Google Analytics —— Meta Pixel

5-डे बैंकिंग की मांग को लेकर बैंककर्मियों की देशभर में हड़ताल, लगातार 3 दिन बंद रहेंगी बैंक शाखाएं

Bank Strike in India: देशभर के बैंक कर्मचारी आज यानी 11 सितंबर को एक दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 5-डे बैंकिंग की लंबे समय से लंबित मांग और नई परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम समेत कई मुद्दों को लेकर हड़ताल का आह्वान किया है। हड़ताल के बाद 12 सितंबर को महीने का दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं लगातार तीन दिन बंद रहेंगी। हड़ताल का सबसे ज्यादा असर सरकारी बैंकों की शाखाओं में होने वाले रोजमर्रा के कामकाज पर पड़ सकता है। हालांकि ATM, UPI, नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है। बैंकिंग यूनियनों ने साफ किया है कि अगर उनकी मांगों पर सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:- ‘हनुमान अंश’ फिल्म छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री, CM साय ने की घोषणा; राज्यपाल रमेन डेका और विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी देखी फिल्म

11 सितंबर की हड़ताल में देश के प्रमुख सरकारी बैंकों के कर्मचारी शामिल हैं। इनमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, केनरा बैंक, यूको बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक और बैंक ऑफ इंडिया शामिल हैं। वहीं HDFC बैंक, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और इंडसइंड बैंक जैसे प्रमुख निजी बैंकों की सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी। हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में होने वाले कई काम प्रभावित हो सकते हैं। इनमें कैश जमा और निकासी, पासबुक अपडेट, चेक क्लियरेंस, बैंक ड्राफ्ट से जुड़े काम, लोन प्रोसेसिंग और शाखा स्तर पर होने वाले अन्य बैंकिंग कार्य शामिल हैं। हालांकि डिजिटल बैंकिंग सेवाओं पर हड़ताल का असर अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है। (Bank Strike in India)

ये सेवाएं रहेंगी चालू

ग्राहक हड़ताल के दौरान ATM, UPI, नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके अलावा बैंक मित्र और कस्टमर सर्विस पॉइंट के जरिए मिलने वाली सेवाएं भी उपलब्ध रहने की उम्मीद है। यानी जिन ग्राहकों को जरूरी नकद निकासी या जमा करनी है, उन्हें शाखा बंद रहने की स्थिति में ATM और डिजिटल विकल्पों का इस्तेमाल करना होगा। बैंक यूनियनों की सबसे प्रमुख मांग 5-डे बैंकिंग लागू करने की है। UFBU का कहना है कि 8 मार्च 2024 को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के साथ 12वें द्विपक्षीय समझौते और 9वें जॉइंट नोट पर हस्ताक्षर किए गए थे। इसमें 5-डे बैंकिंग लागू करने के प्रस्ताव पर सहमति बनी थी। प्रस्ताव के मुताबिक कर्मचारियों को सोमवार से शुक्रवार तक काम करना होगा और इसके बदले रोजाना कामकाज का समय करीब 40 मिनट बढ़ाया जाना है। IBA की ओर से प्रस्ताव को मंजूरी देकर केंद्र सरकार के पास भेजे जाने के बावजूद अब तक वित्त मंत्रालय से अंतिम मंजूरी नहीं मिलने का आरोप यूनियनों ने लगाया है।

