Google Analytics —— Meta Pixel

महाराष्ट्र में ट्रक और बोलेरो की भिड़ंत, 3 बच्चों समेत 8 की मौत, रायपुर से नागपुर जा रहे थे लोग

Road Accident in Maharashtra: देश में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। ताजा मामला महाराष्ट्र के भंडारा जिले का है, जहां शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए। हादसा नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर मानेगांव और पिंपलगांव के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि रायपुर से नागपुर जा रही बोलेरो की एक ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक में फंस गई। पुलिस के मुताबिक हादसा शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे पिंपलगांव सड़क के पास हुआ। बोलेरो में सवार लोग छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक और बोलेरो की टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया।

यह भी पढ़ें:- 5-डे बैंकिंग की मांग को लेकर बैंककर्मियों की देशभर में हड़ताल, लगातार 3 दिन बंद रहेंगी बैंक शाखाएं

टक्कर के बाद बोलेरो ट्रक में बुरी तरह फंस गई थी। वाहन को बाहर निकालने के लिए पुलिस और राहत दल को क्रेन के साथ जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद बोलेरो को ट्रक से अलग कर बाहर निकाला गया। हादसे में बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि बोलेरो में हादसे के वक्त कुल कितने लोग सवार थे, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। (Road Accident in Maharashtra)

PM मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे को लेकर दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने दुख की इस घड़ी में शोक-संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। PM मोदी ने हर मृतक के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे। एक्स पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि महाराष्ट्र के नांदेड़ में हुई एक दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को PMNRF से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।

एक दिन पहले नांदेड में भी हुआ था हादसा

महाराष्ट्र में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार सामने आ रहा है। इससे एक दिन पहले गुरुवार को नांदेड जिले में भी वैन और ट्रक की भीषण टक्कर हुई थी। नांदेड-भोकर रोड पर सीताखंडी घाट के पास हुए इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। पुलिस के मुताबिक हादसा गुरुवार शाम करीब 7 बजे हुआ। टाटा मैजिक वैन नांदेड से भोकर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई लोग वाहन के अंदर फंस गए। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से वैन में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

तेज रफ्तार सबसे बड़ी वजह

लगातार दो दिनों में महाराष्ट्र में हुए इन दो सड़क हादसों में कुल 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। महाराष्ट्र में लगातार सामने आ रहे इन सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। NCRB की रिपोर्ट भी देश में सड़क हादसों की गंभीर तस्वीर सामने रखती है। तेज रफ्तार, लापरवाही, गलत दिशा में ड्राइविंग और यातायात नियमों की अनदेखी जैसे कारण सड़क हादसों के पीछे बड़ी वजह बने हुए हैं। भंडारा और नांदेड के हादसे भी यही सवाल छोड़ गए हैं कि आखिर सड़क पर सफर कब ज्यादा सुरक्षित होगा और हादसों में होने वाली इन मौतों पर कब प्रभावी तरीके से लगाम लगेगी। (Road Accident in Maharashtra)

Back to top button
error: Content is protected !!