खारून नदी के तेज बहाव में बाइक समेत बहा युवक, SDRF ने बरामद किया शव

दुर्ग/पाटन। दुर्ग जिले के रानितराई थाना क्षेत्र में खारून नदी के एनीकट को पार करते समय एक युवक तेज बहाव की चपेट में आ गया। बाइक समेत नदी में गिरने से उसकी डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची SDRF की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर युवक का शव बरामद किया।
मृतक की पहचान धमतरी जिले के ग्राम तर्रागोंदी निवासी सुरेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर की शाम करीब 7 बजे सुरेंद्र बाइक से पाटन क्षेत्र के ओदरागहन स्थित खारून नदी के एनीकट को पार कर रहा था। इसी दौरान नदी का बहाव तेज होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक समेत पानी में जा गिरा।
सूचना मिलते ही शुरू हुआ रेस्क्यू
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना रानितराई थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम के साथ SDRF दुर्ग की टीम भी मौके पर पहुंची और नदी में युवक की तलाश शुरू की।
रेस्क्यू अभियान के दौरान SDRF के डीप डाइवर्स ने नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद सुरेंद्र का शव नदी से बरामद कर लिया गया। इसके बाद शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द किया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रानितराई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- WhatsApp APK Scam: फाइल डाउनलोड होते ही कारोबारी के खाते से 4.15 लाख गायब, पढ़े पूरी खबर



