जापान में मेक इन इंडिया की गूंज, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने निवेशकों और उद्योग जगत को दिया खुला न्योता

Piyush Goyal Japan Tour: केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल इन दिनों जापान के दौरे पर हैं, जहां वे भारत और जापान के बीच व्यापार, निवेश, वित्तीय सेवाओं, विनिर्माण, स्टार्टअप, डीप-टेक और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने के लिए लगातार बैठकों और कारोबारी कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। जापान यात्रा के तीसरे दिन उन्होंने देश की प्रमुख वित्तीय संस्थाओं और कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ सिलसिलेवार बैठक की। वहीं टोक्यो में भारत-जापान स्टार्टअप सहयोग को लेकर आयोजित राउंडटेबल में भारतीय और जापानी स्टार्टअप, निवेशकों समेत इनोवेटर्स के साथ भी चर्चा की। गोयल ने जापान यात्रा को भारत-जापान कारोबारी और आर्थिक रिश्तों में नया अध्याय लिखने का अवसर बताते हुए कहा कि वे अब तक के सबसे बड़े भारतीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल के साथ जापान पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग और निवेश बढ़ाकर कई नई सफलता की कहानियां लिखी जा सकती हैं।
यह भी पढ़ें:- भारत के 2.5 लाख स्टार्टअप्स पर दुनिया की नजर, भारत-जापान मिलकर बनाएंगे ग्लोबल टेक चैंपियन, टोक्यो में हुआ मंथन
जापान दौरे के तीसरे दिन गोयल ने निप्पॉन लाइफ इंश्योरेंस के ग्लोबल बिजनेस प्रमुख और मैनेजिंग एग्जीक्यूटिव ऑफिसर मिनोरू किमुरा से मुलाकात की। बैठक में भारत के तेजी से विस्तार करते बीमा बाजार और उसमें मौजूद संभावनाओं पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने बीमा तथा वित्तीय सेवा क्षेत्र में भारत-जापान सहयोग को और गहरा करने के अवसरों पर विचार किया। इसके बाद उन्होंने मित्सुबिशी यूएफजे फाइनेंशियल ग्रुप के डिप्टी चेयरमैन यासुशी इतागाकी समेत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान बैंकिंग, कमर्शियल फाइनेंस और निवेश के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। पीयूष गोयल ने कहा कि भारत का गतिशील वित्तीय क्षेत्र जापान की प्रमुख वित्तीय संस्थाओं के लिए साझेदारी के नए अवसर उपलब्ध करा रहा है। गोयल ने सुमितोमो मित्सुई बैंकिंग कॉरपोरेशन ग्रुप के डिप्टी प्रेसिडेंट एग्जीक्यूटिव ऑफिसर योशिहिरो ह्याकुटोमे से भी मुलाकात की। बैठक में भारत-जापान वित्तीय संबंधों को और मजबूत करने के नए रास्तों पर विचार किया गया। दोनों देशों के बीच बैंकिंग क्षेत्र में निवेश और सहयोग की संभावनाओं को भी रेखांकित किया गया। (Piyush Goyal Japan Tour)

उन्होंने मिजुहो बैंक के प्रेसिडेंट और सीईओ मासाहिको काटो से मुलाकात कर बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। गोयल ने कहा कि भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था जापान की वित्तीय संस्थाओं के लिए भारत में अपनी भागीदारी बढ़ाने के नए अवसर पैदा कर रही है। केंद्रीय मंत्री ने जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन (JBIC) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर तादाशी माएदा के साथ भी बैठक की। इसमें वित्तीय और निवेश सहयोग के माध्यम से भारत-जापान आर्थिक साझेदारी को और ऊंचाई देने के अवसरों पर चर्चा हुई। गोयल ने भारत के विकास में जापानी निवेश को बढ़ावा देने में JBIC की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भारत जापानी निवेश और दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को काफी महत्व देता है। वहीं टोयोटा त्सुशो कॉरपोरेशन के प्रेसिडेंट-सीईओ तोशिमित्सु इमाई के साथ बैठक में व्यापार, मोबिलिटी और औद्योगिक क्षेत्रों में कंपनी की भारत में भागीदारी को और बढ़ाने पर चर्चा हुई। भारत की लागत प्रतिस्पर्धा और मजबूत औद्योगिक क्षमता का लाभ उठाकर भारत को खासतौर पर उभरते बाजारों के लिए वैश्विक निर्यात केंद्र बनाने की संभावनाओं पर भी जोर दिया गया।

यूनिक्लो के साथ रिटेल और मैन्युफैक्चरिंग सहयोग पर चर्चा
मंत्री पीयूष गोयल ने फास्ट रिटेलिंग कंपनी लिमिटेड के चेयरमैन, प्रेसिडेंट और सीईओ तादाशी यानाई से भी मुलाकात की। बैठक में रिटेल, मैन्युफैक्चरिंग और टिकाऊ कारोबारी प्रक्रियाओं के क्षेत्र में भारत-जापान सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। गोयल ने कहा कि भारत का तेजी से बढ़ता रिटेल और मैन्युफैक्चरिंग आधार वैश्विक ब्रांडों के लिए निवेश और विकास के बड़े अवसर उपलब्ध कराता है। जापान दौरे के दौरान पीयूष गोयल ने टोक्यो में भारतीय और जापानी स्टार्टअप, निवेशकों और इनोवेटर्स के साथ एक विशेष राउंडटेबल में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप इंडिया के 10 साल पूरे होने के बाद भारत के उद्यमिता क्षेत्र को नई गति मिली है और देश के टियर-2 तथा टियर-3 शहर नए स्टार्टअप हब के रूप में उभर रहे हैं। गोयल के मुताबिक भारत की उद्यमशील ऊर्जा, डिजिटल क्षमता और प्रतिभा को जापान की तकनीकी सटीकता, दीर्घकालिक सोच और धैर्यपूर्ण पूंजी के साथ जोड़ा जाए तो दोनों देशों के बीच एक मजबूत इनोवेशन पार्टनरशिप तैयार हो सकती है। (Piyush Goyal Japan Tour)

