BRICS 2026 – ब्रिक्स मंच से भारत का संदेश: बाजार खोलें, व्यापार नियम आसान बनाएं
जयशंकर बोले- बदलती वैश्विक परिस्थितियों के बीच सहयोग बढ़ाना जरूरी, गोयल ने ब्रिक्स देशों से आसान बाजार पहुंच की अपील की
BRICS 2026 : अमेरिका की टैरिफ नीतियों और पश्चिम एशिया में जारी अस्थिरता के बीच नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स बिजनेस फोरम में भारत ने सदस्य और पार्टनर देशों के बीच व्यापारिक एवं आर्थिक सहयोग मजबूत करने पर जोर दिया। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ब्रिक्स देशों से अपने बाजारों तक पहुंच आसान बनाने और व्यापार से जुड़े नियमों को सरल करने की अपील की। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बदलती वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग बढ़ाने की जरूरत बताई।
व्यापार बढ़ाने के लिए नियम आसान करने पर जोर
ब्रिक्स बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि मौजूदा समय में आर्थिक और राजनीतिक कूटनीति के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देश दुनिया की करीब आधी आबादी और वैश्विक जीडीपी के लगभग 40 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करते हैं। वैश्विक व्यापार में भी ब्रिक्स देशों की महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है। (BRICS 2026)
गोयल ने कहा कि भारत ब्रिक्स देशों के बीच व्यापार में अहम भूमिका निभा सकता है। भारत के विनिर्माण निर्यात में इंजीनियरिंग सामान और इलेक्ट्रॉनिक्स की महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है। इसके अलावा दवा क्षेत्र में भारत को दुनिया की ‘फार्मेसी’ के रूप में जाना जाता है और वह ब्रिक्स देशों के लिए भरोसेमंद आपूर्तिकर्ता बन सकता है।
बाजार तक आसान पहुंच की अपील
वाणिज्य मंत्री ने कहा कि व्यापार बढ़ाने के लिए केवल टैरिफ कम करना पर्याप्त नहीं है। इसके साथ ही अलग-अलग देशों के नियमों और व्यापारिक प्रक्रियाओं को भी सरल बनाने की जरूरत है। उन्होंने कंसाइनमेंट की मंजूरी में लगने वाले समय को कम करने और गैर-टैरिफ उपायों से जुड़ी लागत घटाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देशों के बीच मजबूत और विविध सप्लाई चेन विकसित करना जरूरी है। कच्चे माल, महत्वपूर्ण खनिजों और अन्य जरूरी उत्पादों के लिए बाजार तक बेहतर पहुंच बनाने से व्यापार को बढ़ावा मिल सकता है।
ब्रिक्स के 20 वर्ष पूरे होना अहम पड़ाव: जयशंकर
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि इस वर्ष ब्रिक्स के संस्थागत सहयोग के 20 वर्ष पूरे हो रहे हैं। यह संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में ब्रिक्स की सदस्यता, एजेंडा और सहयोग के तौर-तरीकों में काफी बदलाव आया है।
जयशंकर ने कहा कि दुनिया इस समय बड़े राजनीतिक और आर्थिक बदलावों से गुजर रही है। भू-राजनीतिक तनाव, महामारी और जलवायु संबंधी चुनौतियों का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। ऐसे में देशों के लिए बदलती परिस्थितियों के अनुसार खुद को तैयार करना और समय पर प्रतिक्रिया देना जरूरी है।
डिजिटल तकनीक से नए अवसर
जयशंकर ने कहा कि मौजूदा चुनौतियों के बीच नई संभावनाएं भी सामने आ रही हैं। तेजी से बढ़ते डिजिटलाइजेशन और तकनीकी बदलाव से विकास, उत्पादकता और आर्थिक प्रगति के नए रास्ते खुल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक आर्थिक माहौल में जोखिम और अवसर दोनों बढ़े हैं, इसलिए ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करना जरूरी है।
व्यापारिक सहयोग बढ़ाने पर भारत का जोर
ब्रिक्स बिजनेस फोरम में भारत की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया कि सदस्य और पार्टनर देशों के बीच व्यापार बढ़ाने के लिए बाजार तक आसान पहुंच, सरल नियम और मजबूत सप्लाई चेन जरूरी हैं। व्यापारिक प्रक्रियाओं को तेज करने और गैर-टैरिफ बाधाओं को कम करने से ब्रिक्स देशों के बीच आर्थिक सहयोग को नई गति मिल सकती है। (BRICS 2026)
यह भी पढ़े :- CG NEWS : स्वाइन फ्लू के मरीज बढ़े, मेडिकल कॉलेज में बनाया 10 बेड का अलग वार्ड



