लंबित ई-चालानों के निपटारे का मौका, 12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत
National Lok Adalat in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में लंबे समय से लंबित ट्रैफिक ई-चालानों के निपटारे के लिए वाहन चालकों को राहत का मौका मिलने जा रहा है। 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में पात्र लंबित ई-चालानों का आपसी सहमति के आधार पर समाधान किया जाएगा। इसके लिए वाहन मालिकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीयन कराना होगा।
राजधानी रायपुर में पुराने और हालिया मामलों को मिलाकर सवा लाख से अधिक ई-चालान लंबित बताए जा रहे हैं। इनमें करीब 96,800 ई-चालान न्यायालय स्तर पर लंबित हैं। लंबे समय से चालान का निपटारा नहीं होने पर वाहन मालिकों को संबंधित वाहन संबंधी प्रक्रियाओं में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। (National Lok Adalat in Chhattisgarh)
10 सितंबर तक कराना होगा पंजीयन
यातायात एसीपी सतीश ठाकुर के मुताबिक, पिछले दो वर्षों से लंबित ई-चालानों को 12 सितंबर की लोक अदालत में निपटाने की प्रक्रिया की जा रही है। लोक अदालत में मामला शामिल कराने के लिए वाहन चालकों को 10 सितंबर तक पंजीयन कराना होगा।
जिन वाहन मालिकों के ई-चालान लंबित हैं, उन्हें संबंधित थाना या यातायात कार्यालय रायपुर में संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करनी होगी। पंजीयन के बाद संबंधित मामलों को लोक अदालत में समाधान के लिए रखा जाएगा।
3 हजार से अधिक लोगों ने कराया पंजीयन
यातायात पुलिस के अनुसार, अब तक 3 हजार से अधिक वाहन चालकों ने पंजीयन करा लिया है। पुलिस और यातायात विभाग की ओर से संबंधित लोगों को थानों और यातायात कार्यालय के माध्यम से लोक अदालत की जानकारी दी जा रही है। (National Lok Adalat in Chhattisgarh)
ध्यान रखें
- लोक अदालत: 12 सितंबर
- पंजीयन की अंतिम तारीख: 10 सितंबर
- स्थान: संबंधित थाना/यातायात कार्यालय
- लंबित ई-चालान: सवा लाख से अधिक
- कोर्ट स्तर पर लंबित: करीब 96,800
- अब तक पंजीयन: 3 हजार से अधिक
यह भी पढ़े :- नाबालिग को डराकर मंगवाए सोने के जेवर और नगदी, पति-पत्नी गिरफ्तार