उन्होंने विश्वविद्यालयों, इनक्यूबेटर्स, वेंचर फंड्स, रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर और मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर्स के बीच मजबूत संपर्क स्थापित करने की जरूरत पर भी जोर दिया। भारत और जापान 2027 को ‘इंडिया-जापान ईयर ऑफ शेयर्ड होराइजन्स’ के तौर पर मनाने की तैयारी कर रहे हैं। यह दोनों देशों के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने का अवसर होगा। गोयल ने कहा कि इस महत्वपूर्ण वर्ष की पृष्ठभूमि में स्टार्टअप, नवाचार, अनुसंधान और उद्योग के बीच सहयोग को और मजबूत किया जाना चाहिए। उन्होंने भारत-जापान स्टार्टअप सहयोग की संभावनाओं को बेहद व्यापक बताते हुए कहा कि दोनों देशों की क्षमताओं को जोड़कर भविष्य के लिए नए कारोबारी और तकनीकी अवसर तैयार किए जा सकते हैं। जापान के नागोया में आयोजित ‘भारत-जापान अगली पीढ़ी की आर्थिक साझेदारी: चुबू से भारत तक’ कार्यक्रम में भी पीयूष गोयल ने हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में सेंट्रल जापान इकोनॉमिक फेडरेशन और नागोया चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

गोयल ने मध्य जापान की कंपनियों और उद्योग जगत को भारत में मैन्युफैक्चरिंग, निवेश और औद्योगिक सहयोग के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने भारत की विशाल बाजार क्षमता, कुशल मानव संसाधन, मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम और तेजी से निवेश-अनुकूल होते कारोबारी माहौल को जापानी कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया, ग्रो विद इंडिया’ के तहत जापानी कंपनियां भारत में उत्पादन बढ़ाने के साथ वैश्विक बाजारों तक पहुंच बनाने की दिशा में भी बड़ी भूमिका निभा सकती हैं। नागोया में पीयूष गोयल ने आइची स्टील कॉरपोरेशन के प्रेसिडेंट नाओहिदे गोटो से मुलाकात की। बैठक में स्टील मैन्युफैक्चरिंग और तकनीक के क्षेत्र में भारत-जापान सहयोग को और मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा हुई। गोयल ने भारत के मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम और स्टील क्षेत्र में मौजूद संभावनाओं को रेखांकित करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच तकनीकी और औद्योगिक सहयोग को और विस्तार दिया जा सकता है। (Piyush Goyal Japan Tour)
आइची प्रीफेक्चर के साथ व्यापार और उद्योग सहयोग
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने आइची प्रीफेक्चर के गवर्नर हिदेआकी ओमुरा से भी मुलाकात की। इस दौरान व्यापार, निवेश और उद्योग के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। खासतौर पर आइची के मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम और भारतीय कारोबारियों के बीच संबंधों को और मजबूत करने के रास्तों पर विचार किया गया। गोयल ने अगले महीने होने वाले 2026 आइची-नागोया एशियन गेम्स और एशियन पैरा गेम्स के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट प्रशंसक होने के नाते उन्हें एशियन गेम्स में भारत और जापान की पुरुष-महिला क्रिकेट टीमों के मुकाबलों का इंतजार रहेगा। पीयूष गोयल ने नागोया में सेंट्रल जापान इकोनॉमिक फेडरेशन के चेयरमैन सातोरू कात्सुनो से भी मुलाकात की। उन्होंने चुकीरेन के सदस्यों को भारत में सेक्टर-विशेष प्रतिनिधिमंडल भेजने के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और प्रिसिजन इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। इसका उद्देश्य भारत और चूबू क्षेत्र के कारोबारी संबंधों को मजबूत करना और भारत को वैश्विक निर्यात के लिए और मजबूत आधार बनाना है।
भारत-जापान रिश्तों में आर्थिक साझेदारी का नया अध्याय
केंद्रीय मंत्री गोयल की जापान यात्रा में लगातार हुई बैठकों से साफ है कि भारत-जापान संबंध अब पारंपरिक व्यापारिक सहयोग से आगे बढ़कर वित्त, निवेश, स्टार्टअप, डीप-टेक, सेमीकंडक्टर, AI, मैन्युफैक्चरिंग, रिटेल, मोबिलिटी और वैश्विक निर्यात जैसे रणनीतिक क्षेत्रों तक विस्तार ले रहे हैं। भारत अपनी विशाल घरेलू बाजार क्षमता, कुशल प्रतिभा और बढ़ते मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क के जरिए जापानी निवेश आकर्षित करने पर जोर दे रहा है, जबकि जापान की तकनीकी विशेषज्ञता, पूंजी और दीर्घकालिक कारोबारी दृष्टिकोण भारत के विकास के लिए महत्वपूर्ण अवसर पैदा कर सकते हैं। पीयूष गोयल ने इस साझेदारी को आगे बढ़ाने का संदेश देते हुए कहा है कि अब समय भारत-जापान के व्यापार और आर्थिक संबंधों में एक नया अध्याय लिखने का है। भारत की ‘मेक इन इंडिया’ क्षमता और जापान की तकनीकी विशेषज्ञता का मेल आने वाले सालों में दोनों देशों के लिए नई औद्योगिक, निवेश और नवाचार साझेदारियों का आधार बन सकता है।



