Google Analytics —— Meta Pixel

BRICS Summit 2026: PM मोदी ने बताया भारत का विजन, बोले- विविधता हमारी पहचान, सहयोग हमारी प्रेरणा और प्रगति पूरी मानवता के काम आए

BRICS Summit 2026:18वें ब्रिक्स समिट के आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक चुनौतियों के बीच सहयोग, नवाचार और समावेशी विकास की जरूरत पर जोर दिया। ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता: समावेशी वैश्विक विकास के लिए भविष्य को आकार देना’ विषय पर सम्मेलन के सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि ब्रिक्स के विस्तृत परिवार में आप सभी का हार्दिक स्वागत है।इस सभागार ने अलग-अलग महाद्वीपों, संस्कृतियों और विकास यात्राओं को एक साथ जोड़ा है। यह ब्रिक्स की बढ़ती ताकत, आकर्षण और अभूतपूर्व विश्वास का प्रमाण है। भारत की अध्यक्षता में हमने अपने सभी प्रयासों को लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता जैसे चार स्तंभों पर केंद्रित किया है।

यह भी पढ़ें:- ब्रिक्स में PM मोदी ने वैश्विक व्यवस्था पर उठाए सवाल, बोले- ग्लोबल साउथ को सिर्फ नियम मानने वाला नहीं, नियम बनाने वाला बनाना होगा

PM मोदी ने कहा कि मुझे खुशी है कि आप सभी के सहयोग और समर्थन से हम अपने साझा दृष्टिकोण को परस्पर लाभकारी सहयोग में बदल सके हैं। आज विश्व में तनावों की संख्या लगातार बढ़ रही है और इसका सामान्य मानव के जीवन पर बहुत नकारात्मक और व्यापक प्रभाव पड़ रहा है। महामारियों, जलवायु संबंधी आपदाओं और आपूर्ति शृंखला में आने वाली बाधाओं ने दिखाया है कि आज की परस्पर जुड़ी हुई दुनिया में कोई भी संकट केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहता। इसलिए हमने ब्रिक्स समूह में लचीलेपन को बढ़ाने पर विशेष बल दिया है। चुनौतियों को समय रहते पहचानना, उनके लिए तैयार रहना और तुरंत कार्रवाई करना भी उतना ही आवश्यक है। इसी सोच के साथ संक्रामक रोगों की रोकथाम और उनसे निपटने के लिए ब्रिक्स एकीकृत प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली पर सहमति बनी है। (BRICS Summit 2026)

उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के लिए प्रारंभिक चेतावनी संबंधी आंकड़ों के एकीकरण के दिशा-निर्देश तैयार किए गए हैं। ब्रिक्स लॉजिस्टिक्स आपूर्ति शृंखला सहयोग ढांचा हमारी आपूर्ति शृंखलाओं को ज्यादा विश्वसनीय और लचीला बनाने में सहायक होगा।नवाचार के अंतर्गत ब्रिक्स इनक्यूबेटर नेटवर्क हमारे स्टार्ट-अप और नवाचार केंद्रों को आपस में जोड़ेगा। नवोन्मेषी और बड़े स्तर पर लागू किए जा सकने वाले समाधानों को बढ़ावा देने के लिए हमने ब्रिक्स स्टार्ट-अप नवाचार कोष का प्रस्ताव रखा है। ब्रिक्स डिजिटल कृषि नेटवर्क किसानों के लिए नई संभावनाएं तैयार करेगा। इसके माध्यम से कृत्रिम बुद्धिमत्ता, भू-स्थानिक प्रौद्योगिकी और डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना को किसानों की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ा जाएगा।

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि प्रौद्योगिकी और महत्वपूर्ण खनिजों का हथियारीकरण हमारी साझा प्रगति में बाधा बन सकता है। इसलिए हमने प्रौद्योगिकी को अपनाने में समावेशिता पर बल दिया है। भारत ने ब्रिक्स के मंच से मित्रता, सहभागिता और सहयोग को आगे बढ़ाया है। हमारा प्रयास रहा है कि ब्रिक्स का सहयोग केवल सरकारों तक सीमित न रहे। हमारे उद्यमी, किसान, शोधकर्ता, महिलाएं, युवा और सामान्य नागरिक भी इसके सक्रिय भागीदार बनें। हमने ब्रिक्स कनेक्ट के माध्यम से कौशल विकास, रोजगार-योग्यता, कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी, सामाजिक सुरक्षा और क्षमता निर्माण को बढ़ावा दिया है। छोटे उद्यमों को ज्ञान, वित्त और नए बाजारों से जोड़ने के लिए ब्रिक्स सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम सहयोग पोर्टल की पहल की गई है। हमारे शहरों के बीच सर्वोत्तम कार्य-पद्धतियों को साझा करने के लिए ब्रिक्स शहरी गतिशीलता केंद्र की स्थापना की गई है। (BRICS Summit 2026)

Pakistan on BRICS Summit

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय सभ्यता में प्रकृति को मां का दर्जा दिया गया है। सदियों से हमारी मान्यता रही है कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विकल्प नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं। ब्रिक्स में भी हमने मानव विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन पर बल दिया है। यही स्थिरता का आधार है। यह भावी पीढ़ियों के प्रति हमारा दायित्व भी है। इस दिशा में हमने कई पहलुओं पर प्रगति की है। स्मार्ट ग्रिड और ऊर्जा भंडारण के लिए हमने ब्रिक्स डिजिटल उत्कृष्टता केंद्र बनाया है। यह हमारे स्वच्छ ऊर्जा तंत्र को अधिक विश्वसनीय, कुशल और सभी के लिए सुलभ बनाने में मदद करेगा। कृषि-पारिस्थितिकी और पुनर्योजी कृषि के उत्कृष्टता केंद्र पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक विज्ञान से जोड़ेंगे। समुदाय-आधारित जलवायु अनुकूलन के लिए तैयार किए गए सिद्धांत, स्थानीय और पारंपरिक ज्ञान को जलवायु कार्रवाई का महत्वपूर्ण आधार बनाएंगे।

 

PM मोदी ने कहा कि इन चारों स्तंभों पर आगे बढ़ते हुए ब्रिक्स के माध्यम से हमने समावेशी वैश्विक विकास को बढ़ावा देने का प्रयास किया है। क्योंकि हमारा मानना है कि ब्रिक्स में विकसित समाधानों का लाभ केवल ब्रिक्स तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इन्हें वैश्विक दक्षिण की आवश्यकताओं के अनुरूप अनुकूलनीय और सुलभ बनाना चाहिए। मैं अपने निजी अनुभव से कह सकता हूं कि ब्रिक्स में वैश्विक दक्षिण के देशों का विश्वास बढ़ा है, क्योंकि ब्रिक्स में उनकी आवाज सुनी जाती है। उनके अनुभव का सम्मान होता है और समाधान उनके लिए नहीं, बल्कि उनके साथ मिलकर बनाए जाते हैं। ब्रिक्स की शक्ति हमारी विविधता और सहयोग में है। हम अलग-अलग वास्तविकताओं और परिस्थितियों में अपनी जड़ें रखते हैं, लेकिन सहयोग के माध्यम से मिलकर आगे बढ़ते हैं और पूरी मानवता के लिए समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करते हैं। हमारी विविधता हमारी पहचान बनी रहे, हमारा सहयोग हमारी प्रेरणा बने और हमारी प्रगति पूरी मानवता के काम आए। (BRICS Summit 2026)

Back to top button
error: Content is protected !!