदा को लेकर बिहार और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से बात की है, जिन सीमावर्ती क्षेत्रों पर बाढ़ का असर पड़ने की आशंका है, वहां स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव टीमों के साथ NDRF को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। केंद्रीय जल आयोग की सलाह और सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नेपाल-चीन सीमा के पास अचानक आई बाढ़ या ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड के बाद नेपाल के फुरके खोला क्षेत्र में त्रिशूली नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। यह इलाका भारतीय सीमा से करीब 160 किलोमीटर दूर है। बाढ़ के पानी के आगे बढ़ने से भारत में गंडक नदी के निचले इलाकों में भी असर पड़ने की आशंका जताई गई है। इसी वजह से बिहार और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। (Nepal Flood Impact in India)

केंद्र के कई मंत्रालय कर रहे निगरानी

बिहार और उत्तर प्रदेश सरकारों ने सीमा के पास रहने वाले लोगों को संभावित खतरे वाले इलाकों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की है। प्रशासन को लगातार स्थिति पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत-बचाव अभियान शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। नेपाल की स्थिति और भारत पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव की निगरानी केंद्र सरकार के कई मंत्रालय मिलकर कर रहे हैं। गृह मंत्रालय के अधिकारी विदेश मंत्रालय, जल शक्ति मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के साथ लगातार संपर्क में हैं। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक नेपाल की ओर जलाशयों में जलस्तर कम हो रहा है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। केंद्र सरकार ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है।

नेपाल में कई भारतीय पर्यटक लापता

नेपाल में आई अचानक बाढ़ के बीच भारतीय पर्यटकों के भी लापता होने की खबर सामने आई है। कैलाश मानसरोवर यात्रा समेत नेपाल के अलग-अलग इलाकों में मौजूद भारतीय नागरिकों को लेकर चिंता बढ़ी है। भारत सरकार और काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास प्रभावित भारतीय नागरिकों की जानकारी जुटाने और उन्हें मदद पहुंचाने में जुटे हैं। भारतीय दूतावास ने नेपाल में अचानक आई बाढ़ से प्रभावित भारतीय नागरिकों के लिए इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। जरूरतमंद भारतीय नागरिक +977 985 131 6807 और +977 970 910 7500 पर संपर्क कर सकते हैं। केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने कहा कि चीन-नेपाल सीमा पर बादल फटने जैसी स्थिति के चलते पानी का बहाव अचानक बढ़ा और त्रिशूली नदी में पानी बढ़ने से नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि पानी धीरे-धीरे बिहार की ओर बढ़ रहा है, लेकिन फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और जलस्तर में कमी देखी जा रही है।

UP के सीमावर्ती जिलों में भी अलर्ट

मंत्री पाटिल के मुताबिक बिहार के अधिकारियों के साथ बैठक की गई है और संबंधित मंत्रालयों के अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने बताया कि संभावित प्रभावित इलाकों में नदी के दोनों किनारों पर बसे गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराया गया है, ताकि जनहानि को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और अमित शाह की ओर से आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। नेपाल से सटे उत्तर प्रदेश के जिलों में भी प्रशासन को अलर्ट किया गया है। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि नेपाल में त्रासदी बेहद भयावह है और इसमें बड़ी संख्या में जनहानि हुई है। उन्होंने बताया कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गए भारतीयों के साथ अन्य देशों के पर्यटकों के भी लापता होने की खबरें हैं। जगदंबिका पाल के अनुसार भारत की ओर से राहत सामग्री और मेडिकल सहायता भेजी गई है। कुशीनगर, महाराजगंज और गोरखपुर जैसे जिलों में भी सतर्कता बढ़ाई गई है, क्योंकि नेपाल से आने वाला पानी गंडक नदी के जरिए इन क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है। (Nepal Flood Impact in India)

