बिलासपुर में देर रात बवाल, पथराव के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

Bilaspur Violence : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट के बाद शुरू हुआ विवाद शुक्रवार देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज इलाके में दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस के मुताबिक, उपद्रव के दौरान कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ भी की गई। हालात पर काबू पाने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। (Bilaspur Violence)
थाने और दुकानों में तोड़फोड़
उपद्रव के दौरान कोतवाली थाने के साथ आसपास के कुछ घरों और दुकानों में भी तोड़फोड़ की गई। पथराव में तारबाहर थाना प्रभारी रवि तिवारी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मुंगेली-जांजगीर से बुलाया गया अतिरिक्त बल
हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने आसपास के जिलों से अतिरिक्त बल बुलाया। मुंगेली और जांजगीर से पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जिसके बाद संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह देर रात तक कोतवाली क्षेत्र में मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
वीडियो फुटेज और सीसीटीवी से उपद्रवियों की पहचान
फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस उपद्रव और पथराव में शामिल लोगों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज और सीसीटीवी कैमरों की मदद ले रही है।
पुलिस ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भड़काऊ या विवादित पोस्ट करने वालों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
क्या है पूरा मामला?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खपरगंज इलाके में सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। कहासुनी और गाली-गलौज के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से पथराव शुरू हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। पथराव में कुछ लोगों के घायल होने की भी जानकारी है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री साझा नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था कायम रखने में सहयोग करने को कहा है। (Bilaspur Violence)
यह भी पढ़े ;- Bilaspur News : इंदु इमेजिका कॉलोनी में उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया सावन उत्सव



