पत्नी को आपत्तिजनक हालत में देखा तो भड़का पति, झाड़ियों में छिपी पत्नी को चाकू से मारा

गौरेला। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गौरेला स्थित औद्योगिक क्षेत्र अंजनी में जेपी एग्रोटेक मिल के पीछे झाड़ियों में मिले महिला के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, पति ने पत्नी को कथित तौर पर एक युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद गुस्से में उसने पत्नी का पीछा किया और झाड़ियों में चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति सुमित यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
झाड़ियों में मिला था महिला का शव
दो दिन पहले जेपी एग्रोटेक मिल के पीछे झाड़ियों में एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। एक महिला चरवाहे ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मी पिछले करीब सात वर्षों से अपने पति सुमित यादव और दो बच्चों के साथ मिल परिसर स्थित लेबर रूम में रह रही थी। शव की जांच के दौरान गले पर चोट के निशान मिले। पोस्टमॉर्टम और प्रारंभिक जांच में चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई।
पूछताछ में पति के बयानों से हुआ शक
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के पति सुमित यादव से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसके बयान लगातार बदल रहे थे और वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहा था। इससे पुलिस का शक उस पर गहराता गया।
महिला के अंतिम संस्कार के बाद पुलिस ने सुमित को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि कड़ाई से पूछताछ में उसने हत्या की वारदात कबूल कर ली।
पत्नी को युवक के साथ देखने के बाद किया पीछा
पुलिस के मुताबिक, सुमित ने पूछताछ में बताया कि उसने रात में अपनी पत्नी लक्ष्मी को जितेंद्र मंडल के साथ कथित आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। सुमित को देखते ही जितेंद्र मौके से भाग गया, जबकि लक्ष्मी भी वहां से भागकर झाड़ियों में छिप गई।
आरोप है कि सुमित ने झाड़ियों में जाकर लक्ष्मी को खोजा और उसके मिलने पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वापस अपने कमरे में लौट गया और अगले दिन सामान्य तरीके से काम पर चला गया।
वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद
पुलिस ने मामले में धारा 103(1) BNS के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया था। आरोपी के कथित खुलासे के बाद पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। आरोपी सुमित यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मामले में हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़े :- ग्राम छुई में ग्रामीणों के बीच पहुंचे उप मुख्यमंत्री शर्मा, सुनी समस्याएं और विकास की मांगों पर की घोषणाएं



