Google Analytics —— Meta Pixel

आज रायपुर आएंगे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, AIIMS के तीसरे दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल, शहर आने-जाने के लिए इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल

Vice President Raipur Tour: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज (2 सितंबर) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के दौरे पर रहेंगे। वे रायपुर स्थित एम्स के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और अलग-अलग विभागों ने सुरक्षा से लेकर यातायात और प्रोटोकॉल तक की तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपराष्ट्रपति के दौरे से एक दिन पहले मंगलवार सुबह उनके काफिले के निर्धारित रूट पर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की रिहर्सल की गई। सुबह करीब 9.55 बजे एयरपोर्ट से एम्स तक काफिले की रिहर्सल के दौरान टाटीबंध से माना एयरपोर्ट तक कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया गया। अचानक ट्रैफिक रोके जाने के कारण टाटीबंध क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब 5 से 10 किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई।

यह भी पढ़ें:- Iran attacks US bases : जॉर्डन, कुवैत से इराक तक, ईरान ने मचाई तबाही, अमेरिका ने भी किया पलटवार

मंगलवार सुबह वीआईपी मूवमेंट की रिहर्सल के दौरान टाटीबंध में करीब आधे घंटे तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। इसके चलते रिंग रोड-1 के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। काफिले के गुजरने के बाद सड़क पर यातायात बहाल कर दिया गया, लेकिन रिहर्सल का असर काफी देर तक दिखाई दिया। बताया गया कि शाम करीब 4 बजे तक टाटीबंध के दोनों ओर यातायात दबाव बना रहा।प्रशासन का अनुमान है कि बुधवार को वास्तविक काफिले के गुजरने के दौरान भी कुछ समय के लिए संबंधित मार्गों पर यातायात रोका जाएगा। ऐसे में शहरवासियों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक उपराष्ट्रपति का काफिला बुधवार सुबह करीब 10 बजे माना एयरपोर्ट से एम्स टाटीबंध के लिए रवाना होगा। काफिले के आगे बढ़ने के साथ संबंधित मार्ग के हिस्सों में यातायात को अस्थायी रूप से रोका जाएगा। (Vice President Raipur Tour)

इन मार्गों पर सुबह 9.45 बजे से प्रभावित रहेगा ट्रैफिक

उपराष्ट्रपति के एम्स पहुंचने के बाद वहां तीसरे दीक्षांत समारोह का आयोजन होगा। समारोह में भारत सरकार के प्रोटोकॉल के अनुरूप बैठने की व्यवस्था और डायस प्लान तैयार किया गया है। वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए सुबह करीब 9.45 बजे से निर्धारित रूट पर यातायात प्रभावित रहेगा। माना एयरपोर्ट से फुंडहर चौक, एक्सप्रेस-वे, तेलीबांधा ब्रिज, तेलीबांधा रिंग रोड-1, पचपेड़ी नाका, संतोषी नगर, भाठागांव, कुशालपुर, रायपुरा, सरोना और टाटीबंध होते हुए आमानाका-एम्स रोड तक काफिले के गुजरने के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। काफिले के आगे बढ़ने के साथ अलग-अलग हिस्सों में कुछ समय के लिए वाहनों को रोका जाएगा और काफिले के निकल जाने के बाद यातायात बहाल किया जाएगा। एम्स में कार्यक्रम खत्म होने के बाद उपराष्ट्रपति के काफिले की वापसी भी इसी रूट से होगी। करीब दोपहर 12.30 बजे एम्स से माना एयरपोर्ट की ओर लौटते समय फिर से संबंधित मार्गों पर यातायात प्रभावित होगा।

शहर आने-जाने के लिए इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल

एम्स से टाटीबंध, सरोना, रायपुरा, कुशालपुर, भाठागांव, संतोषी नगर, पचपेड़ी नाका, तेलीबांधा ओवरब्रिज, एक्सप्रेस-वे और फुंडहर चौक होते हुए माना एयरपोर्ट तक काफिले के गुजरने के दौरान जरूरत के अनुसार यातायात रोका जाएगा। यातायात पुलिस ने वीआईपी मूवमेंट के दौरान लोगों से प्रभावित मार्गों से बचने की अपील की है। आवश्यक होने पर लोगों को वैकल्पिक रास्तों से आने-जाने की सलाह दी गई है। नवा रायपुर, एयरपोर्ट और फुंडहर की ओर से शहर आने वाले वाहन एक्सप्रेस-वे की बजाय वीआईपी रोड और तेलीबांधा तालाब होकर शहर आ-जा सकेंगे। नवा रायपुर और एयरपोर्ट से आने वाले वाहन माना कैंप, डुमरतराई, पचपेड़ीनाका और संतोषीनगर रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। दुर्ग-भिलाई और टाटीबंध से शहर आने वाले वाहन हीरापुर-कबीर नगर अथवा भाठागांव-संतोषीनगर मार्ग से आवागमन कर सकते हैं।

मुख्य सचिव ने की तैयारियों की समीक्षा 

आमापारा और यूनिवर्सिटी की ओर से आमानाका जाने वाले वाहन एनआईटी और डीडी नगर गोल चौक वाले मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रदेश के मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के दौरे की सभी व्यवस्थाएं मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी की जाएं। मुख्य सचिव ने एयरपोर्ट से एम्स तक आने-जाने के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और एंट्री-एग्जिट प्लान को बेहतर तरीके से लागू करने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के लिए कहा गया है।उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर स्वागत, रिसेप्शन लाइन और एम्स में रिसेप्शन समेत प्रोटोकॉल से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। (Vice President Raipur Tour)

मेडिकल इमरजेंसी के लिए भी विशेष इंतजाम

एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं। गृह विभाग को सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा व्यवस्था भी तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को चिकित्सा सुविधाओं और आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ प्रकाश समेत विद्युत व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है। कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों, इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से शुरू होगा दीक्षांत समारोह

एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से होगी। समारोह में बैठने की व्यवस्था भारत सरकार के प्रोटोकॉल और निर्धारित डायस प्लान के अनुसार की जाएगी। एम्स प्रबंधन को समारोह से संबंधित सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। उपराष्ट्रपति के आगमन और वापसी के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन और पुलिस ने विस्तृत प्लान तैयार किया है। तैयारियों की समीक्षा बैठक में गृह-जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर संभाग के कमिश्नर श्याम धावड़े, रायपुर कलेक्टर, रायपुर आईजी, एम्स के अधिकारी समेत अलग-अलग विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

आम लोगों से अपील

उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान रायपुर में कुछ प्रमुख मार्गों पर कुछ समय के लिए यातायात रोका जा सकता है। ऐसे में यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरी होने पर ही प्रभावित मार्गों का इस्तेमाल करें, संभव हो तो वैकल्पिक रास्ते अपनाएं और घर से निकलते समय अतिरिक्त समय लेकर चलें। खासकर एयरपोर्ट, टाटीबंध, पचपेड़ीनाका, तेलीबांधा और एम्स की ओर जाने वाले लोगों को वीआईपी मूवमेंट के समय ट्रैफिक व्यवस्था का ध्यान रखने की सलाह दी गई है। उपराष्ट्रपति के रायपुर दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा-यातायात की व्यापक तैयारियां की हैं। वीआईपी मूवमेंट के दौरान कुछ मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा, ऐसे में आम लोगों से अपील है कि वे वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें। (Vice President Raipur Tour)

Back to top button
error: Content is protected !!