अभी महीने में दो शनिवार की रहती है छुट्टी

यूनियनों का कहना है कि समझौते को दो साल से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन 5-डे बैंकिंग को लागू नहीं किया गया है। इसी देरी को लेकर बैंक कर्मचारी संगठनों में नाराजगी है। वर्तमान व्यवस्था के तहत बैंकों में महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी रहती है। बाकी शनिवार को बैंक खुले रहते हैं। 5-डे बैंकिंग लागू होने के बाद हर शनिवार बैंक बंद रहेंगे। इसके बदले सोमवार से शुक्रवार तक कर्मचारियों के कामकाज के समय में प्रतिदिन करीब 40 मिनट की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। बैंक यूनियनों का विरोध सिर्फ 5-डे बैंकिंग तक सीमित नहीं है। वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग की ओर से जारी नई परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव गाइडलाइंस को लेकर भी UFBU ने आपत्ति जताई है। यूनियनों का आरोप है कि नई व्यवस्था में वरिष्ठ अधिकारियों और निचले स्तर के कर्मचारियों के बीच इंसेंटिव को लेकर बड़ा अंतर किया गया है।

PLI विवाद श्रम आयुक्त और हाईकोर्ट तक पहुंचा

प्रस्तावित व्यवस्था के मुताबिक स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों को व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम 365 दिनों के बेसिक पे के बराबर PLI मिल सकता है। वहीं वर्कमेन और स्केल I से III के कर्मचारियों के लिए अधिकतम इंसेंटिव 15 दिनों के बेसिक पे और डीए तक सीमित रहेगा। यूनियनों का तर्क है कि PLI बैंक के समग्र प्रदर्शन पर आधारित होना चाहिए और स्केल VII तक सभी कर्मचारियों के लिए इंसेंटिव की व्यवस्था में समानता होनी चाहिए। UFBU का यह भी आरोप है कि नई गाइडलाइन IBA और बैंक कर्मचारी संगठनों के बीच हुए समझौते की भावना के विपरीत है। PLI स्कीम को लेकर विवाद अब कानूनी और सुलह प्रक्रिया तक पहुंच चुका है। मामला मुख्य श्रम आयुक्त के समक्ष सुलह प्रक्रिया में लंबित है। इसके अलावा नई इंसेंटिव व्यवस्था को दिल्ली हाईकोर्ट में भी चुनौती दी गई है। (Bank Strike in India)

तीन चरणों में आंदोलन का ऐलान

बैंक यूनियनों की मांग है कि इंसेंटिव स्कीम को लेकर बैंक प्रबंधन और कर्मचारी संगठनों के बीच द्विपक्षीय बातचीत हो और कर्मचारियों की आपत्तियों को दूर करते हुए इसमें संशोधन किया जाए। बैंक यूनियनों ने मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को तीन चरणों में आगे बढ़ाने का ऐलान किया है। पहला चरण के तहत आज एक दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जा रही है। इसके बाद 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। दूसरे चरण के तहत 28 सितंबर से 30 सितंबर तक लगातार तीन दिनों की हड़ताल का प्रस्ताव है। वहीं तीसरे चरण के तहत अगर इसके बाद भी मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है। 5-डे बैंकिंग और PLI के अलावा बैंक कर्मचारी संगठन लंबे समय से लंबित पेंशन संबंधी मांगों को भी आंदोलन में शामिल कर रहे हैं। (Bank Strike in India)

ग्राहकों के लिए क्या मायने ?

यूनियनों की प्रमुख मांगों में सभी पेंशनभोगियों के लिए पेंशन अपडेशन और सुधार, सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए एक समान महंगाई भत्ता फॉर्मूला और NPS के तहत आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना यानी OPS में जाने का विकल्प शामिल है। लगातार तीन दिन बैंक शाखाएं बंद रहने से जिन ग्राहकों को शाखा में जाकर कैश जमा या निकासी, चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट या लोन से जुड़े काम कराने हैं, उन्हें परेशानी हो सकती है। ऐसे में जरूरी बैंकिंग काम पहले निपटाना या डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करना बेहतर रहेगा। हालांकि UPI, ATM, नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी सेवाएं उपलब्ध रहने से रोजमर्रा के डिजिटल लेनदेन पर असर सीमित रहने की उम्मीद है। बैंक यूनियनों का कहना है कि 5-डे बैंकिंग समेत उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। अब सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा और 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की स्थिति बन सकती है।

Back to top button
error: Content is protected !!