Google Analytics —— Meta Pixel

नेपाल गई बिलासपुर की महिला से टूटा संपर्क, परिजन परेशान; जिला प्रशासन ने शुरू की पतासाजी

30 लोगों के दल के साथ 21 अगस्त को गई थीं नेपाल, 25 अगस्त को हुई थी आखिरी बातचीत

Nepal Flood : नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बीच बिलासपुर की एक महिला से संपर्क टूटने का मामला सामने आया है। राजकिशोर नगर निवासी ब्यूटिशियन मंजु रॉय चौधरी 21 अगस्त को कोलकाता से करीब 30 लोगों के दल के साथ नेपाल घूमने गई थीं। उनका नेपाल दौरा 3 सितंबर तक प्रस्तावित था। इसी बीच नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदा के बाद 25 अगस्त से उनका परिजनों से संपर्क नहीं हो पाया है। परिवार ने उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

25 अगस्त को हुई थी आखिरी बातचीत

परिजनों के मुताबिक मंजु से 25 अगस्त को आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद से उनका मोबाइल फोन संपर्क में नहीं आ रहा है। बताया गया है कि उनके मोबाइल नंबर पर इंटरनेशनल रोमिंग सक्रिय नहीं थी। ऐसे में नेपाल में नेटवर्क की समस्या के चलते भी संपर्क बाधित होने की आशंका जताई जा रही है। (Nepal Flood)

30 लोगों के दल के साथ गई थीं नेपाल

मंजु 21 अगस्त को कोलकाता से करीब 30 लोगों के समूह के साथ नेपाल के लिए रवाना हुई थीं। उनकी यात्रा 3 सितंबर तक निर्धारित थी। नेपाल के कई हिस्सों में प्राकृतिक आपदा के कारण सड़क और संचार व्यवस्था प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में परिवार उनकी स्थिति को लेकर लगातार चिंतित है।

ग्रुप के अन्य सदस्यों से भी संपर्क नहीं

परिजनों के पास नेपाल यात्रा में शामिल अन्य सदस्यों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध नहीं हैं। इस वजह से वे समूह के अन्य लोगों से संपर्क कर मंजु की जानकारी हासिल नहीं कर पा रहे हैं। परिवार अपने स्तर पर भी लगातार उनकी लोकेशन और सुरक्षित होने की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहा है।

जिला प्रशासन भी जुटा पतासाजी में

मामले की जानकारी मिलने के बाद बिलासपुर जिला प्रशासन ने भी मंजु रॉय चौधरी की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन संबंधित माध्यमों और एजेंसियों के जरिए नेपाल में मौजूद लोगों के बारे में जानकारी हासिल करने का प्रयास कर रहा है।

मंजु फिलहाल बिलासपुर में अकेली रहती हैं, जबकि उनका परिवार कोलकाता में रहता है। कई दिनों से संपर्क नहीं होने के कारण परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। परिवार को उम्मीद है कि प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के प्रयास से जल्द ही मंजु की सुरक्षित स्थिति की जानकारी मिल सकेगी। (Nepal Flood)

यह भी पढ़े :- नेपाल में बाढ़-भूस्खलन के बाद फिर मंडराया खतरा, 2 नई झीलों ने बढ़ाई चिंता, 633 से ज्यादा लोगों की मौत

Back to top button
error: Content is protected !!