आकाशवाणी के ‘बाल वाटिका’ कार्यक्रम में धौराभाठा के विद्यार्थियों की सहभागिता
रायपुर। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला धौराभाठा के विद्यार्थियों ने आकाशवाणी के लोकप्रिय ‘बाल वाटिका’ कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए शिक्षा के महत्व और अपने अनुभवों पर विचार साझा किए। विद्यार्थियों की यह प्रस्तुति 17 सितंबर, गुरुवार को प्रातः 8:30 बजे आकाशवाणी से प्रसारित की जाएगी।

‘बाल वाटिका’ कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत बच्चों की प्रारंभिक अवस्था की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास पर केंद्रित है। कार्यक्रम में विद्यालय प्रवेश से पूर्व बच्चों को खेल, कहानी, गीत एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सीखने के अवसर उपलब्ध कराने की अवधारणा को प्रमुखता दी जाती है।
इस कार्यक्रम में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला धौराभाठा के विद्यार्थियों तारिणी, मयंक, सिमरन, हिमांशु, हिना, कृतिका, ख्याति, साक्षी, भाग्यश्री और हार्षिता सहित अन्य विद्यार्थियों ने आकाशवाणी के माध्यम से अपनी बात रखी। आकाशवाणी जैसे मंच पर प्रस्तुति देने का अवसर विद्यार्थियों के लिए सीखने के साथ-साथ आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति-कौशल विकसित करने का महत्वपूर्ण अनुभव रहा।
कार्यक्रम का संपूर्ण निर्देशन शाला की शिक्षिका डॉ. सरिता साहू ने किया, जबकि प्रस्तुतीकरण बीरभान साहू का रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में बैसाखू राम साहू, देवेन्द्र साहू और टिकेन्द्र साहू का भी सहयोग रहा।
शाला परिवार ने विद्यार्थियों की इस सहभागिता को शिक्षा के साथ रचनात्मक अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। आकाशवाणी जैसे व्यापक मंच पर विद्यार्थियों की आवाज पहुंचना शाला और क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय है।
यह भी पढ़े :- PM आवास पर बहस के बाद भिड़े BJP-कांग्रेस कार्यकर्ता, प्रेस क्लब के बाहर हंगामा, पुलिस से भी झड़प