विपक्ष ने भी जताई चिंता, स्थायी समाधान की मांग

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री सुरेश खन्ना ने भी कहा कि नेपाल और भारत की सीमा से लगे इलाकों में स्थिति गंभीर है। खासतौर पर महाराजगंज से लगे क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सहायता का आश्वासन दिया है और उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट कर दिया है। उनके मुताबिक फिलहाल राहत और बचाव कार्य ही सबसे महत्वपूर्ण है। नेपाल की बाढ़ को लेकर विपक्षी नेताओं ने भी चिंता जताई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर चिंता का विषय है। उन्होंने आशंका जताई कि नेपाल से भारत में पानी आने के बाद बिहार के साथ-साथ गोंडा और बहराइच जैसे इलाकों पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि इस समय सबसे पहली प्राथमिकता राहत पहुंचाना होनी चाहिए और भारत को नेपाल की मदद के लिए हर संभव कदम उठाना चाहिए।

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि नेपाल से सटे महाराजगंज क्षेत्र में हर साल बाढ़ की समस्या सामने आती है। उन्होंने कहा कि तत्काल राहत के साथ इस समस्या का स्थायी समाधान तलाशने की जरूरत है, क्योंकि नेपाल की नदियों में उफान आने का असर भारतीय इलाकों में भी पड़ता है और हर साल जान-माल समेत पशुधन का नुकसान होता है। कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने भी नेपाल में हुई तबाही पर दुख जताते हुए कहा कि बिहार नेपाल से जुड़ा हुआ है, इसलिए वहां भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने बिहार सरकार को सतर्क रहने और भारत सरकार से नेपाल की मदद करने की मांग की। शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि नेपाल में आई बाढ़ बेहद दुखद है और इसमें कई भारतीयों के शामिल होने की खबरों को देखते हुए भारत सरकार को नेपाल को हर संभव सहायता और समर्थन देना चाहिए।

तेजस्वी यादव ने उठाया स्थायी समाधान का सवाल

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने नेपाल से आने वाले पानी के कारण बिहार में बाढ़ के खतरे को लेकर सरकार को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बिहार में हर साल बाढ़ का खतरा बना रहता है और बड़ी मात्रा में पानी नेपाल से आता है। तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया कि इतने सालों बाद भी बिहार और केंद्र सरकार इस समस्या का स्थायी समाधान क्यों नहीं निकाल पाई हैं। उन्होंने नेपाल और भारत के बीच समन्वय बढ़ाने तथा बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए गंभीर प्रयास किए जाने की मांग की। राजद नेता ने कहा कि गंडक नदी में नेपाल की बाढ़ का प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए बिहार में निगरानी और सतर्कता बढ़ाने की जरूरत है। निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए भारत को बाढ़ की समस्या के प्रति और गंभीर होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत दोनों ही बाढ़ की समस्या से प्रभावित होते हैं और इससे निपटने के लिए भारत, नेपाल और चीन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। (Nepal Flood Impact in India)

सरकार की नजर, सीमावर्ती राज्यों में सतर्कता

उन्होंने नेपाल में फंसे और लापता भारतीय नागरिकों को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि मौजूदा हालात बेहद गंभीर हैं। TMC सांसद सौगत रॉय ने भी नेपाल में आई बाढ़ को बेहद दुखद घटना बताते हुए कहा कि हिमालयी क्षेत्र में अचानक आने वाली बाढ़ बेहद गंभीर स्थिति पैदा कर देती है। फिलहाल केंद्र सरकार का फोकस नेपाल में राहत-बचाव के साथ-साथ भारत के सीमावर्ती इलाकों को सुरक्षित रखने पर है। बिहार और उत्तर प्रदेश के प्रशासन को संभावित जलस्तर बढ़ने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया है। NDRF समेत राहत-बचाव एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। नेपाल में हालात सामान्य होने और जलस्तर में कमी आने की खबर के बीच सरकार लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है। हालांकि नेपाल में भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबरों और गंडक नदी के जरिए भारत के निचले इलाकों पर संभावित असर को देखते हुए दोनों राज्यों में सतर्कता बरकरार रखी गई है। भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि संकट की इस घड़ी में वह नेपाल के साथ खड़ी है और जरूरत के मुताबिक राहत, बचाव और मानवीय सहायता के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!