Google Analytics —— Meta Pixel

CG NEWS : स्वाइन फ्लू के मरीज बढ़े, मेडिकल कॉलेज में बनाया 10 बेड का अलग वार्ड

एक मरीज की हालत गंभीर, आईसीयू में वेंटिलेटर पर उपचार; संदिग्ध मरीजों के स्वाब की जांच शुरू

CG NEWS : राजनांदगांव जिले में स्वाइन फ्लू के मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। शासकीय मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में अब तक स्वाइन फ्लू के तीन मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें से एक मरीज की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है। संक्रमण को देखते हुए मेडिकल कॉलेज में स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए 10 बेड का अलग वार्ड बनाया गया है। गंभीर मरीजों के इलाज के लिए आईसीयू में भी बेड आरक्षित किए गए हैं।

डॉक्टरों को एहतियात बरतने के निर्देश

मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक अतुल देशकर ने बताया कि स्वाइन फ्लू को लेकर डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को इलाज के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सर्दी-खांसी से प्रभावित और कमजोर मरीजों के स्वाब लेकर जांच कराई जा रही है।

जानकारी के अनुसार स्टेशनपारा निवासी 24 वर्षीय युवक में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। उसे उपचार के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पहले से स्वाइन फ्लू से पीड़ित शहर के एक बुजुर्ग की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका आईसीयू में वेंटिलेटर पर उपचार चल रहा है।

कोविड का मरीज भी मिला

इसी बीच छुरिया निवासी 34 वर्षीय युवक की कोविड जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उसे भी शासकीय मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार उसका कोविड प्रोटोकॉल के तहत उपचार किया जा रहा है।

संपर्क में आए लोगों की निगरानी

लगातार संक्रमण के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमित मरीजों के परिजनों और उनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाकर आवश्यक जांच कर रही है। संपर्क में आने वाले लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

स्वास्थ्य अमला लोगों को स्वाइन फ्लू और कोविड के लक्षणों के साथ-साथ बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक कर रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!