भीषण सड़क हादसा, रायपुर से नागपुर जा रही बोलेरो के उड़े परखच्चे; 8 की मौत
महाराष्ट्र के भंडारा में दर्दनाक हादसा; तीन लोग गंभीर घायल, दो जेसीबी से निकाली गई गाड़ी
Road Accident News : महाराष्ट्र के भंडारा जिले में आज शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए सकोली उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा सुबह करीब 4 बजे नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर पिंपलगांव सड़क के पास ट्रक और बोलेरो की जोरदार टक्कर से हुआ।
रायपुर से नागपुर जा रहे थे सभी लोग
जानकारी के अनुसार, बोलेरो सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ के रायपुर से नेशनल हाईवे-53 के रास्ते नागपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पिंपलगांव के पास उनकी गाड़ी की ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। (Road Accident News)
भंडारा के पुलिस अधीक्षक नरुल हसन ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक और पिकअप वैन की टक्कर में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हुई है। तीन अन्य लोग घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दो जेसीबी की मदद से निकाली गई गाड़ी
हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो ट्रक में बुरी तरह फंस गई थी। गाड़ी को बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद ली गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। (Road Accident News)
यह भी पढ़े :- BRICS 2026 – ब्रिक्स मंच से भारत का संदेश: बाजार खोलें, व्यापार नियम आसान बनाएं



