Google Analytics —— Meta Pixel

गुवाहाटी में श्रद्धा हत्याकांड जैसी वारदात, पत्नी का सिर काटकर फ्रिज में रखा, धड़ फर्श पर छोड़ा, उंगलियां भी काटी, पति की हैवानियत से सनसनी

Wife Murder in Guwahati: असम के गुवाहाटी से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के बाद उसके शव को टुकड़ों में कर दिया। आरोपी ने महिला का सिर धड़ से अलग कर उसे पॉलीथीन में लपेटकर फ्रिज में छिपा दिया, जबकि महिला का धड़ कमरे के फर्श पर पड़ा मिला। पुलिस को शव की जांच के दौरान महिला की उंगलियां भी कटी हुई मिली हैं। मृतिका की पहचान 25 साल की रिया तालुकदार के रूप में हुई है। वह गुवाहाटी के एक बुटीक में काम करती थी। पुलिस ने मामले में उसके पति रामानुज गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कैब चलाता है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने सरेंडर करने के बाद पत्नी की हत्या की बात कबूल की है। 

यह भी पढ़ें:- यूथ कांग्रेस चुनाव में फिर विवाद, सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे का नामांकन होल्ड, पैसे देकर सदस्य बनाने की शिकायत पर नोटिस

जानकारी के मुताबिक रिया और रामानुज की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। शादी के बाद दोनों गुवाहाटी के हाटीगांव-बेलटोला इलाके में स्थित एक फ्लैट में रह रहे थे। यह फ्लैट रामानुज के परिवार की जमीन पर बना है। पिछले दो दिनों से परिवार के लोग दोनों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मोबाइल बंद थे और दोनों से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसी बीच पड़ोसियों को फ्लैट से तेज दुर्गंध आने लगी। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद हाटीगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट की तलाशी ली। पुलिस के मुताबिक कमरे के अंदर रिया का धड़ पड़ा हुआ था। उसका सिर धड़ से अलग था। घर की तलाशी के दौरान पुलिस को फ्रिज के अंदर पॉलीथीन में लिपटा हुआ रिया का कटा सिर बरामद हुआ। (Wife Murder in Guwahati)

फ्रिज में छिपाया था सिर

पुलिस के सामने मामले की सबसे चौंकाने वाली तस्वीर तब सामने आई, जब तलाशी के दौरान महिला का सिर फ्रिज के अंदर मिला। आरोपी ने सिर को पॉलीथीन में लपेटकर फ्रिज में रखा था। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार यानी गंडासे को भी बरामद करने की बात कही है। जांच के दौरान महिला के हाथों की उंगलियां भी कटी हुई मिली। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के बाद शव को टुकड़ों में करने के पीछे आरोपी की क्या मंशा थी और शव के साथ इतनी बेरहमी क्यों की गई। शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने हत्या के बाद शव के हिस्सों को कुत्तों को खिलाने की योजना बनाई थी। (Wife Murder in Guwahati)

 

हत्या के बाद उसी कमरे में खाना बनाया और खाया !

पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि हत्या के बाद आरोपी उसी कमरे में मौजूद रहा। उसने वहां खाना बनाया और खाया। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया। पड़ोसियों की शिकायत के बाद जब पुलिस फ्लैट तक पहुंची, तब तक शव से दुर्गंध आने लगी थी। यही दुर्गंध इस वारदात के खुलासे की अहम वजह बनी। पुलिस के मुताबिक रामानुज ने पूछताछ में दावा किया है कि उसकी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि 3 सितंबर को दोनों के बीच विवाद हुआ था, जो अगले दिन तड़के तक चलता रहा। इसी दौरान वह अपना आपा खो बैठा और उसने पत्नी की हत्या कर दी। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।

आरोपी पर पहले से चोरी का केस 

हत्या के बाद रामानुज मौके से फरार हो गया था। बाद में उसने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है। आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन मिलने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस इन मोबाइल फोन की जांच कर रही है, ताकि हत्या से पहले और बाद की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि रामानुज गोस्वामी मूल रूप से असम के धुबरी जिले के गौरीपुर का रहने वाला है। उसके माता-पिता वहीं रहते हैं। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ धुबरी थाने में एटीएम चोरी से जुड़ा मामला भी दर्ज है। अब पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, मोबाइल फोन, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और उसके बयानों की भी जांच कर रही है। (Wife Murder in Guwahati)

6 महीने में रिश्ते का खौफनाक अंत

रिया और रामानुज की शादी को ज्यादा समय नहीं हुआ था। शादी के कुछ ही महीनों बाद रिश्ते का ऐसा खौफनाक अंत सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। फिलहाल पुलिस हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। हत्या कब और किस परिस्थिति में हुई, शव को काटने की पूरी वजह क्या थी, आरोपी के अवैध संबंध वाले दावे में कितनी सच्चाई है और क्या इस वारदात में कोई और व्यक्ति भी शामिल था। सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे। शादी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था, लेकिन जिस रिश्ते की शुरुआत साथ जीने-मरने के वादे से हुई, उसका अंत ऐसी बेरहमी से हुआ कि पूरा इलाका सन्न है। पत्नी की हत्या के बाद शव के साथ की गई हैवानियत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर विवाद इतना बढ़ा कि पति ने अपनी पत्नी की जान ले ली? क्या वाकई अवैध संबंध हत्या की वजह थे या इसके पीछे कोई और राज छिपा है? फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और इस खौफनाक वारदात की पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!