Google Analytics —— Meta Pixel

‘प्रतिद्वंद्वी नहीं, साझेदार हैं भारत-चीन’, मोदी-जिनपिंग की मुलाकात पर चीन का बड़ा बयान

शी जिनपिंग बोले- दोनों देश एक-दूसरे के विकास के लिए अवसर हैं, खतरे नहीं; द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर

BRICS Summit 2026 : चीन ने भारत के साथ अपने संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया है। चीनी विदेश मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने शनिवार को नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान शी जिनपिंग ने कहा कि चीन और भारत साझेदार हैं, प्रतिद्वंद्वी नहीं और दोनों देश एक-दूसरे के विकास के लिए अवसर हैं, खतरे नहीं।

चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि पिछले दो वर्षों में राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो बार मुलाकात हुई है। इन बैठकों से दोनों देशों के संबंधों में सुधार आया है। दोनों देशों के बीच संस्थागत स्तर पर संवाद और आदान-प्रदान धीरे-धीरे फिर शुरू हुआ है। साथ ही सहयोग के क्षेत्रों का विस्तार हुआ है और द्विपक्षीय व्यापार नई ऊंचाई पर पहुंचा है। (BRICS Summit 2026)

एक-दूसरे की ताकत से सीखने पर जोर

चीनी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत और चीन की राष्ट्रीय परिस्थितियां अलग-अलग हैं, लेकिन दोनों देश एक-दूसरे की ताकत से सीख सकते हैं और एक-दूसरे का समर्थन करते हुए साझा विकास की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

शी जिनपिंग ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जटिल और अस्थिर परिस्थितियों के बीच दुनिया के दो सबसे अधिक आबादी वाले देशों और वैश्विक दक्षिण के महत्वपूर्ण सदस्यों के रूप में भारत और चीन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं। दोनों देशों को अपने लोगों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए ब्रिक्स सहयोग को मजबूत करना चाहिए और विश्व शांति, स्थिरता, विकास व समृद्धि के लिए सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

शी जिनपिंग ने बताए चार प्रमुख बिंदु

चीनी राष्ट्रपति ने भारत-चीन संबंधों के स्थिर और दीर्घकालिक विकास के लिए चार प्रमुख बिंदुओं पर जोर दिया।

पहला- रणनीतिक समझ के आधार पर दिशा तय करना।

शी जिनपिंग ने कहा कि दोनों देशों को वस्तुनिष्ठ और तर्कसंगत रणनीतिक समझ के आधार पर आगे बढ़ना चाहिए। चीन और भारत साझेदार हैं, प्रतिद्वंद्वी नहीं। दोनों देशों को एक-दूसरे के विकास को खतरे के बजाय अवसर के रूप में देखना चाहिए।

दूसरा- पारस्परिक लाभ वाले सहयोग को बढ़ावा देना।

दोनों देशों को विकास को साझा आधार मानते हुए मैत्रीपूर्ण आदान-प्रदान और पारस्परिक लाभ वाले सहयोग को मजबूत करना चाहिए।

तीसरा- आपसी सम्मान और समझ बनाए रखना।

शी ने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंधों और सीमा से जुड़े मुद्दों का समानांतर विकास होना चाहिए। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखने की दिशा में प्रयास जारी रहने चाहिए।

चौथा- बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करना।

भारत और चीन को खुले और समावेशी बहुपक्षीय सहयोग के जरिए वैश्विक स्तर पर योगदान देना चाहिए। दोनों देशों को ब्रिक्स में एक-दूसरे की अध्यक्षता का समर्थन करने के साथ संयुक्त राष्ट्र, शंघाई सहयोग संगठन और जी20 जैसे मंचों पर सहयोग मजबूत करना चाहिए।

वैश्विक चुनौतियों पर मिलकर काम करने की अपील

चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और चीन को वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करना चाहिए। साथ ही अंतरराष्ट्रीय निष्पक्षता और न्याय की रक्षा के लिए भी दोनों देशों को सहयोग बढ़ाना चाहिए। (BRICS Summit 2026)

यह भी पढ़े :- गरीबों के सपने पूरे करने छत्तीसगढ़ सरकार का संवेदनशील निर्णय, PM आवास योजना में पात्रता का बढ़ाया दायरा

Back to top button
error: Content is protected !!